Begin typing your search...

Haridwar Land Scam क्या है, जिसमें DM से लेकर पूर्व नगर आयुक्त पर गिरी गाज? 10 Points में जानें पूरा मामला

हरिद्वार लैंड स्कैम मामले में उत्तराखंड सरकार ने पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी को बर्खास्त करने की सिफारिश की है, जबकि तत्कालीन DM कर्मेंद्र सिंह और SDM अजयवीर सिंह पर भी कार्रवाई की गई है. जांच में जमीन खरीद प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया.

haridwar land scam cm pushkar singh dhami
X

पुष्कर सिंह धामी बैठक करते हुए

( Image Source:  ANI )

Haridwar Land Scam: हरिद्वार जमीन खरीद मामले में उत्तराखंड सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी को सेवा से बर्खास्त करने की सिफारिश की गई है, जबकि तत्कालीन DM कर्मेंद्र सिंह और SDM अजयवीर सिंह पर भी कार्रवाई की गई है.

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह पूरा हरिद्वार लैंड स्कैम क्या है, जिसमें इतने बड़े प्रशासनिक अधिकारियों पर गाज गिरी. आइए, 10 पॉइंट्स में जानते हैं...

क्या है पूरा मामला?

1- जमीन खरीद में हुई अनियमतता: यह पूरा मामला हरिद्वार क्षेत्र में जमीन खरीद से जुड़ी कथित अनियमितताओं से सामने आया. आरोप है कि सरकारी प्रक्रिया और नियमों को नजरअंदाज करते हुए कुछ जमीनों की खरीद-फरोख्त में गड़बड़ियां हुईं.

2- अधिकारियों पर क्या आरोप लगे? जांच में यह सवाल उठाया गया कि जमीन खरीद के दौरान अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन नहीं किया. उन्होंने निगरानी में लापरवाही की.

3- किस पर लगे आरोप? जांच के दायरे में कई प्रशासनिक अधिकारी आए. इनमें तत्कालीन जिला अधिकारी (DM) कर्मेंद्र सिंह, पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी और उस समय के SDM अजयवीर सिंह शामिल थे. सरकार का कहना है कि अधिकारियों की भूमिका में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई.

4- क्या कार्रवाई हुई? उत्तराखंड सरकार ने पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी को तत्काल बर्खास्त करने की सिफारिश की है. वहीं पूर्व DM कर्मेंद्र सिंह पर बड़ी सजा की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है. SDM अजयवीर सिंह के सेवा रिकॉर्ड में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने और तीन वेतन वृद्धि रोकने का फैसला लिया गया है.

5- जांच कैसे हुई? शुरुआती जांच के बाद सरकार ने कई अधिकारियों को निलंबित किया था. इसके बाद मामले की विस्तृत जांच विशेष जांच और ऑडिट के जरिए कराई गई. जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने माना कि प्रशासनिक स्तर पर गंभीर चूक हुई है.

6- सरकार का क्या कहना है? मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. सरकार का कहना है कि प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

7- हरिद्वार लैंड स्कैम का मुद्दा इतना चर्चा में क्यों है? हरिद्वार उत्तराखंड का धार्मिक और आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है. यहां जमीनों की कीमत लगातार बढ़ रही है, जिससे जमीन से जुड़े विवाद और खरीद-फरोख्त के मामले संवेदनशील बन जाते हैं.

8- भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा संदेश: इस मामले में कार्रवाई को सरकार की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है कि सरकारी पद का इस्तेमाल कर नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई होगी.

9- अब आगे क्या? मामले में अधिकारियों के खिलाफ अंतिम कार्रवाई केंद्र के कार्मिक विभाग (DoPT) की प्रक्रिया के बाद आगे बढ़ेगी. वहीं, जांच में अगर नए तथ्य सामने आते हैं तो अन्य लोगों पर भी कार्रवाई संभव है.

10- राज्य में विकास परियोजनाओं ने पकड़ी रफ्तार: इस बीच, सीएम धामी ने कहा कि 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के बाद राज्य में कई प्रमुख विकास परियोजनाओं ने गति पकड़ी. उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, ऑल-वेदर रोड परियोजना, उत्तराखंड में हवाई अड्डों के विस्तार और विभिन्न कनेक्टिविटी संबंधी योजनाओं पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है.

अगला लेख