पाकिस्तान में अब गटर का ढक्कन चोरी करने पर होगी जेल और इतने लाख का लगेगा जुर्माना; मरियम नवाज के बयान पर मचा बवाल!
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में गटर ढक्कन चोरी की घटनाएं बढ़ने के बाद सरकार ने सख्त कानून बनाया है. चोरी, खरीद या बिक्री पर 10 साल जेल और 50 लाख तक जुर्माना तय किया गया है.
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से आर्थिक तंगी से जूझ रहे आए दिन चौंकाने वाली तस्वीरें और वीडियो सामने आते रहे हैं. कभी आटे की बोरियों के लिए मारपीट, तो कभी बुनियादी जरूरतों के लिए लंबी कतारें. लेकिन अब पाकिस्तान से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हालात की गंभीरता को और उजागर कर दिया है. यहां गटर (सीवर) के ढक्कनों की चोरी इस कदर बढ़ गई है कि सरकार को मजबूरन सख्त कानून लाना पड़ा है.
यह मामला सबसे ज्यादा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से सामने आया है. हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि दिन में लगाए गए गटर के ढक्कन रात में चोरी हो जा रहे हैं. इस वजह से आम नागरिकों की जान तक खतरे में पड़ गई है. लगातार हो रही घटनाओं के बाद पंजाब सरकार ने अब गटर ढक्कन चोरी को गंभीर अपराध घोषित कर दिया है.
पाकिस्तान में गटर के ढक्कन क्यों चोरी हो रहे हैं?
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के मुताबिक, गटर ढक्कनों की चोरी एक संगठित नेटवर्क के जरिए की जा रही है. ढक्कन चोरी कर उन्हें कबाड़ में बेचा जाता है, जहां से यह आगे गलाए जाते हैं. लोहे की कीमतें बढ़ने के कारण इन ढक्कनों की चोरी तेजी से बढ़ी है. मरियम नवाज ने कहा कि 'हम दिन में गटर के ढक्कन लगवाते हैं और रात होते-होते वे चोरी हो जाते हैं.'
नया कानून क्या कहता है?
पंजाब सरकार ने गटर (मैनहोल) के ढक्कन चोरी को लेकर एक नया और सख्त कानून लाने का ऐलान किया है. इस कानून के तहत- जो गटर का ढक्कन चोरी करेगा, जो गटर का ढक्कन बेचेगा. जो गटर का ढक्कन खरीदेगा. इन सभी को 1 से 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है. मरियम नवाज ने साफ शब्दों में कहा कि 'जो गटर का ढक्कन चुराएगा, जो बेचेगा और जो खरीदेगा, सबको सजा होगी.'
अगर ढक्कन चोरी से किसी की मौत हुई तो क्या सजा होगी?
सरकार ने इस कानून में सबसे सख्त प्रावधान मौत के मामलों को लेकर रखा है. यदि खुले मैनहोल में गिरने से किसी नागरिक या बच्चे की मौत होती है, तो दोषी को सीधे 10 साल की जेल, साथ ही 30 लाख से 50 लाख रुपये तक का जुर्माना भरना होगा. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सिर्फ चोर ही नहीं, बल्कि गटर के ढक्कन खरीदने और बेचने वाले कबाड़ियों पर भी समान कार्रवाई होगी. सरकार का मानना है कि जब तक खरीदने वाले मौजूद रहेंगे, चोरी नहीं रुकेगी.
क्या चोरी में पूरे परिवार शामिल हैं?
मरियम नवाज ने इस मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया. उन्होंने बताया कि यह चोरी अक्सर फैमिली गैंग करते हैं. उन्होंने कहा कि चोर रात 11 से 12 बजे के बीच गधा गाड़ियों पर परिवार के साथ आते हैं. इनमें महिलाएं भी होती हैं, ताकि किसी को शक न हो. बड़ी सफाई से ढक्कन निकालकर ले जाया जाता है.”
खुले सीवर बन रहे हैं मौत का जाल
पिछले कुछ महीनों में पंजाब के अलग-अलग शहरों से कई ऐसी खबरें सामने आई हैं, जहां खुले सीवर में गिरने से मासूम बच्चों और राहगीरों की जान चली गई. इन घटनाओं को लेकर सरकार की भारी आलोचना हो रही थी. अब नया कानून न सिर्फ चोरों, बल्कि लापरवाह अधिकारियों पर भी दबाव बनाएगा.
क्या इस कानून से हालात सुधरेंगे?
पंजाब सरकार का दावा है कि इस सख्त कानून के लागू होने के बाद गटर ढक्कन चोरी की घटनाओं में कमी आएगी. साथ ही नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी. हालांकि, जमीन पर इस कानून का कितना असर होगा, यह आने वाला वक्त ही बताएगा.





