नवरात्रि से पहले नोएडा में खाद्य विभाग की छापेमारी, 90 किलो मूंगफली और 33 किलो साबूदाना सीज
नवरात्रि से पहले गौतमबुद्ध नगर खाद्य सुरक्षा विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में छापेमारी कर सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए. कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता खराब होने की आशंका और प्रथम दृष्टया मिलावट या मिस ब्रांडिंग के संदेह में 90 किलो मूंगफली दाना, 33 किलो साबूदाना और 24.5 लीटर घी सीज किया गया.
नवरात्रि से पहले गौतमबुद्ध नगर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर आज खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की. इस दौरान जांच के लिए सात खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए. वहीं, प्रथम दृष्टया गुणवत्ता खराब, मिलावटी और मिस ब्रांडेड प्रतीत होने के कारण 90 किलोग्राम मूंगफली दाना, 33 किलोग्राम साबूदाना और 24.5 लीटर घी सीज किया गया.
खाद्य विभाग के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है.
खाद्य विभाग ने कहां और क्या कार्रवाई की?
- सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक-3 स्थित सेरेलेक प्राइवेट लिमिटेड की निर्माणशाला से गाय के घी का नमूना लिया.
- चिपियाना बुजुर्ग स्थित सोनू किराना स्टोर से व्रत के आटे और लाला जय सिंह किराना स्टोर से मूंगफली दाने का नमूना एकत्र किया गया.
- लाला जय सिंह किराना स्टोर पर मौजूद करीब 40 किलोग्राम मूंगफली दाना प्रथम दृष्टया खराब प्रतीत होने पर सीज कर दिया गया.
- इसी तरह खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पथवाड़ी स्थित विकास ट्रेडिंग कंपनी से मूंगफली दाने का नमूना लिया. यहां करीब 50 किलोग्राम मूंगफली दाने की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया खराब मिलने पर उसे सीज किया गया.
- खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने नोएडा के सेक्टर-104 स्थित आरएम नोएडा हाइपरमार्केट से साबूदाना और घी के नमूने लिए.
- अधिकारियों के अनुसार, यहां मौजूद करीब 33 किलोग्राम साबूदाना और 24.5 लीटर घी प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं मिस ब्रांडेड प्रतीत होने के कारण सीज किया गया.
- वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बालाजी किराना स्टोर से मूंगफली दाने का नमूना संग्रहित किया.
- खाद्य विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान लिए गए सभी सात नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है.
- अधिकारियों ने खाद्य सामग्री विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंस प्राप्त या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामान खरीदें. खरीदारी के समय बिल लेना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें. साथ ही खाद्य सामग्री की निर्माण तिथि और बैच नंबर की जांच करने के बाद ही उसे खरीदें और उपभोक्ताओं को बेचें.
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा. विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है.




