Begin typing your search...

मजाक या राजनीतिक संकेत! CM योगी क्यों बोले- लोग रवि किशन से छुटकारा चाहते हैं? बयान ने बढ़ाई हलचल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर से सांसद रवि किशन जब भी एक साथ मंच साझा करते हैं, तो माहौल अक्सर हल्का-फुल्का और मनोरंजक हो जाता है. एक बार फिर ऐसा ही नजारा गोरखपुर में देखने को मिला.

cm yogi Adityanath Ravi Kishan viral statement
X

cm yogi

( Image Source:  X/ @govindprataps12, @Vrmakshay1 )

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर से सांसद रवि किशन जब भी एक साथ मंच साझा करते हैं, तो माहौल अक्सर हल्का-फुल्का और मनोरंजक हो जाता है. एक बार फिर ऐसा ही नजारा गोरखपुर में देखने को मिला, जब सीएम योगी ने मंच से रवि किशन पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की, जिसे सुनकर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इशारों-इशारों में कहा कि रवि किशन की सांसद की कुर्सी अब खतरे में पड़ सकती है और आगामी चुनाव में गोरखपुर सीट से किसी महिला प्रत्याशी के उतरने की संभावना है. उन्होंने हंसते हुए यह भी कहा कि “लोग अब रवि किशन से छुटकारा चाहते हैं.” इस बयान को सुनते ही वहां मौजूद लोगों के साथ खुद रवि किशन भी मुस्कुराने लगे.

क्या यह मजाक था या राजनीतिक संकेत?

सीएम योगी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. कुछ लोग इसे आगामी चुनाव को लेकर संकेत मान रहे हैं, जबकि ज्यादातर का मानना है कि यह सिर्फ एक हल्का-फुल्का मजाक था, क्योंकि योगी आदित्यनाथ अक्सर रवि किशन के साथ ऐसे ही मजाकिया अंदाज में बातचीत करते नजर आते हैं.

क्या बोले सीएम योगी?

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पुराने संघर्षों को याद किया. उन्होंने कहा “माफिया और मच्छर के खिलाफ हमारी लड़ाई गोरखपुर से प्रारंभ हुई थी, आज उसकी सुखद अनुभूति पूरा प्रदेश कर रहा है. 1996, 1998, 2004, 2009, 2014 के चुनाव के दौरान आपके साथ मिलकर के हम लोगों ने संघर्षों को भी और चुनौतियों को भी झेला है, चुनौतियों का मुकाबला भी किया है.”

आगे उन्होंने कहा कि "प्रदेश के विकास के लिए सड़क से लेकर सदन तक लंबी लड़ाई लड़ी गई है. उन्होंने केंद्र सरकार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में बड़ा परिवर्तन आया है. 2017 में पहली बार और फिर 2022 में दूसरी बार उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, जिसने अपने कार्यकाल को सफलतापूर्वक पूरा किया और दो-तिहाई बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में वापसी की"

सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?

इस पूरे कार्यक्रम में जहां एक तरफ विकास और राजनीति की गंभीर बातें हुईं, वहीं दूसरी ओर सीएम योगी और रवि किशन के बीच की हल्की नोकझोंक ने माहौल को खुशनुमा बना दिया. यही वजह है कि यह कार्यक्रम अब सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है. वीडियो पर यूजर्स भी तरह-तरह की कमेंट कर रहे हैं. हालांकि ये सिर्फ सीएम योगी का मजाक था.

योगी आदित्‍यनाथवायरल
अगला लेख