नरक की बात, फालतू बकवास! War के बीच भारत के लिए ईरान ने ट्रंप को धोया, कहा- इंडिया आकर तो देखो
ट्रंप के ‘भारत को नर्क’ बयान पर विवाद, ईरानी कॉन्सुलेट का तंज और डेमोक्रेटिक पार्टी का हमला बोला है. ईरान कॉन्सुलेट ने एक वीडियो जारी किया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को लेकर दिए गए ‘नर्क’ वाले बयान पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बयान पर मुंबई स्थित ईरानी कॉन्सुलेट ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और ट्रंप पर तंज कसते हुए उन्हें भारत की असली खूबसूरती देखने की सलाह दी है. वहीं, अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी ने भी इस मुद्दे पर ट्रंप को घेरते हुए उनके बयान की कड़ी आलोचना की है.
ईरानी कॉन्सुलेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक 16 सेकंड का वीडियो साझा किया है, जिसमें महाराष्ट्र के दो अलग-अलग रूप दिखाए गए हैं. वीडियो के एक हिस्से में मुंबई की ऊंची इमारतें, चौड़े हाईवे और शहरी जीवन की चमक-दमक नजर आती है, जबकि दूसरे हिस्से में पहाड़ों के बीच बहते झरने, झीलें और हरियाली से भरपूर प्राकृतिक दृश्य दिखाई देते हैं.
ईरान के कॉन्सुलेट ने क्या कहा?
इस वीडियो के जरिए ट्रंप को ‘कल्चरल डिटॉक्स’ की सलाह दी गई है, यानी अपनी सोच में बदलाव लाने का संदेश दिया गया है. कॉन्सुलेट ने पोस्ट के साथ लिखा, “कभी इंडिया आकर देखो, फिर बोलना.” इसके साथ ही कॉन्सुलेट ने लिखा,"शायद किसी को मिस्टर ट्रंप के लिए एकतरफा ‘कल्चरल डिटॉक्स’ का टिकट बुक कर देना चाहिए, इससे उनकी बेवजह की बकवास थोड़ी कम हो सकती है."
ईरान के जरिए शेयर की गई वीडियो में क्या है?
ईरान कॉन्सुलेट के जरिए शेयर की गई वीडियो में महाराष्ट्र की खूबसूरती को बखूबी दिखाया गया है. एक तरफ यहां गगन चुंबी ईमारते हैं तो वहीं दूसरी ओर हरियाली और पहाड़. वीडियो में भारतीय कल्चर को बखूबी दिखाया गया है.
अमेरिका की डेमोक्रैटिक पार्टी ने क्या कहा?
ट्रंप के इस बयान पर अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी भी खुलकर सामने आई है. पार्टी के प्रतिनिधियों ने ट्रंप पर ‘नस्लवादी कचरा’ फैलाने का आरोप लगाया है. एक प्रतिनिधि ने एक्स पर लिखा, “अमेरिकी संघर्ष कर रहे हैं और वह सोशल मीडिया पर नस्लवादी बातें फैलाने में व्यस्त हैं. वह राष्ट्रपति पद को एक रियलिटी टीवी शो की तरह चला रहे हैं. यह एक नाजुक समय है और देश को बेहतर नेतृत्व की जरूरत है.”
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट को री-शेयर किया था. इस पोस्ट में अप्रवासियों का जिक्र करते हुए लिखा गया था कि अमेरिका में पैदा होने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है, जिसके बाद वह चीन, भारत या दुनिया के किसी ‘नर्क’ जैसी जगह से अपने पूरे परिवार को अमेरिका ले आता है. इस बयान के बाद भारत में भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. विदेश मंत्रालय (MEA) ने इसे ‘भद्दी टिप्पणी’ बताया है.
गौरतलब है कि इस पूरे विवाद के बीच मिडिल-ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है. ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच टकराव कम होता नजर नहीं आ रहा है. इसी बीच भारत ने अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दी है, जिसे संभावित बड़े खतरे के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.




