Begin typing your search...

शाहेद-अयातुल्ला से लेकर EPIC-खातम-उल-अंबिया तक, ईरान जंग में खूब गूंजे ये 10 शब्द, मतलब और महत्व भी जान लीजिए

ईरान और अमेरिका की जंग के दौरान कई ऐसे शब्द सामने आए जिनका काफी लोगों को मतलब नहीं पता है. मिसाल के तौर पर शाहेद-अयातुल्ला और खातम-उल-अंबिया. आइये जानते हैं ऐसी ही 10 शब्दों के मतलब और महत्व.

शाहेद-अयातुल्ला से लेकर EPIC-खातम-उल-अंबिया तक, ईरान जंग में खूब गूंजे ये 10 शब्द, मतलब और महत्व भी जान लीजिए
X
( Image Source:  AI GENERATED IMAGE- SORA )
समी सिद्दीकी
Edited By: समी सिद्दीकी7 Mins Read

Updated on: 20 April 2026 12:56 PM IST

Iran US Israel War: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध को लगभग दो महीने हो चुके हैं. इस संघर्ष में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी बड़ा असर पड़ा है. इस पूरे संकट के बीच में होर्मुज है, जहां से दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की सप्लाई होती है. युद्ध के दौरान इस मार्ग को कई बार सीमित किया गया या बंद करने की धमकी दी गई.

इस जंग के दौरान कई ऐसे शब्द आए होंगी जिनका मतलब शायद आप नहीं जानते होंगे या फिर जानना चाहते होंगे. आज हम ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच कई शब्दावली के बारे में बताने वाले हैं, जिनका ऐतिहासिक, धार्मिक और राजनीतिक महत्व भी है.

1. होर्मुज

स्ट्रोट ऑफ होर्मुज ईरान और ओमान के बीच स्थित एक संकरा समुद्री रास्ता है, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है. यह दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है. युद्ध शुरू होने के बाद यहां आवाजाही काफी हद तक प्रभावित रही है और कई बार इसे आंशिक या लगभग पूरी तरह बंद किया गया.

इसके नाम की उत्पत्ति को लेकर अलग-अलग मत हैं. आम तौर पर इसे मध्य फारसी भाषा के “अहुरा मज़्दा” से जोड़ा जाता है, जो जरथुस्त्र धर्म के प्रमुख देवता हैं और जिसका अर्थ “बुद्धिमान भगवान” होता है. कुछ अन्य मतों के अनुसार यह नाम स्थानीय फारसी शब्दों या ग्रीक शब्द “होर्मोस” से भी जुड़ा हो सकता है. मध्यकाल में होरमुज नाम का एक समृद्ध समुद्री राज्य भी यहां मौजूद था.

2. शाहेद

शाहेद ड्रोन ईरान के कम लागत वाले हथियार हैं, जिन्हें “कामिकाजे ड्रोन” भी कहा जाता है. ये बिना पायलट वाले विमान होते हैं, जिनमें विस्फोटक भरे होते हैं. युद्ध के दौरान ईरान ने इनका इस्तेमाल इजरायल और खाड़ी देशों को निशाना बनाने के लिए किया है. ये ड्रोन आमतौर पर कम ऊंचाई पर उड़ते हैं और बड़ी संख्या में एक साथ छोड़े जाते हैं, ताकि रक्षा प्रणाली को चुनौती दी जा सके. “शाहेद” शब्द अरबी से आया है, जिसका मतलब “गवाह” होता है.

3. टॉमहॉक

“टॉमहॉक” शब्द मूल रूप से उत्तरी अमेरिका के आदिवासी लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक छोटे कुल्हाड़ी जैसे औजार के लिए प्रयोग होता था. यह शब्द एल्गोंक्वियन भाषा से आया है, जिसका अर्थ “काटने का औजार” होता है.

आधुनिक समय में टॉमहॉक एक लंबी दूरी तक मार करने वाली क्रूज मिसाइल का नाम है, जिसे अमेरिका ने विकसित किया है. यह मिसाइल हजारों किलोमीटर दूर तक सटीक निशाना लगा सकती है. मानवाधिकार समूहों के अनुसार, युद्ध की शुरुआत में ईरान के मिनाब में एक स्कूल पर टॉमहॉक मिसाइल से हमला हुआ था, जिसमें करीब 170 बच्चों की मौत हुई.

4. मिनाब

मिनाब ईरान का एक शहर है, जो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित है. यह अपनी हरियाली और खेती के लिए जाना जाता है और इसे “ओएसिस” यानी हराभरा इलाका भी कहा जाता है. यहां खट्टे फल और खजूर काफी मात्रा में होते हैं. इसके नाम की उत्पत्ति स्पष्ट नहीं है, लेकिन माना जाता है कि यह फारसी शब्दों से बना है, जिसका अर्थ “नीला पानी” या “साफ पानी” होता है. कुछ स्रोत इसे “मीना किला” से भी जोड़ते हैं, जहां “मीना” का अर्थ नीला या एनामेल होता है.

5. बाब अल-मंदेब

बाब अल-मंदेब एक संकरा स्ट्रेट है, जो लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है. यह यमन और जिबूती के बीच स्थित है और हिंद महासागर से लाल सागर में प्रवेश का एकमात्र दक्षिणी मार्ग है. यह स्वेज नहर के जरिए एशिया और यूरोप के बीच व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसका अर्थ “आंसुओं का दरवाजा” या “गम का दरवाजा” होता है. युद्ध के दौरान यमन में सक्रिय हूती समूह ने कई बार इस रास्ते को बाधित करने या बंद करने की धमकी दी है.

6. ऑपरेशन एपिक फ्यूरी

“ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ इजरायल के साथ मिलकर चलाए जा रहे सैन्य अभियान का कोडनेम है, जिसे 28 फरवरी को शुरू किया गया था.

“एपिक” शब्द ग्रीक भाषा से आया है, जिसका मतलब कहानी या वीरता से जुड़ा होता है, जबकि “फ्यूरी” लैटिन शब्द है, जिसका अर्थ गुस्सा या क्रोध होता है. दोनों मिलकर इसका अर्थ “भयंकर क्रोध” या “वीरता से भरा गुस्सा” होता है.

7. आयतुल्लाह

आयतुल्लाह शिया इस्लाम में एक उच्च धार्मिक पद है, जो उन विद्वानों को दिया जाता है जो इस्लामी कानून और धर्मशास्त्र में विशेषज्ञ होते हैं. यह शब्द अरबी के “आयत” (निशानी) और “अल्लाह” (ईश्वर) से मिलकर बना है, जिसका अर्थ “ईश्वर की निशानी” होता है. ईरान में आयतुल्लाह का धार्मिक और राजनीतिक दोनों ही स्तर पर बड़ा महत्व रहा है, खासकर ईरानी क्रांति के बाद.

8. खार्ग

खार्ग द्वीप फारस की खाड़ी में स्थित एक छोटा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण द्वीप है, जो ईरान का मुख्य तेल निर्यात केंद्र है. इसकी रणनीतिक अहमियत के कारण यहां आम लोगों की पहुंच सीमित रहती है. इसके नाम की उत्पत्ति साफ नहीं है, लेकिन माना जाता है कि यह किसी प्राचीन ईरानी भाषा से आया हो सकता है. कुछ मत इसे गर्म स्थान से भी जोड़ते हैं. ईरान-इराक युद्ध के दौरान इस द्वीप पर भारी हमले हुए थे, जिसके बाद इसे फिर से विकसित किया गया.

9. काफिर

“काफिर” शब्द युद्ध के दौरान चर्चा में आया, जब अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के हाथ पर इसका टैटू देखा गया. इसका सामान्य अर्थ “गैर-मानने वाला” या “अविश्वासी” होता है, लेकिन इसका मूल अर्थ “सच्चाई को छिपाने वाला” है. यह अरबी के “कफरा” शब्द से निकला है, जिसका अर्थ छिपाना या ढंकना होता है. यह शब्द कुरान में कई बार इस्तेमाल हुआ है.

10. खातम अल-अनबिया

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुख्यालय का नाम “खातम अल-अनबिया” है, जिसका अर्थ “पैगंबरों की मुहर” होता है. यह अरबी शब्द “खातम” (मुहर) और “अल-अनबिया” (पैगंबर) से मिलकर बना है. इसका संबंध इस्लाम में पैगंबर मोहम्मद से है, जिन्हें “आखिरी पैगंबर” माना जाता है.

ईरान इजरायल युद्धअमेरिका
अगला लेख