‘Thucydides Trap’ क्या? यह ट्रंप-शी की मुलाकात में क्यों आया सामने, क्या अमेरिका-चीन के बीच टल सकता है टकराव
Thucydides Trap क्या है? जानिए अमेरिका-चीन की बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा, ट्रंप-शी मुलाकात में इसके जिक्र और सैन्य टकराव के जोखिम से जुड़ी पूरी कहानी.
जब दुनिया की दो बड़ी ताकतें जब आमने-सामने आती हैं तो टकराव सिर्फ सीमा, हथियार या व्यापार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरी विश्व व्यवस्था का संतुलन बदलने लगता है. इतिहास में कई बार ऐसा हुआ है कि एक उभरती शक्ति की बढ़ती ताकत ने पहले से स्थापित महाशक्ति की चिंता बढ़ाई और प्रतिस्पर्धा धीरे-धीरे संघर्ष में बदल गई. इसी ऐतिहासिक पैटर्न को समझाने के लिए ‘Thucydides Trap’ का इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में इस्तेमाल होता है. आज अमेरिका और चीन के रिश्ते इसी बहस के केंद्र में हैं. व्यापार से लेकर तकनीक, ताइवान से लेकर सैन्य शक्ति तक दोनों के बीच खींचतान है. ऐसे में ट्रंप-शी की बातचीत में इस ‘ट्रैप’ का जिक्र विश्व राजनीति के लिए खास संदेश देता है.
‘Thucydides Trap’ क्या होता है?
‘Thucydides Trap’ (थ्यूसिडाइड्स ट्रैप) इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में उस स्थिति को समझाने वाला कॉन्सेप्ट है, जब एक तेजी से उभरती शक्ति, किसी सुपरपॉवर की सत्ता को चुनौती देने लगता है और दोनों के बीच तनाव तथा संघर्ष का जोखिम बढ़ जाता है. यह नाम यूनानी इतिहासकार थ्यूसिडाइड्स से जुड़ा है, जिन्होंने एथेंस के बढ़ते प्रभाव और उससे स्पार्टा में पैदा हुए भय को पेलोपोनेशियन युद्ध की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण माना था.
आज के दौर में हार्वर्ड के राजनीतिक वैज्ञानिक Graham Allison ने इसी ऐतिहासिक पैटर्न को ‘Thucydides Trap’ नाम दिया. हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि ऐसी हर प्रतिस्पर्धा युद्ध में ही बदलती है.
जियोपॉलिटिक्स में क्यों होता है इस टर्म का इस्तेमाल?
इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में दो सुपरपॉवर के बीच तनाव को समझने के लिए किया जाता है. जब कोई उभरती शक्ति आर्थिक, सैन्य, तकनीकी और रणनीतिक क्षमता में तेजी से आगे बढ़ती है, तो स्थापित शक्ति को अपने प्रभाव और सुरक्षा को लेकर चिंता हो सकती है. दूसरी तरफ उभरती शक्ति अपने बढ़ते प्रभाव के अनुरूप वैश्विक भूमिका चाहती है. यही स्थिति अविश्वास, सुरक्षा दुविधा, रणनीतिक प्रतिस्पर्धा और प्रभाव क्षेत्रों की होड़ को बढ़ा सकती है. Graham Allison ने अपने अध्ययन के आधार पर इस पैटर्न को आधुनिक अमेरिका-चीन संबंधों से जोड़ा.
जिनपिंग ने ट्रंप के साथ बैठक में क्यों उठाया यह मुद्दा?
व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान शी जिनपिंग ने ‘Thucydides Trap’ का संदर्भ ऐसे समय उठाया, जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस टेक्नोलॉजी और ताइवान जैसे मुद्दों पर रणनीतिक प्रतिस्पर्धा बनी हुई है. जिनपिंग का संदेश था कि दोनों बड़ी शक्तियों के बीच प्रतिस्पर्धा को सैन्य टकराव में बदलने से रोकना जरूरी है.
उन्होंने सहयोग, संवाद और आपसी समझ को इस जोखिम को कम करने का रास्ता बताया तथा दोनों सेनाओं के बीच नियमित संपर्क और संकट-प्रबंधन तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया. ट्रंप की ओर से भी बातचीत जारी रखने और दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया गया.
दो सुपरपॉवर्स के बीच कब पैदा होते हैं ऐसे हालात?
ऐसे हालात तब बन सकते हैं, जब वैश्विक शक्ति-संतुलन में तेज बदलाव हो और उभरती शक्ति स्थापित महाशक्ति के प्रभाव को चुनौती देने लगे. आर्थिक ताकत के साथ सैन्य क्षमता, तकनीकी बढ़त, रणनीतिक गठबंधन और क्षेत्रीय प्रभाव भी प्रतिस्पर्धा को बढ़ा सकते हैं. समस्या तब और जटिल होती है, जब दोनों देशों के बीच अविश्वास और सुरक्षा चिंता बढ़ने लगे. ऐसी स्थिति में ताइवान जैसे संवेदनशील क्षेत्र, समुद्री गतिविधियां, तकनीकी प्रतिबंध या व्यापारिक विवाद किसी बड़े संकट का कारण बन सकते हैं. यही वजह है कि Thucydides Trap में केवल शक्ति की तुलना नहीं, बल्कि गलत आकलन और संकट के अनियंत्रित होने के जोखिम को भी देखा जाता है.
‘Thucydides Trap’ से तनाव कम करने का रास्ता क्या?
‘Thucydides Trap’ खुद तनाव कम करने का कोई उपाय नहीं, बल्कि संभावित टकराव को समझने का एक ढांचा है. इससे बचने के लिए इतिहास में जिन उपायों से बड़े संघर्ष को टालने की कोशिश हुई, उनमें कूटनीति, हाई लेवल डायलॉग, सैन्य संपर्क, क्राइसिस कम्युनिकेशन और साझा हितों पर सहयोग प्रमुख रहे हैं. अमेरिका-चीन के मामले में नियमित सैन्य बातचीत का महत्व इसलिए बढ़ जाता है, क्योंकि किसी दुर्घटना या गलतफहमी को तत्काल संवाद के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है. इसी संदर्भ में जिनपिंग ने दोनों सेनाओं के बीच संवाद और संकट-प्रबंधन तंत्र मजबूत करने की बात कही.
जियोपॉलिटिक्स में कब-कब दिखा ‘Thucydides Trap’?
Graham Allison और Harvard के Belfer Center के शोध में पिछले करीब 500 वर्षों के 16 ऐसे मामलों की पहचान की गई, जिनमें एक उभरती शक्ति ने स्थापित शक्ति की स्थिति को चुनौती दी. अध्ययन के मुताबिक 16 में 12 प्रतिद्वंद्विताएं युद्ध में बदलीं, जबकि 4 में युद्ध टला. इनमें स्पेन-पुर्तगाल, ब्रिटेन-फ्रांस, ब्रिटेन-जर्मनी, ब्रिटेन-अमेरिका, अमेरिका-जापान और अमेरिका-सोवियत संघ जैसी शक्ति-प्रतिस्पर्धाओं के उदाहरण शामिल हैं.
हालांकि यह ऐतिहासिक अध्ययन खुद यह नहीं कहता कि हर उभरती-स्थापित शक्ति की प्रतिद्वंद्विता युद्ध में बदलना तय है. बल्कि चार मामलों में युद्ध से बचाव यह दिखाता है कि शक्ति-संघर्ष के बावजूद राजनीतिक और कूटनीतिक विकल्प मौजूद रह सकते हैं.
अमेरिका-चीन के मामले में क्या है असली चुनौती?
अमेरिका-चीन संबंधों में Thucydides Trap की चर्चा इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि दोनों देशों के बीच आर्थिक प्रतिस्पर्धा के साथ AI, एडवांस टेक्नोलॉजी, ट्रेड, रणनीतिक प्रभाव और ताइवान जैसे मुद्दे भी जुड़े हैं. एक तरफ चीन वैश्विक आर्थिक और रणनीतिक शक्ति के रूप में अपनी भूमिका बढ़ा रहा है.
दूसरी तरफ अमेरिका अपनी मौजूदा रणनीतिक स्थिति और तकनीकी बढ़त बनाए रखने की कोशिश कर रहा है. यही वह शक्ति-संतुलन है, जिसे Allison की अवधारणा के जरिए समझा जाता है. लेकिन ऐतिहासिक उदाहरणों के आधार पर भी अमेरिका-चीन के बीच युद्ध को अपरिहार्य मानना सही नहीं होगा; सवाल यह है कि प्रतिस्पर्धा को किस तरह नियंत्रित किया जाता है.
क्या अमेरिका-चीन के बीच टल सकता है टकराव?
Thucydides Trap की मूल बहस का यही केंद्रीय सवाल है. इतिहास में ऐसे चार मामले सामने आए हैं, जहां उभरती और स्थापित शक्तियों की प्रतिद्वंद्विता युद्ध में नहीं बदली. Harvard के अध्ययन में शीत युद्ध को भी ऐसे दौर के रूप में देखा गया है, जिसमें अमेरिका और सोवियत संघ के बीच दशकों तक तीखी प्रतिस्पर्धा रही, लेकिन वह सीधे अमेरिका-सोवियत युद्ध में नहीं बदली.
इसलिए अमेरिका और चीन के मामले में भी प्रतिस्पर्धा और सहयोग साथ-साथ चल सकते हैं. लगातार डिप्लोमैटिक डायलॉग, सैन्य संपर्क, संकट-प्रबंधन और संवेदनशील मुद्दों पर गलतफहमी रोकना इस जोखिम को नियंत्रित करने के प्रमुख साधन माने जाते हैं.
ट्रंप-शी मुलाकात का बड़ा संदेश क्या?
ट्रंप-शी बैठक में ‘Thucydides Trap’ का संदर्भ इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सिर्फ अमेरिका और चीन के बीच मौजूदा विवादों की बात नहीं करता, बल्कि बदलते वैश्विक शक्ति-संतुलन की बड़ी चुनौती को सामने रखता है. जिनपिंग ने जिस जोखिम की ओर इशारा किया, उसमें प्रतिस्पर्धा को खत्म करना जरूरी नहीं, बल्कि उसे नियंत्रित रखना अहम है. दोनों देशों के बीच आर्थिक और तकनीकी प्रतिस्पर्धा बनी रह सकती है, लेकिन बातचीत और क्राइसिस मैनेजमेंट के जरिए उसे सैन्य टकराव में बदलने से रोकने की कोशिश की जा सकती है. यही Thucydides Trap से जुड़ी बहस का मूल प्रश्न भी है- क्या दो महाशक्तियां प्रतिद्वंद्वी रहते हुए भी युद्ध से बच सकती हैं?
कौन थे यूनानी इतिहासकार थ्यूसिडाइड्स?
थ्यूसिडाइड्स प्राचीन यूनान के इतिहासकार और एथेंस के सैन्य जनरल थे. उन्होंने 5वीं शताब्दी ईसा पूर्व हुए एथेंस और स्पार्टा के बीच पेलोपोनेशियन युद्ध का विस्तार से इतिहास लिखा था. उन्होंने युद्ध के पीछे शक्ति, भय और हितों की भूमिका पर जोर दिया. उनके ऐतिहासिक विश्लेषण से आगे चलकर ‘Thucydides Trap’ की अवधारणा इंटरनेशनल पॉलिटिक्स से जुड़ी.




