Begin typing your search...

कौन हैं भारत के बिलिनियर लक्ष्मी मित्तल, जिनकी फैक्ट्री को यूक्रेन में रूस ने बनाया निशाना? 2 की मौत, 14 घायल

रूस ने यूक्रेन स्थित भारतीय कारोबारी लक्ष्मी मित्तल की स्टील की फैक्ट्री पर हमला किया, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई. साल 2006 में मित्तल स्टील ने यूरोप की प्रमुख कंपनी आर्सेलर का अधिग्रहण किया था.

Lakshmi Mittal steel plant attack
X

Lakshmi Mittal steel plant attack

( Image Source:  ANI, X/ @Uk_Eu_Ru )

भारतीय मूल के अरबपति उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के यूक्रेन स्थित क्रिवी रिह परिसर पर रूसी मिसाइल हमला हुआ है. यूक्रेन की सबसे बड़ी इस्पात इकाई माने जाने वाले इस औद्योगिक परिसर पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 कर्मचारी घायल हुए हैं. हमले के बाद ऊर्जा और भट्टी संयंत्रों को नुकसान पहुंचने के कारण कंपनी को अपना उत्पादन रोकना पड़ा.

यह हमला यूक्रेन की ओर से रूस पर किए गए बड़े पैमाने के ड्रोन हमलों के बाद हुआ. यूक्रेनी हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत की खबर है. रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रातभर चले हमलों के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में 822 ड्रोन को रोका गया. मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर एंड्री वोरोब्योव ने इसे हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया.

कौन हैं लक्ष्मी मित्तल?

लक्ष्मी निवास मित्तल भारत के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल हैं और वैश्विक स्टील कारोबार में उनकी बड़ी पहचान है. उन्हें अक्सर स्टील किंग के नाम से जाना जाता है. वह आर्सेलरमित्तल के कार्यकारी अध्यक्ष हैं, जो दुनिया की प्रमुख स्टील और खनन कंपनियों में शामिल है. मित्तल का जन्म 15 जून 1950 को राजस्थान के सादुलपुर में एक मारवाड़ी कारोबारी परिवार में हुआ था. उन्होंने कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से वाणिज्य में स्नातक की पढ़ाई पूरी की.

कैसे शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय सफर?

लक्ष्मी मित्तल ने 1976 में इंडोनेशिया में घाटे में चल रहे एक स्टील प्लांट का अधिग्रहण कर अंतरराष्ट्रीय स्टील कारोबार में अपना सफर शुरू किया. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग देशों में स्टील कंपनियों का अधिग्रहण और विस्तार करते हुए अपने कारोबार को वैश्विक स्तर तक पहुंचाया. साल 2006 में मित्तल स्टील ने यूरोप की प्रमुख कंपनी आर्सेलर का अधिग्रहण किया. इस सौदे के बाद दोनों कंपनियों के विलय से आर्सेलरमित्तल अस्तित्व में आई और यह दुनिया की बड़ी इस्पात कंपनियों में शामिल हो गई.

2026 में लक्ष्मी मित्तल और अदार पूनावाला ने मिलकर इंडियन प्रीमियर लीग की टीम राजस्थान रॉयल्स में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है. भारतीय उद्योग जगत में योगदान के लिए लक्ष्मी मित्तल को भारत सरकार की ओर से देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है.

कितनी है नेटवर्थ?

2026 की दी गई Forbes और Bloomberg रिपोर्टों के अनुसार, लक्ष्मी मित्तल की अनुमानित संपत्ति करीब 31 अरब डॉलर से 33.9 अरब डॉलर के बीच बताई गई है. भारतीय रुपये में यह राशि लगभग 2.6 लाख करोड़ रुपये से 2.8 लाख करोड़ रुपये के बराबर बैठती है. उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा आर्सेलरमित्तल में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, कंपनी में उनकी हिस्सेदारी करीब 37 से 38 प्रतिशत के बीच है।

अगला लेख