नोएडा पहुंचे मनोज पांडेय का अखिलेश पर बड़ा हमला, बोले- 'खुद भ्रमित हैं, जनता को भी कर रहे भ्रमित'
नोएडा पहुंचे मंत्री मनोज पांडेय ने अखिलेश यादव, सपा-कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने यूपी सरकार के विकास कार्यों और PDA राजनीति पर बयान दिया.
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और समाजवादी पार्टी के बागी मनोज पांडे आज नोएडा पहुंचे. इस दौरान उनका जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. मनोज पांडे ने प्रदेश में निवेश, रोजगार, कानून व्यवस्था, कृषि और एक्सप्रेसवे के विकास को लेकर योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.
मनोज पांडे ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश से करीब 22 हजार उद्योगों के पलायन की बात होती थी, लेकिन आज प्रदेश में नए उद्योग लग रहे हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं. उन्होंने कहा कि निवेश और रोजगार के पीछे सबसे बड़ा कारण प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था है. पहले कारोबारियों को गुंडा टैक्स देना पड़ता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है. उनके मुताबिक, माफिया या तो प्रदेश छोड़ चुके हैं या फिर जेल में हैं.
यूपी में बढ़ा अनाज उत्पादन, बुंदेलखंड के किसानों की बदली तस्वीर?
मनोज पांडे ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे ज्यादा अनाज उत्पादन करने वाले राज्यों में है. उन्होंने अपने कृषि मंत्री के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कृषि क्षेत्र की ग्रोथ पर विशेष काम किया गया. उन्होंने बुंदेलखंड में किसानों की पुरानी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उत्पादन का उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण किसान आत्महत्या तक करने को मजबूर होते थे, लेकिन अब स्थिति बदली है.
उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं के तहत देश के करीब 80 करोड़ और उत्तर प्रदेश के करीब 15 करोड़ 84 लाख लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाया जा रहा है. इसके साथ ही आवास, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में भी काम हुआ है. मनोज पांडे ने दावा किया कि प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में भी पहले के मुकाबले बड़ा बदलाव आया है.
‘खुद भ्रमित हैं, जनता को भी कर रहे भ्रमित’
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीति के सवाल पर मनोज पांडे ने कहा कि अखिलेश यादव खुद भ्रम की स्थिति में हैं और जनता को भ्रमित कर रहे हैं. उन्होंने अखिलेश यादव के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए PDA की परिभाषा को लेकर सवाल उठाए.
मनोज पांडे ने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष अलग-अलग समय पर PDA की अलग-अलग व्याख्या कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पहले P को पंडित बताया गया और बाद में बयान का हवाला देते हुए उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास हो रहा है और हर वर्ग की बात की जा रही है.
ज्ञानेश कुमार विवाद पर विपक्ष पर बरसे मनोज
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद पर मनोज पांडे ने विपक्ष पर मुद्दाविहीन होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता के साथ मजबूत विपक्ष की भी जरूरत होती है और विपक्ष की अपनी जिम्मेदारियां हैं. उनके मुताबिक, विपक्ष को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए.
मनोज पांडे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे सवालों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और लोकसभा अध्यक्ष जैसी संस्थाएं संविधान से जुड़ी संस्थाएं हैं और इन पर सवाल उठाने के साथ संविधान की बात करना विरोधाभासी है.
‘देश के विकास से ध्यान भटका रहा विपक्ष’
मनोज पांडे ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जब ऐसी घटना होती है तो पूरा देश मृतकों के परिवारों के साथ खड़ा होता है. उन्होंने कांग्रेस और गांधी परिवार पर आतंकवादियो के पक्ष में खड़ा था. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश की प्रगति और विकास के मुद्दों से ध्यान भटका रहा है.
मनोज पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे देने वाले राज्यों में है और कृषि उत्पादन में भी प्रदेश ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार, किसानों को बेहतर अवसर और आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है.




