घर में घुसते ही महसूस होती है बेचैनी? टैरो कार्ड रीडर से जानें नेगेटिविटी दूर करने के अचूक उपाय
अगर घर में आते ही मन भारी, बेचैनी या तनाव महसूस होने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। टैरो कार्ड रीडर खुशी साहा के अनुसार सेंधा नमक से घर की सफाई करने से फायदा होगा.
कई बार ऐसा होता है कि कुछ जगहों पर जाते ही मन खुश और शांत महसूस करता है, जबकि कुछ घरों में प्रवेश करते ही बेचैनी, घबराहट या भारीपन महसूस होने लगता है. अक्सर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन टैरो और एंजेल कार्ड रीडर Khushi Saha के मुताबिक इसका संबंध घर की ऊर्जा यानी वाइब्स से हो सकता है. घर का माहौल और वहां मौजूद ऊर्जा हमारे मूड, सोच और सेहत पर असर डालती है.
अगर घर में लगातार तनाव, थकान या नकारात्मकता महसूस हो रही है, तो कुछ आसान उपायों की मदद से माहौल को बेहतर बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं कि घर में नकारात्मक ऊर्जा के संकेत क्या हैं और इसे दूर करने के आसान तरीके कौन से हैं.
कैसे समझें कि घर में है नेगेटिव एनर्जी?
अगर घर में बिना किसी खास कारण के लगातार परेशानियां बनी रहती हैं, तो यह नकारात्मक ऊर्जा का संकेत हो सकता है. ये संकेत नजर आ सकते हैं-
- घर के लोग बार-बार बीमार पड़ना
- बिना वजह तनाव और झगड़े होना
- हर समय थकान या मन भारी महसूस होना
- मेहनत के बाद भी काम में सफलता न मिलना
- घर में लगे पौधों का जल्दी सूख जाना
सेंधा नमक से करें घर की सफाई
वास्तु और ऊर्जा से जुड़े उपायों में नमक को काफी असरदार माना जाता है. घर में पोछा लगाते समय पानी में थोड़ा सेंधा नमक मिलाने से नकारात्मकता कम हो सकती है. इसके अलावा कमरे के किसी कोने में एक छोटी कटोरी में नमक रख सकते हैं. इसे हर कुछ दिनों में बदलते रहना चाहिए.
घर में आने दें धूप और ताजी हवा
सुबह के समय घर की खिड़कियां और दरवाजे खोलना बहुत फायदेमंद माना जाता है. सूरज की रोशनी और ताजी हवा घर के बंद और भारी माहौल को हल्का बनाने में मदद करती है. इससे घर में पॉजिटिव माहौल बना रहता है.
बेकार और टूटी चीजों को हटाएं
घर में पड़ी पुरानी, टूटी या लंबे समय से इस्तेमाल न होने वाली चीजें भी नकारात्मक माहौल बना सकती हैं. बंद घड़ी, टूटा शीशा या बेकार सामान घर में जमा नहीं रखना चाहिए. साफ और व्यवस्थित घर ऊर्जा के प्रवाह को बेहतर बनाता है.
कपूर और गूगल का धुआं
शाम के समय कपूर या गूगल जलाना भी अच्छा माना जाता है. इससे घर का वातावरण शुद्ध होता है और मन को शांति मिलती है. कई लोग इसे घर की नकारात्मकता दूर करने का आसान तरीका मानते हैं.
घर में लगाएं ये पौधे
मनी प्लांट, स्नेक प्लांट और तुलसी जैसे पौधे घर के लिए अच्छे माने जाते हैं. ये न सिर्फ वातावरण को ताजा रखते हैं, बल्कि घर में सकारात्मकता बढ़ाने में भी मदद कर सकते हैं.




