Begin typing your search...

सुपर-8 से पहले बजी खतरे की घंटी! टीम की कमजोर कड़ी हुई उजागर, क्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ संभल पाएगा भारत?

भारत ने ग्रुप स्टेज में सभी मैच जीते, लेकिन सुपर-8 से पहले टीम की धीमी बल्लेबाज़ी चिंता का कारण बन गई है. सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट सवालों में है. दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह कमजोरी भारी पड़ सकती है.

T20 World Cup 2026 Super-8 team india match full schedule
X

भारतीय टीम

( Image Source:  BCCI )

India vs South Africa T20 World Cup Super 8 Match: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबलों में आज भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से अहमदाबाद में होने जा रहा है. ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीतने के बावजूद भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी पूरी तरह भरोसेमंद नहीं दिखी है. हर मैच में कोई न कोई खिलाड़ी टीम को संभाल लेता था, लेकिन बड़े मुकाबलों में ऐसा हर बार हो, इसकी गारंटी नहीं है.

सबसे बड़ी चिंता मिडिल ऑर्डर की धीमी बल्लेबाज़ी को लेकर है. ओपनर अभिषेक शर्मा के लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने से ज्यादा चर्चा सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही है. यूएसए के खिलाफ पहले मैच में टीम मुश्किल में थी, तब सूर्यकुमार ने संभलकर खेलते हुए बाद में तेज रन बनाए और टीम को बचाया, लेकिन उसके बाद से वह उसी अंदाज में खेल रहे हैं और खुलकर रन बनाने की कोशिश में आउट हो जा रहे हैं.

सूर्यकुमार यादव ने T20 World Cup 2026 में कितने रन बनाए हैं?

टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव ने 4 मैचों में 162 रन बनाए हैं, औसत 54 और स्ट्राइक रेट 136 के आसपास है, जो देखने में ठीक लगता है, लेकिन इसमें ज्यादातर रन एक ही पारी से आए हैं. दूसरी ओर तिलक वर्मा ने 4 मैचों में सिर्फ 106 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 120 के करीब है, जो टी20 के हिसाब से धीमा माना जाता है. ऐसा लग रहा है कि वह क्रीज पर सहज नहीं हैं.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्या करेगी टीम इंडिया?

अब सुपर-8 में भारत को दक्षिण अफ्रीका के अलावा वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे जैसी मजबूत टीमों से खेलना है. खासकर दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज़ी बहुत खतरनाक मानी जाती है. एडेन मार्करम, क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर जैसे खिलाड़ी किसी भी लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं या बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते हैं. ऐसे में अगर भारत की बल्लेबाज़ी धीमी रही तो मुश्किल बढ़ सकती है.

संजय मांजरेकर ने क्या कहा?

पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने भी सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाज़ी को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि यूएसए के खिलाफ मैच में स्थिति के कारण सूर्यकुमार ने अपनी शैली बदली थी, लेकिन अब वह जरूरत से ज्यादा सावधानी बरत रहे हैं, जो टीम के लिए खतरे की घंटी हो सकती है.

क्रिकेट न्‍यूजटी-20 वर्ल्‍ड कप
अगला लेख