Begin typing your search...

मक्का पैक्ट के बाद पाकिस्तान-तुर्किए ने कतर और इंडोनेशिया के साथ किया बद्र समझौता, दोनों में क्या है अंतर, भारत के लिए क्या चिंता?

पाकिस्तान, तुर्किए, कतर और इंडोनेशिया के बद्र समझौते का मकसद, मक्का पैक्ट से अंतर, रक्षा सहयोग और भारत की सुरक्षा व रणनीतिक चिंताओं को समझिए.

मक्का पैक्ट के बाद पाकिस्तान-तुर्किए ने कतर और इंडोनेशिया के साथ किया बद्र समझौता, दोनों में क्या है अंतर, भारत के लिए क्या चिंता?
X

पाकिस्तान की कूटनीतिक और सैन्य सक्रियता इन दिनों पश्चिम एशिया से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया तक दिखाई दे रही है. अगस्त 2026 में पाकिस्तान, तुर्किए और सऊदी अरब ने मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट किया था, जिसमें एक सदस्य पर सशस्त्र हमला सभी पर हमला माना गया. अब 21 अक्टूबर को पाकिस्तान, तुर्किए, कतर और इंडोनेशिया ने ‘बद्र मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ पर हस्ताक्षर किए हैं. दोनों समझौतों में सैन्य सहयोग की कड़ी है, लेकिन उनका उद्देश्य और कानूनी स्वरूप अलग है. सवाल यह है कि बद्र समझौता पाकिस्तान के लिए कितना बड़ा रणनीतिक कदम है, भारत के लिए इसमें क्या चिंता है और क्या इसका असर भारत-इंडोनेशिया रक्षा रिश्तों पर कितना पड़ेगा?

मक्का पैक्ट क्या?

मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट पाकिस्तान, तुर्किए और सऊदी अरब के बीच 7 अगस्त 2026 को हुआ त्रिपक्षीय रक्षा समझौता है. इसकी सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि तीनों में से किसी एक देश पर सशस्त्र हमला होने पर उसे सभी पर हमला माना जाएगा. समझौता सामूहिक प्रतिरोध, रक्षा सहयोग, सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण और हथियारों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की व्यवस्था करता है. समझौते की अवधि 10 साल है और अन्य देशों के शामिल होने का रास्ता भी रखा गया है.


बद्र समझौता क्या?

बद्र मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर 21 अक्टूबर 2026 को दोहा में पाकिस्तान, तुर्किए, कतर और इंडोनेशिया ने हस्ताक्षर किए. इसका मुख्य फोकस चारों देशों के बीच रक्षा उद्योग, सैन्य उत्पादन, तकनीकी प्रशिक्षण और रिसर्च एंड डेवलपमेंट में सहयोग बढ़ाना है. इसका मकसद अलग-अलग देशों की रक्षा क्षमताओं को जोड़कर संयुक्त परियोजनाएं और उत्पादन विकसित करना बताया गया है. महत्वपूर्ण बात यह है कि बद्र MoU में मक्का पैक्ट जैसी स्पष्ट पारस्परिक युद्ध-रक्षा गारंटी नहीं है.

बद्र समझौते की अहमियत क्या?

बद्र समझौते की सबसे बड़ी अहमियत रक्षा सहयोग को हथियारों की संयुक्त क्षमता में बदलने की कोशिश है. तुर्किए के पास तेजी से विकसित हो रहा रक्षा उद्योग है, पाकिस्तान के पास सैन्य उत्पादन और मिसाइल-ड्रोन का अनुभव है. जबकि कतर के पास वित्तीय क्षमता और रणनीतिक सैन्य आधार है. इंडोनेशिया की भागीदारी इसे दक्षिण-पूर्व एशिया तक पहुंच देती है. तुर्किए के अनुसार समझौता संयुक्त तकनीकी विकास और घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देगा.

दोनों में अंतर क्या?

दोनों समझौतों का सबसे बड़ा अंतर सामूहिक रक्षा बनाम रक्षा औद्योगिक सहयोग है. मक्का पैक्ट में पाकिस्तान, तुर्किए और सऊदी अरब ने एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए अधिक स्पष्ट प्रतिबद्धता जताई है. एक पर हमला सभी पर हमला माना जाएगा. इसके विपरीत बद्र MoU में चार देशों पाकिस्तान, तुर्किए, कतर और इंडोनेशिया के बीच रक्षा उद्योग, सैन्य उत्पादन, प्रशिक्षण और R&D पर जोर है. इसलिए बद्र को फिलहाल मक्का पैक्ट जैसा बाध्यकारी सामूहिक रक्षा गठबंधन मानना जल्दबाजी होगी.

भारत के लिए चिंता का विषय क्या?

भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता पाकिस्तान-तुर्किए के बढ़ते रक्षा नेटवर्क और उसमें इंडोनेशिया तथा कतर का जुड़ना है. खासकर इंडोनेशिया की भागीदारी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारत और इंडोनेशिया के बीच पहले से रक्षा संबंध और मिसाइल सहयोग मौजूद हैं. हालांकि बद्र MoU से मौजूदा भारत-इंडोनेशिया रक्षा या मिसाइल समझौतों पर तत्काल असर पड़ने की संभावना कम है. असली चिंता लंबे समय में पाकिस्तान को तुर्की की तकनीक और व्यापक मुस्लिम-बहुल देशों के रक्षा नेटवर्क तक पहुंच मिलने की है.

क्या भारत-इंडोनेशिया रिश्तों पर भी होगा असर?

तुरंत बड़े असर के संकेत नहीं हैं. इंडोनेशिया का बद्र में शामिल होना अपने आप में भारत के खिलाफ कदम नहीं माना जा सकता. इंडोनेशिया की विदेश नीति कई शक्तियों के साथ समानांतर संबंध रखने पर आधारित रही है. बद्र समझौता भारत-इंडोनेशिया के मौजूदा मिसाइल अनुबंधों को खतरे में डालता हुआ नहीं दिखता.

भारत को लंबी अवधि की रणनीतिक पहलुओं पर नजर रखनी होगी. अगर बद्र के तहत संयुक्त हथियार उत्पादन, ड्रोन, मिसाइल, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर या अन्य संवेदनशील तकनीकों में वास्तविक परियोजनाएं शुरू होती हैं, तो पाकिस्तान की सैन्य क्षमता बढ़ सकती है.

यहां पर इस बात का जिक्र कर दें कि मक्का पैक्ट और बद्र समझौते को एक ही नजर से देखना सही नहीं होगा. मक्का पैक्ट का मूल आधार सामूहिक सुरक्षा और एक-दूसरे की रक्षा की प्रतिबद्धता है. जबकि बद्र समझौता रक्षा उद्योग, सैन्य तकनीक, प्रशिक्षण और संयुक्त उत्पादन पर केंद्रित है. भारत के लिए तत्काल चिंता किसी नए सैन्य गठबंधन से ज्यादा पाकिस्तान के बढ़ते रक्षा-तकनीकी नेटवर्क की है. खासकर तुर्किए की तकनीकी क्षमता और पाकिस्तान की सैन्य जरूरतों के बीच बढ़ता सहयोग आने वाले वर्षों में भारत के लिए रणनीतिक चुनौती बन सकता है.

एक्सप्लेनर
अगला लेख