Begin typing your search...

कौन हैं 'चावल वाले बाबा', जिन पर नोएडा के डॉक्टर ने 40 लाख रुपये ठगने का लगाया आरोप? कहानी नरेंद्र नयन शास्त्री की

छत्तीसगढ़ के चर्चित 'चावल वाले बाबा' नरेंद्र नयन शास्त्री पर नोएडा के एक डॉक्टर से करीब 40 लाख रुपये की कथित ठगी का आरोप लगा है. शिकायत में दावा किया गया है कि परिवार को प्रेतबाधा से मुक्त कराने और विशेष पूजा-अनुष्ठान कराने के नाम पर यह रकम ली गई.

कौन हैं चावल वाले बाबा, जिन पर नोएडा के डॉक्टर ने 40 लाख रुपये ठगने का लगाया आरोप? कहानी नरेंद्र नयन शास्त्री की
X
( Image Source:  X@raviparmarIN )

छत्तीसगढ़ में 'चावल वाले बाबा' के नाम से प्रसिद्ध नरेंद्र नयन शास्त्री एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में हैं. पहले से दुष्कर्म के एक मामले में जेल में बंद बाबा पर अब नोएडा के एक डॉक्टर से करीब 40 लाख रुपये की कथित ठगी का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, नोएडा निवासी डॉ. ऋषभ चौबे ने रायपुर के खम्हारडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नरेंद्र नयन शास्त्री ने खुद को तांत्रिक शक्तियों का जानकार बताते हुए उनके परिवार को भूत-प्रेत और प्रेतबाधा का डर दिखाया.

डॉक्टर का आरोप है कि बाबा ने अक्टूबर 2024 से फरवरी 2026 के बीच कई बार विशेष पूजा, धार्मिक अनुष्ठान और अन्य आध्यात्मिक उपाय कराने के नाम पर उनसे बड़ी रकम ली. जब लंबे समय तक कोई परिणाम नहीं मिला और लगातार पैसों की मांग जारी रही, तब उन्हें शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है.

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के मुताबिक, बाबा ने दावा किया था कि परिवार पर संकट और नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव है, जिसे विशेष धार्मिक अनुष्ठानों से दूर किया जा सकता है। इसी भरोसे में डॉक्टर ने समय-समय पर लाखों रुपये दिए. बाद में जब कथित दावे पूरे नहीं हुए और पैसों की मांग जारी रही, तो उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

कौन हैं 'चावल वाले बाबा'?

नरेंद्र नयन शास्त्री को छत्तीसगढ़ में 'चावल वाले बाबा' के नाम से जाना जाता रहा है. रायपुर के सिलियारी क्षेत्र में उनके धार्मिक प्रवचन और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे. उनके अनुयायियों का दावा था कि बाबा केवल एक मुट्ठी चावल और लाल फूल देखकर किसी व्यक्ति का भूत, वर्तमान और भविष्य बता देते हैं. यह भी प्रचारित किया जाता था कि वे केवल चाय पीते हैं और अन्न, फल या पानी का सेवन नहीं करते. उनकी लोकप्रियता इतनी थी कि आम लोगों के साथ-साथ कई प्रभावशाली और संपन्न लोग भी उनके दरबार में पहुंचते थे.

पहले से जेल में हैं बाबा

गौरतलब है कि नरेंद्र नयन शास्त्री फिलहाल दुष्कर्म के एक मामले में जून से महासमुंद जेल में बंद हैं. अब 40 लाख रुपये की कथित ठगी की नई शिकायत सामने आने के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं. पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है. सभी आरोपों की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अगला लेख