'पैरों में गिरकर माफी मांगेगा'....दरोगा को धमकी और धक्का मुक्की...ग्रेटर नोएडा का वीडियो वायरल, आखिर क्या है मामला?
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. वायरल वीडियो में कुछ युवक एक दरोगा से कथित तौर पर धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं. आखिर क्या है मामला
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार रात सड़क पर पार्क की गई गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक दरोगा के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अभद्रता कर दी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मामला बिसरख थाना क्षेत्र में यूफेरिया मॉल के पास का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, सड़क पर खड़ी गाड़ी को पार्किंग से निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामा होने लगा.
वायरल वीडियो में क्या?
वायरल वीडियो में एक युवक दरोगा से कथित तौर पर यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि वह उसके पैरों पर गिरकर माफी मांगेगा. इसके बाद युवक द्वारा दरोगा के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का वीडियो सामने आया है. वहीं, मौके पर मौजूद एक महिला की ओर से भी अभद्रता और थप्पड़ मारने के आरोप लगाए गए.
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर दोनों कार सवार पक्षों में विवाद हुआ था. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी लेकर आई. पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया और किसी ने भी मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई.
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं. विवाद के दौरान जिस पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हुई, वह जिले से बाहर तैनात दरोगा है और अपनी पत्नी को अस्पताल में देखने के लिए यहां आया था.
क्या महिला को मारे गए थप्पड़?
पुलिस ने महिला से अभद्रता और उसे थप्पड़ मारने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका है.
हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक दरोगा के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.




