Begin typing your search...

IND Vs SA Super-8 Match: साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्या होगी टीम इंडिया की प्लेइंग 11? कैप्टन सूर्या ने दे दिया इशारा

सुपर-8 मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग इलेवन में बदलाव की अटकलों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा टीम की योजना के अनुसार खेल रहे हैं. संजू सैमसन को शामिल करने के लिए किसी को बाहर करने की जरूरत नहीं है.

suryakumar yadav press conference photo
X

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव

( Image Source:  ANI )

India Vs South Africa Super-8 Match: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप सुपर-8 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग इलेवन को लेकर चल रही अटकलों पर साफ जवाब दिया है. सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज थी कि संजू सैमसन को मौका देने के लिए अभिषेक शर्मा या तिलक वर्मा को बाहर किया जा सकता है, लेकिन कप्तान ने हंसते हुए इन खबरों को खारिज कर दिया और कहा कि टीम में किसी बदलाव की जरूरत नहीं है.

सूर्या ने कहा कि पावर-प्ले में टीम अच्छी शुरुआत कर रही है और 40-50 रन बनाना सामान्य बात है. हालांकि, इस टूर्नामेंट में पिचें थोड़ी अलग और चुनौतीपूर्ण रही हैं, खासकर ऑफ-स्पिन गेंदबाजी पहले से ज्यादा असरदार हो गई है. इसी वजह से टीम ने अपनी तैयारी में बदलाव किया है ताकि सुपर-8 में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके.

संजू सैमसन ने क्यों नेट्स में बहाया पसीना?

20 फरवरी को टीम इंडिया ने अहमदाबाद में लंबा अभ्यास सत्र किया, जिसमें सभी खिलाड़ियों ने करीब चार घंटे तक नेट्स में पसीना बहाया. संजू सैमसन का ज्यादा देर तक अभ्यास करना भी इसी सामान्य रूटीन का हिस्सा था, कोई खास संकेत नहीं.

क्या अभिषेक शर्मा का खुलेगा खाता?

ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला अभी तक टूर्नामेंट में नहीं चला है, लेकिन टीम मैनेजमेंट को उनकी फॉर्म की चिंता नहीं है. सूर्या ने कहा कि यह टीम गेम है. कभी कोई खिलाड़ी टीम को संभालता है, तो कभी टीम खिलाड़ी को संभालती है. उन्होंने भरोसा जताया कि जब अभिषेक चलेंगे तो विरोधी टीमों के लिए मुश्किल खड़ी कर देंगे.

मिडिल ओवरों में धीमी बल्लेबाजी को लेकर क्यों लेकर उठ रहे सवाल?

मिडिल ओवरों में धीमी बल्लेबाजी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, खासकर तिलक वर्मा के स्ट्राइक रेट पर.. कप्तान ने साफ किया कि तिलक टीम की रणनीति के अनुसार खेल रहे हैं. अगर जल्दी विकेट गिर जाएं तो उनका काम पारी को संभालना होता है, ताकि बाद में फिनिशर तेज रन बना सकें.

टीम मैनेजमेंट ने क्या कहा?

टीम मैनेजमेंट ने बल्लेबाजी क्रम में लचीलापन रखने की बात भी कही है. जरूरत पड़ने पर हार्दिक पांड्या या शिवम दुबे को ऊपर भेजा जा सकता है, ताकि मैच-अप के हिसाब से फायदा उठाया जा सके. कुल मिलाकर, कप्तान ने साफ संकेत दिया है कि टीम अपने मौजूदा संयोजन पर भरोसा रख रही है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है.

क्रिकेट न्‍यूजटी-20 वर्ल्‍ड कपस्‍पोर्ट्स न्‍यूज
अगला लेख