Begin typing your search...

मनीला को क्यों कहा जाता है पूर्व का मोती, जहां जा रहे पीएम मोदी, यहां कितने भारतीय और किसकी आबादी है ज्यादा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16-17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर हैं. मनीला में काफी संख्या में भारतीयों की आबादी रहती है और इसको पूर्व का मोती भी कहा जाता है.

pm modi manila visit
X

pm modi manila visit

( Image Source:  ChatGPT )

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर 2026 से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं. यह यात्रा फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही है. इस दौरान पीएम मोदी भारत और आसियान देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे. खास बात यह है कि इस दौरे के दौरान क्वाड देशों के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक भी होने वाली है, जिसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के राष्ट्रपति-पीएम शामिल होंगे.

मनीला सिर्फ फिलीपींस की राजनीतिक और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र नहीं है, बल्कि इसे दुनिया में 'पूर्व का मोती' यानी 'पर्ल ऑफ द ओरिएंट' के नाम से भी जाना जाता है. इसके पीछे शहर का सदियों पुराना इतिहास, अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अहम भूमिका और सांस्कृतिक विरासत है. ऐसे में पीएम मोदी की यात्रा के बीच आइए जानते हैं कि मनीला को पूर्व का मोती क्यों कहा जाता है, यहां कितने भारतीय रहते हैं और इस शहर की क्या खासियत है?

क्वाड नेताओं की बैठक में कौन-कौन होगा शामिल?

पीएम मोदी की इस यात्रा का एक अहम हिस्सा क्वाड देशों के नेताओं की बैठक भी है. रिपोर्ट के मुताबिक, 17 नवंबर की शाम मनीला में शिखर सम्मेलन के दौरान क्वाड नेताओं की बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची शामिल होंगे. करीब दो साल बाद होने वाली इस बैठक में चारों देशों के नेता आपसी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे.

मनीला को क्यों कहा जाता है 'पूर्व का मोती'?

फिलीपींस की राजधानी मनीला को 'पर्ल ऑफ द ओरिएंट' यानी 'पूर्व का मोती' कहा जाता है. इस नाम के पीछे शहर का ऐतिहासिक महत्व, भौगोलिक स्थिति, व्यापारिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत प्रमुख कारण हैं. 16वीं से 19वीं शताब्दी के बीच मनीला अंतरराष्ट्रीय व्यापार का एक बड़ा केंद्र हुआ करता था. उस दौर में यहां से एशिया, यूरोप और अमेरिका के बीच कई तरह की कीमती वस्तुओं का कारोबार होता था. मनीला को खास तौर पर अपने 'गैलियन व्यापार' के लिए जाना जाता था. इस व्यापार के जरिए मसाले, रेशम, चांदी और दूसरी महंगी वस्तुओं का आदान-प्रदान किया जाता था. इस वजह से मनीला पूर्व और पश्चिम के बीच व्यापार का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बन गया था.

कब सामने आया था यह नाम?

मनीला को 'पूर्व का मोती' कहे जाने का इतिहास काफी पुराना है. इस नाम का सबसे शुरुआती लिखित उल्लेख 1751 में मिलता है. बताया जाता है कि स्पेनिश जेसुइट इतिहासकार फादर जुआन जोस डेलगाडो ने अपनी पुस्तक में इस वाक्यांश का इस्तेमाल किया था. इसके बाद यह नाम धीरे-धीरे मनीला की पहचान से जुड़ गया. बाद में 1896 में फिलीपींस के राष्ट्रीय नायक डॉ. जोस रिज़ाल ने अपनी आखिरी कविता 'मी अल्टिमो एडियोस' में अपनी मातृभूमि और मनीला के लिए 'पूर्व के सागरों का मोती' शब्दों का इस्तेमाल किया.

मनीला में कितने भारतीय रहते हैं?

मनीला में भारतीय समुदाय की भी अच्छी खासी मौजूदगी है. भारतीय विदेश मंत्रालय के 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, पूरे फिलीपींस में करीब 70 हजार प्रवासी भारतीय रहते हैं. हालांकि, कुछ रिपोर्ट में यह संख्या 1.2 लाख से 1.5 लाख तक बताई जाती है. बताया जाता है कि फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय का लगभग 70 से 75 प्रतिशत हिस्सा मेट्रो मनीला क्षेत्र में केंद्रित है. यहां भारतीय समुदाय के लोग कारोबार, नौकरी और दूसरे पेशों से जुड़े हुए हैं.

मनीला में किस समुदाय की आबादी सबसे ज्यादा?

मनीला में भारतीयों के अलावा स्थानीय तागालोग समुदाय की बड़ी आबादी रहती है. फिलीपींस सांख्यिकी प्राधिकरण (PSA) के जातीयता से जुड़े आधिकारिक जनगणना आंकड़ों के अनुसार, मनीला शहर में करीब 9.7 लाख तागालोग समुदाय के लोग रहते हैं. यह शहर की कुल घरेलू आबादी का लगभग 52.8 प्रतिशत हिस्सा है. इससे पता चलता है कि मनीला में तागालोग समुदाय की आबादी सबसे अधिक है.

नरेंद्र मोदी
अगला लेख