कॉकपिट के बाहर जमा थे यात्री, कोई डॉक्टर पूछ रहा था तो कोई चिल्लाता रहा, दुबई-तेल अवीव फ्लाइट के नए वीडियो में क्या-क्या दिखा?
फ्लाईदुबई की फ्लाइट के अब नए-नए वीडियो सामने आ रहे हैं. अब एक नया वीडियो आया है जो ओमानी पायलट के भारतीय पायलट पर हमले के बाद का बताया जा रहा है, जिसमें यात्री कॉकपिट के बाहर चिल्लाते हुए दिख रहे हैं.
Flydubai Dubai
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर ओमानी को-पायलट के चाकू से हमले के बाद विमान के अंदर मची अफरा-तफरी का एक नया वीडियो सामने आया है. फ्लाइट FZ1073 में 170 से ज्यादा लोग सवार थे. रिपोर्ट के मुताबिक, कॉकपिट में हुई झड़प के दौरान विमान तेजी से नीचे आया, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने स्थिति संभाली.
इजराइल के समाचार चैनल i24 न्यूज़ को मिले वीडियो में कई यात्री कॉकपिट के पास इकट्ठा नजर आ रहे हैं. कुछ लोग अंदर जाने की कोशिश करते दिखे, जबकि दूसरे यात्री बाहर रहकर लोगों को निर्देश देते नजर आए. मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में अंग्रेजी और हिब्रू में लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं. इसी दौरान एक व्यक्ति को यह कहते सुना गया कि को-पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की.
कॉकपिट के बाहर क्या हो रहा था?
वीडियो में यात्रियों की भीड़ कॉकपिट के आसपास दिखाई देती है. कुछ लोग अंदर मौजूद लोगों से शांत रहने की अपील करते हैं, जबकि दूसरे लोग हमलावर को बाहर निकालने की बात कहते सुनाई देते हैं. एक व्यक्ति की आवाज आती है "उसने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की." इसके बाद कुछ यात्रियों को कॉकपिट के अंदर मौजूद लोगों से "आराम करो" और "बाहर जाओ, उसे बाहर निकालो" कहते सुना गया.
डॉक्टर को लेकर क्या बोलते दिखाई दिए?
फुटेज में स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि एक क्रू मेंबर किसी डॉक्टर के बारे में पूछता सुनाई देता है. आवाज आती है कि "डॉक्टर, क्या यहां कोई डॉक्टर है?" इसके कुछ ही समय बाद एक अन्य व्यक्ति कहता है कि "यहां एक अतिरिक्त पायलट है." वीडियो में कुछ यात्री कॉकपिट के अंदर जाते और फिर बाहर आते दिखाई देते हैं.
कॉकपिट में कैप्टन मच्छार के साथ क्या हुआ?
रिपोर्टों के मुताबिक, झड़प के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की. इसके बाद कुछ यात्री अंदर पहुंचे और कथित तौर पर सह-पायलट को काबू करने में मदद की. बताया गया कि विमान में मौजूद एक प्लंबर और अन्य पायलटों ने भी विमान को स्थिर करने में सहायता की. इस दौरान यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने मिलकर कॉकपिट की स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.
रिपोर्ट के अनुसार, कॉकपिट में हुई घटना के दौरान विमान बेहद तेजी से नीचे आया. दावा है कि फ्लाइट 30 सेकंड से भी कम समय में करीब 14,000 फीट नीचे आ गई. स्थिति को नियंत्रित करने के बाद विमान का रूट बदला गया और उसे सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया. यूएई स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, कैप्टन स्मित मच्छार की हालत अब स्थिर है. अधिकारियों ने कहा है कि वे उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहे हैं.
हमलावर को-पायलट का क्या हुआ?
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब ने बाद में बताया कि हमले के आरोपी को-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों को सौंप दिया गया है. मामले में हमले के पीछे की वजह और आरोपी के मकसद की जांच की जा रही है.




