लेस्बियन रिलेशनशिप से परेशान परिवार, रात भर चला चला हाई वॉल्टेज ड्रामा; एक शादीशुदा तो दूसरी नाबालिग
पिथौरागढ़ में एक शादीशुदा महिला और नाबालिग किशोरी के बीच बने प्रेम संबंध ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. परिवार के विरोध के बाद किशोरी ने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.
उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 28 वर्षीय शादीशुदा महिला और 17 वर्षीय किशोरी के बीच गहरा प्रेम संबंध बन गया. दोनों के इस रिश्ते ने दोनों परिवारों में तूफान खड़ा कर दिया है. मामला इतना बढ़ गया कि किशोरी ने जान देने की कोशिश कर डाली. अब पुलिस को भी इस मामले में दखल देना पड़ा है.
कैसे शुरू हुआ दोनों का प्रेम?
पिथौरागढ़ शहर के पास एक गांव में यह घटना हुई है. किशोरी अपनी रिश्तेदारी के घर अक्सर आया करती थी. उसी गांव में एक 28 साल की महिला रहती है, जिसका एक छोटा बच्चा है. उसका पति दूसरे शहर में नौकरी करता है और ज्यादातर समय घर से बाहर रहता है. किशोरी जब अपने रिश्तेदार के घर आती, तो पड़ोस में रहने वाली इस महिला से उसकी मुलाकात होती थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी. बातचीत बढ़ी और एक साल पहले यह दोस्ती प्यार में बदल गई. दोनों के रिश्ते इतने गहरे हो गए कि वे एक-दूसरे के बिना जीने-मरने की कसम खा चुकी हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच समलैंगिक (समान लिंग) संबंध भी थे.
परिवारों ने किया विरोध, किशोरी ने की जान देने की कोशिश
जब परिवार वालों को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने सख्ती से विरोध किया. उन्होंने दोनों को अलग रहने के लिए मना किया और कई पाबंदियां लगा दी. लेकिन किशोरी और महिला दोनों अपने प्यार पर अड़ी रही. वे परिवार छोड़कर साथ रहने की जिद पर उतर गईं. परिवार के इनकार से किशोरी बहुत दुखी हो गई. चार दिन पहले उसने खाई में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश कर दी. किसी तरह उसे बचा लिया गया, लेकिन इस घटना से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया, सब बहुत घबरा गए.
रातभर चला पुलिस थाने में ड्रामा
बुधवार की रात दोनों परिवार के लोग झूलाघाट थाने पहुंचे. वहां देर रात तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. किशोरी और महिला दोनों पुलिस के सामने भी अपने रिश्ते पर अड़ी रही. पुलिस ने उन्हें बहुत समझाया. उम्र का फर्क, कानूनी नियम, समाज में होने वाली मुश्किलों और परिवार की जिम्मेदारियों के बारे में बताया. लेकिन दोनों जिद पर अड़ी रही.
पुलिस का एक्शन
झूलाघाट थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि किशोरी की काउंसलिंग कराई गई है. उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है. वहीं शादीशुदा महिला को सख्त चेतावनी दी गई है. उसे कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई है और उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है.




