अमेरिका में हिंदू सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे! Pew रिपोर्ट में खुलासा - कौन टॉप पर, कौन सबसे पीछे?
प्यू (Pew) रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अमेरिका में हिंदू सबसे ज्यादा शिक्षित हैं. जानें कौन-सा धर्म आगे और कौन पीछे, पूरी लिस्ट और वजह यहां पढ़ें.
आज के दौर में शिक्षा किसी भी समाज के लिए सफलता का सबसे बड़ा है. इसी को लेकर Pew Research Center की ताजा स्टडी ने एक बड़ा खुलासा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड स्टेट्स में धार्मिक समूहों के बीच शिक्षा के स्तर में बड़ा अंतर देखने को मिला है. एजुकेशन के मामले में हिंदू समुदाय सबसे आगे है. यह डेटा प्यू Religious Landscape Study के तहत सामने आया है, जिसे अमेरिका में धर्म और समाज पर किए गए सबसे बड़े सर्वे में से एक माना जाता है.
क्या कहती है प्यू स्टडी?
19 फरवरी को जारी प्यू (Pew) रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में 70% हिंदुओं के पास बैचलर डिग्री या उससे ज्यादा की शिक्षा है. इसके बाद 65% के साथ यहूदी समुदाय नाम नंबर दो पर आता है. वहीं, पूरे अमेरिका की वयस्क आबादी में यह आंकड़ा सिर्फ 35% है, जो यह दिखाता है कि कुछ धार्मिक समूह शिक्षा के मामले में औसत से काफी आगे हैं.
किन-किन धर्मों के लोग एजुकेशन में आगे हैं?
स्टडी के अनुसार हिंदू और यहूदी समुदाय के अलावा मुस्लिम, बौद्ध और ऑर्थोडॉक्स क्रिश्चियन भी औसत से बेहतर स्थिति में हैं. इन समूहों में 40% से ज्यादा लोगों के पास बैचलर डिग्री या उससे ऊपर की पढ़ाई है. इसके अलावा, मेनलाइन प्रोटेस्टेंट क्रिश्चियन भी राष्ट्रीय औसत से ऊपर पाए गए हैं.
कौन-से धार्मिक समूह पीछे रह गए?
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि कुछ बड़े धार्मिक समूह एजुकेशन के मामले में पीछे हैं. इनमें इवेंजेलिकल प्रोटेस्टेंट, कैथोलिक और ऐतिहासिक ब्लैक प्रोटेस्टेंट चर्च शामिल हैं, जहां ग्रेजुएट्स की संख्या राष्ट्रीय औसत से कम है. यह अंतर बताता है कि धार्मिक समुदायों के बीच शिक्षा का स्तर समान नहीं है.
आखिर हिंदू समुदाय सबसे आगे क्यों?
प्यू रिपोर्ट के मुताबिक, इसका बड़ा कारण इमिग्रेशन और प्रोफेशनल बैकग्राउंड है. अमेरिका में रहने वाले कई हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध उच्च शिक्षा या स्किल्ड वर्कर प्रोग्राम के जरिए वहां पहुंचे हैं. इस वजह से इन समुदायों में पहले से ही पढ़े-लिखे लोगों की संख्या ज्यादा है, जो आंकड़ों में भी साफ दिखाई देता है.
कितने लोगों पर हुई यह स्टडी?
यह सर्वे 17 जुलाई 2023 से 4 मार्च 2024 के बीच किया गया, जिसमें कुल 36,908 अमेरिकी वयस्कों ने हिस्सा लिया. इसे अमेरिका में धर्म और पब्लिक लाइफ को समझने के लिए सबसे व्यापक अध्ययनों में गिना जा रहा है.
रिपोर्ट से क्या संकेत मिलते हैं?
यह रिपोर्ट साफ संकेत देती है कि शिक्षा का स्तर सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक और इमिग्रेशन पैटर्न से भी जुड़ा होता है. साथ ही, यह भी दिखाता है कि अमेरिका में अलग-अलग धार्मिक समुदायों के बीच अवसर और पहुंच में बड़ा अंतर मौजूद है, जो आने वाले समय में सामाजिक और आर्थिक प्रभाव डाल सकता है.




