Begin typing your search...

हर रिश्ते का अलग नाम, मेहमानों के लिए हमेशा तैयार खाना... पाकिस्तान में शादी के बाद परिवार की इन 5 आदतों से कनाडाई बहू हुई हैरान

पाकिस्तानी परिवार में शादी के बाद एक कनाडाई महिला ने दक्षिण एशियाई संस्कृति की कई ऐसी परंपराएं साझा कीं, जिन्होंने उन्हें सबसे ज्यादा हैरान किया. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

canadian woman Cassie viral video
X

Cassie का वीडियो वायरल

( Image Source:  instagram.com/_lifebycassie )

दुनिया के हर परिवार की अपनी परंपराएं और तौर-तरीके होते हैं, लेकिन जब शादी दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों के बीच होती है, तो कई छोटी-छोटी बातें भी बड़े सांस्कृतिक अनुभव बन जाती हैं. ऐसा ही अनुभव कनाडा की रहने वाली कैसी (Cassie) ने साझा किया है.

पाकिस्तानी युवक से शादी के बाद केसी दक्षिण एशियाई (South Asian) परिवार का हिस्सा बनीं. हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने उन आदतों और परंपराओं के बारे में बताया, जिन्होंने उन्हें सबसे ज्यादा हैरान कर दिया. उनका वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं.

1. रिश्तेदारों के इतने नाम कि याद रखना मुश्किल

कैसी ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ा सांस्कृतिक झटका रिश्तेदारों को बुलाने के तरीके को लेकर था. उन्होंने कहा कि उनके यहां 'आंटी' और 'अंकल' जैसे सामान्य शब्द काफी होते हैं, लेकिन दक्षिण एशियाई परिवारों में हर रिश्ते का अलग नाम होता है. मां की तरफ के रिश्तेदारों के लिए अलग संबोधन, पिता की तरफ के लिए अलग, और बड़े-छोटे चाचा-चाची, मामा-मामी या अन्य रिश्तों के लिए भी अलग-अलग नाम होते हैं. यह सिर्फ नाम नहीं बल्कि रिश्तों के सम्मान और अपनापन दिखाने का तरीका भी है.

2. WhatsApp बना जिंदगी का हिस्सा

कैसी ने बताया कि शादी से पहले उन्होंने कभी WhatsApp का इस्तेमाल नहीं किया था. उन्हें इस ऐप के बारे में ज्यादा जानकारी भी नहीं थी, लेकिन शादी के बाद अब यही ऐप उनके पति और ससुराल वालों से बातचीत का सबसे बड़ा जरिया बन गया है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब उनकी रोजमर्रा की बातचीत लगभग पूरी तरह WhatsApp पर ही होती है.

3. बिना बताए मेहमान आ जाएं तो भी पूरा खाना तैयार

कैसी को सबसे ज्यादा हैरानी दक्षिण एशियाई परिवारों की मेहमाननवाजी देखकर हुई. उन्होंने कहा कि अगर सुबह 8 बजे भी कोई बिना बताए घर पहुंच जाए, तब भी परिवार के पास कई तरह के व्यंजन तैयार मिल जाते हैं. मेहमानों को सिर्फ खाना ही नहीं खिलाया जाता, बल्कि घर लौटते समय उनके साथ बचा हुआ खाना भी भेजा जाता है. उन्होंने अपनी संस्कृति से तुलना करते हुए कहा कि उन्हें पहले लगता था कि वह अच्छी मेजबान हैं, लेकिन यहां आकर समझ आया कि उनकी मेहमाननवाजी तो सिर्फ 'चीज़ और क्रैकर्स' तक ही सीमित थी.

4. होटल नहीं, सीधे रिश्तेदारों के घर

एक और बात जिसने कैसी को चौंकाया, वह थी परिवार के लोगों का होटल में न रुकना. उन्होंने बताया कि उनके यहां बाहर से आने वाले रिश्तेदार अक्सर होटल बुक कर लेते हैं, लेकिन दक्षिण एशियाई परिवारों में ऐसा करना लगभग असामान्य माना जाता है. अगर कोई रिश्तेदार होटल में ठहर जाए, तो परिवार के लोग पूछते हैं कि हमारे घर क्यों नहीं रुके?

5. हर खबर मिनटों में पूरे परिवार तक

कैसी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि दक्षिण एशियाई समुदाय में हर कोई किसी न किसी को जानता है. उन्होंने कहा कि उन्हें आज तक समझ नहीं आया कि परिवार की खबरें इतनी तेजी से कैसे फैल जाती हैं. उनका अनुमान है कि इसमें WhatsApp ग्रुप बड़ी भूमिका निभाते हैं, लेकिन जिस रफ्तार से जानकारी पूरे परिवार तक पहुंचती है, वह उनके लिए आज भी हैरानी की बात है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

कैसी का वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने कहा कि उन्होंने दक्षिण एशियाई परिवारों की संस्कृति को बिल्कुल सही तरीके से दिखाया है. कुछ लोगों ने रिश्तों के अलग-अलग नामों को भारतीय और पाकिस्तानी परिवारों की सबसे खास पहचान बताया, जबकि कई यूजर्स ने मजाक में लिखा कि WhatsApp के बिना दक्षिण एशियाई परिवारों की कल्पना ही नहीं की जा सकती.

नोट: यह पूरी कहानी सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक व्यक्तिगत अनुभव पर आधारित है. इसमें किए गए दावे संबंधित महिला के निजी अनुभव हैं. स्टेट मिरर हिंदी इसकी पुष्टि नहीं करता है.

पाकिस्तान
अगला लेख