Begin typing your search...

100 करोड़ का नोएडा इंडोर स्टेडियम, लेकिन फायर NOC नहीं! कॉन्सर्ट से पहले जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही

नोएडा के करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बने इंडोर स्टेडियम में फायर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर खामियां सामने आई हैं. फायर विभाग के निरीक्षण में पता चला कि स्टेडियम के पास फायर NOC नहीं है और अधिकांश फायर फाइटिंग उपकरण वर्किंग कंडीशन में नहीं हैं.

100 करोड़ का नोएडा इंडोर स्टेडियम, लेकिन फायर NOC नहीं! कॉन्सर्ट से पहले जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
X
मोहम्मद रज़ा
By: मोहम्मद रज़ा3 Mins Read

Published on: 29 July 2026 2:39 PM

नोएडा के करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बने इंडोर स्टेडियम में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 'स्टेट मिरर' की टीम की पड़ताल में गंभीर लापरवाही सामने आई है. स्टेडियम के पास फायर NOC नहीं है और वहां लगे फायर सुरक्षा उपकरण भी पूरी तरह कार्यशील अवस्था में नहीं हैं.

फायर विभाग के निरीक्षण में सामने आया कि स्टेडियम में फायर फाइटिंग सिस्टम तो मौजूद है, लेकिन उसके अधिकांश उपकरण काम नहीं कर रहे हैं. इस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के निर्देश पर फायर विभाग की टीम ने स्टेडियम का निरीक्षण किया और उसका संचालन कर रही एजेंसी से जवाब तलब किया है. इसके साथ ही इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण को भी पत्र भेजा गया है.

नोएडा इंडोर स्टेडियम के बारे में क्या जानकारी आई सामने?

नोएडा प्राधिकरण द्वारा निर्मित इस इंडोर स्टेडियम का संचालन फिलहाल एक सिक्योरिटी सॉल्यूशन कंपनी कर रही है. स्टेडियम में जिम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कराटे, बॉक्सिंग और बास्केटबॉल जैसी खेल गतिविधियां नियमित रूप से संचालित होती हैं. यहां प्रतिदिन करीब 500 से 1,000 लोग अभ्यास और अन्य गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं.

इसी बीच, 1 अगस्त को स्टेडियम में एक बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट का आयोजन प्रस्तावित है. ऐसे में फायर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है. कार्यक्रम के लिए आयोजकों की ओर से फायर विभाग से अनुमति भी मांगी गई है.

चीफ फायर ऑफिसर ने क्या कहा?

चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि नोएडा इंडोर स्टेडियम का हाल ही में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया था. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्टेडियम में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था तो उपलब्ध है, लेकिन वह वर्किंग कंडीशन में नहीं है. इसे लेकर संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है और निर्देश दिए गए हैं कि सभी फायर सुरक्षा उपकरणों को तत्काल चालू कर पूरी तरह कार्यशील बनाया जाए.

उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए अनुमति का आवेदन भी प्राप्त हुआ है. ऐसे आयोजनों के लिए निर्धारित प्रक्रिया और शुल्क के अनुसार फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर तैनात की जाती हैं. फिलहाल स्टेडियम में फायर सुरक्षा उपकरण मौजूद हैं, लेकिन उनके पूरी तरह कार्यशील होने के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

अगला लेख