नोएडा में क्यों है इतनी पुलिस तैनात? 8 मई तक धारा 163 भी लागू; ड्रोन और CCTV से हो रही निगरानी
लेबर डे के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. इसी कड़ी में नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह खुद औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लेती नजर आईं.
नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में हाल ही में हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शनों के बाद अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है. जिन इलाकों में पहले तनाव का माहौल था, वहां अब रोजमर्रा की गतिविधियां फिर से पटरी पर लौट आई हैं और श्रमिक अपने काम पर सामान्य रूप से जाते नजर आ रहे हैं.
हालांकि, प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है. लेबर डे के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. इसी कड़ी में नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह खुद औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लेती नजर आईं.
क्यों हाई अलर्ट पर नोएडा पुलिस?
लेबर डे को ध्यान में रखते हुए नोएडा पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है. हालिया घटनाओं के मद्देनजर किसी भी संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है. प्रशासन का फोकस खासतौर पर उन औद्योगिक इलाकों पर है, जहां पहले प्रदर्शन हुए थे.
कब से कब तक धारा 163 लागू?
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोएडा में धारा 163 लागू कर दी गई है, जो 30 अप्रैल से 8 मई तक प्रभावी रहेगी. इस दौरान किसी भी तरह की अवैध भीड़ या प्रदर्शन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बेहतर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए पूरे पुलिस कमिश्नरेट को 11 जोन और 42 सेक्टर में विभाजित किया गया है. इससे हर इलाके पर अलग-अलग टीमें नजर रख रही हैं और किसी भी स्थिति से तुरंत निपटने के लिए तैयार हैं.
कैसे हो रही कड़ी निगरानी?
नोएडा के 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन और CCTV कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है. यह हाई-टेक सर्विलांस सिस्टम पुलिस को हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने में मदद कर रहा है. सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों और पीएसी बल को तैनात किया गया है. औद्योगिक क्षेत्रों, फैक्ट्रियों और प्रमुख चौराहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि शांति बनी रहे.
कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने लिया जायजा
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह खुद मैदान में उतरकर हालात का निरीक्षण कर रही हैं. उनके दौरे का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को खत्म किया जा सके. इस दौरान उन्होंने कहा "विभिन्न श्रमिक संघों द्वारा परंपरागत रूप से आयोजित कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं. वर्तमान में, सभी स्थानों पर शांति और व्यवस्था बनी हुई है. हम जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं. पुलिस बल तैनात किया गया है. सभी इकाइयों में काम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है."




