Kasganj: नशेड़ी हैवान! शराब में डालने के लिए मंगाया पानी, 9 साल के बच्चे ने किया मना-तो गोली मारकर ले ली जान
नामकरण समारोह के दौरान मामूली विवाद ने 9 साल के मासूम की जान ले ली. पुलिस के अनुसार, शराब में मिलाने के लिए पानी लाने से इनकार करने पर बच्चे को गोली मार दी गई.
Kasganj Child Murder Case
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नामकरण समारोह के दौरान मामूली विवाद ने 9 साल के मासूम की जान ले ली. पुलिस के अनुसार, शराब में मिलाने के लिए पानी लाने से इनकार करने पर बच्चे को गोली मार दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
यह दर्दनाक घटना शुक्रवार को सहवार थाना क्षेत्र के याकुतगंज गांव में हुई. शनिवार को इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है.
कैसे हुआ पूरा विवाद?
जानकारी के अनुसार, पीड़ित यशपाल उर्फ यश अपने परिवार के घर आयोजित नामकरण समारोह में शामिल होने आया था. समारोह में रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे और माहौल खुशियों से भरा हुआ था. इसी दौरान शराब का सेवन कर रहे कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने धीरे-धीरे गंभीर रूप ले लिया.
क्यों चलाई बच्चे पर गोली?
मृतक बच्चे के चाचा अनुज के मुताबिक, आरोपी धनेश यादव ने नशे की हालत में बच्चे से पानी लाने के लिए कहा था. जब मासूम ने पानी लाने से इनकार कर दिया, तो आरोपी अपना आपा खो बैठा. पुलिस के अनुसार, इसी गुस्से में आरोपी ने बच्चे के पेट में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल बच्चे को तुरंत कासगंज जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया. शनिवार को इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने क्या दी जानकारी?
थाना प्रभारी (एसएचओ) गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे खिताउली नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भारती ने बताया कि आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.




