Begin typing your search...

IAS अफसर की बैठक में घुस गया लंगूर, अखिलेश क्यों बोले- कितना अपनापन लग रहा होगा?

आईएएस अधिकारियों की बैठक में अचानक एक लंगूर घुस आया, जिससे माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया. इस घटना पर Akhilesh Yadav ने तंज कसते हुए कहा कि “उसे कितना अपनापन लग रहा होगा?”, उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

IAS अफसर की बैठक में घुस गया लंगूर, अखिलेश क्यों बोले- कितना अपनापन लग रहा होगा?
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी3 Mins Read

Published on: 18 April 2026 7:13 PM

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अनोखा वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसने सियासत से लेकर आम लोगों तक का ध्यान खींच लिया है. एक सरकारी बैठक के दौरान अचानक एक लंगूर के पहुंच जाने का यह दृश्य जितना चौंकाने वाला है, उतना ही दिल को छू लेने वाला भी है. इस घटना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है.

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा सरकार पर तंज कसा है. वहीं दूसरी तरफ, इस घटना में शामिल IAS अधिकारी का शांत और संवेदनशील व्यवहार लोगों की खूब तारीफ बटोर रहा है.

IAS अफसर की बैठक में लंगूर कैसे पहुंचा?

उत्तर प्रदेश के बागपत कलेक्ट्रेट में किसान दिवस कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय किसानों की समस्याएं सुन रहे थे. तभी अचानक ‘मात्रु’ नाम का एक पालतू लंगूर सभागार में दाखिल हो गया. लंगूर सीधे डीएम की टेबल तक पहुंचा और वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कुछ पल के लिए हैरान कर गया. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने इस पूरे घटनाक्रम को खास बना दिया.

अखिलेश यादव ने क्यों साधा निशाना?

इस वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि 'भाजपा राज में जब सरकारी कार्यालय चिड़ियाघर बन जाएंगे तो यही होगा… वैसे इसे कितना अपनापन लग रहा होगा.' उनका यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है, जहां एक ओर इसे सरकार पर तंज माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लोग इसे हल्के-फुल्के अंदाज़ में भी देख रहे हैं.

क्या हुआ जब लंगूर डीएम के पास पहुंचा?

जब लंगूर ‘मात्रु’ डीएम अस्मिता लाल के पास पहुंचा, तो उन्होंने बेहद शांत और सहज प्रतिक्रिया दी. वह अपनी कुर्सी से उठीं, मुस्कुराईं और उसे बैठने के लिए कहा कि 'Sit Here" इसके बाद लंगूर उनकी कुर्सी पर बैठ गया. यह पूरा दृश्य वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कैसे खत्म हुआ यह पूरा घटनाक्रम?

कुछ देर तक बैठक का माहौल सामान्य बनाए रखते हुए अधिकारियों ने लंगूर को धीरे-धीरे वहां से बाहर ले जाया. इस तरह बिना किसी अफरा-तफरी के यह अनोखा पल खत्म हो गया.

कौन हैं IAS अस्मिता लाल?

अस्मिता लाल 2015 बैच की IAS अधिकारी हैं. उनका जन्म 17 दिसंबर 1989 को दिल्ली में हुआ था. उन्होंने 7 सितंबर 2015 को अपनी सेवा शुरू की और वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने 18 जनवरी 2025 को बागपत में कार्यभार संभाला था. अपनी सरलता, संवेदनशीलता और जमीन से जुड़े काम करने के अंदाज़ की वजह से वह अक्सर चर्चा में रहती हैं.

वायरल
अगला लेख