अगर अजन्मे बच्चों की चिंता है तो संबंध बनाना बंद कर दें, जर्मनी की संसद में गर्भपात पर बहस के दौरान बोलीं कैथी गेबल; वीडियो वायरल
जर्मनी की सांसद कैथी गेबल ने संसद में गर्भपात अधिकारों पर बहस के दौरान विपक्षी पुरुष सांसदों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर वे सच में अजन्मे बच्चों की रक्षा करना चाहते हैं तो 'संबंध बनाना बंद कर दें', क्योंकि यही सबसे सुरक्षित गर्भनिरोधक तरीका है.
गर्भपात पर बहस के बीच जर्मनी की महिला सांसद का बयान वायरल
जर्मनी की संसद में गर्भपात (Abortion) के अधिकारों को लेकर हुई बहस के दौरान एक महिला सांसद का बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सांसद कैथी गेबल (Kathi Gebel) ने बहस के दौरान विपक्षी दल AfD के पुरुष सांसदों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में अजन्मे बच्चों की रक्षा करना चाहते हैं, तो उन्हें शारीरिक संबंध करना बंद कर देना चाहिए, क्योंकि संयम (Abstinence) ही गर्भधारण रोकने का सबसे सुरक्षित तरीका है.
अपने संबोधन में कैथी गेबल ने कहा कि AfD में लगभग सभी पुरुष सांसद महिलाओं के गर्भपात के अधिकारों का विरोध करते हैं, लेकिन वे महिलाओं को इसके परिणामों के साथ अकेला छोड़ देते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग महिलाओं पर जबरन गर्भधारण (Forced Pregnancy) थोपना चाहते हैं, जबकि उन्हें महिलाओं की शारीरिक, मानसिक और सामाजिक परिस्थितियों की कोई परवाह नहीं है.
कैथी गेबल ने गर्भपात कानूनों पर उठाए सवाल
कैथी गेबल ने जर्मनी के मौजूदा गर्भपात कानूनों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जर्मनी में आज भी गर्भपात तकनीकी रूप से दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है, हालांकि कुछ विशेष परिस्थितियों में सजा से छूट दी जाती है. उनके मुताबिक, इसे सामाजिक समझौते के रूप में पेश किया जाता है, जबकि देश के लगभग 80 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि गर्भपात से जुड़े पैराग्राफ 218 को आपराधिक कानून से पूरी तरह हटा दिया जाए.
बहस के दौरान उन्होंने विपक्षी सांसदों से व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, "मुझे आपको आखिर कितनी बार शारीरिक संबंध बनाने की शिक्षा देनी पड़ेगी?" उनका यह बयान संसद में चर्चा का विषय बन गया और सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया.
पहले भी वायरल हो चुकी हैं कैथी गेबल
यह पहला मौका नहीं है जब कैथी गेबल अपने तीखे बयानों को लेकर सुर्खियों में आई हैं। इससे पहले भी संसद में उन्होंने एक पुरुष सांसद पर तंज कसते हुए कहा था, "महिला के क्लिटोरिस में 3,000 से ज्यादा नर्व एंडिंग्स होती हैं, लेकिन आप उससे भी ज्यादा संवेदनशील निकले." यह टिप्पणी भी उस समय काफी वायरल हुई थी.
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
कैथी गेबल के ताजा भाषण को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स ने उनके भाषण को महिलाओं के अधिकारों की मजबूत आवाज बताते हुए उनकी तारीफ की. कुछ लोगों ने उन्हें बेहतरीन वक्ता और प्रभावशाली नेता बताया. वहीं, कुछ लोगों ने उनके बयान को जरूरत से ज्यादा आक्रामक और विवादित भी करार दिया.
गर्भपात के अधिकारों पर जर्मनी में लंबे समय से बहस जारी है और कैथी गेबल का यह बयान एक बार फिर इस मुद्दे को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा के केंद्र में ले आया है.




