क्या तीनों बहनों के साथ यौन उत्पीडन हुआ? पुलिस ने बताई सच्चाई, पढ़ें Ghaziabad Triple Suicide के Top Updates
गाजियाबाद में तीन बहनों की सामूहिक आत्महत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है. जांच में पिता के बदलते बयान, तीन शादियां और 2018 की रहस्यमयी मौत ने केस को और उलझा दिया है. शालीमार गार्डन के एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया, 'लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न के कोई संकेत नहीं मिले.
Ghaziabad Suicide Case
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के भारत सिटी अपार्टमेंट में तीन सगी बहनों की सामूहिक आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. 12 पाखी, 14 प्राची और 16 निशिका ने पिछले बुधवार अपने फ्लैट की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी. शुरुआती तौर पर मामला ‘गेमिंग एडिक्शन’ से जुड़ा बताया गया, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, परिवार की परतें खुलती चली गईं.
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक कई शादियां, एक ही कमरे में पांच बच्चों के साथ रहन-सहन, करोड़ों का कर्ज, 2018 की एक रहस्यमयी मौत और पिता के बदलते बयान. इन सबने इस आत्महत्या को और रहस्यमयी बना दिया है जिसके बाद सवाल पर सवार खड़े हो रहे हैं. इस मामले पर पुलिस नए-नए खुलासे कर रही है.
क्या सिर्फ ‘गेमिंग एडिक्शन’ थी आत्महत्या की वजह?
पुलिस पूछताछ में पिता चेतन कुमार ने दावा किया कि उनकी बेटियां टास्क-बेस्ड कोरियन गेम्स की आदी थीं और उन्होंने उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे. उनका कहना है कि इसी वजह से बच्चियां परेशान थीं. हालांकि, पुलिस को एक 30 पन्नों की डायरी मिली है, जिसमें कथित तौर पर लड़कियों ने कोरियन ड्रामा और के-पॉप संगीत से दूरी बनाए जाने पर निराशा का जिक्र किया है. लेकिन जांच अधिकारी इस एंगल को अंतिम कारण मानने से बच रहे हैं.
कौन है चेतन कुमार और क्यों शक के घेरे में है?
चेतन कुमार पेशे से स्टॉक ब्रोकर है और पुलिस के मुताबिक उस पर करीब 2 करोड़ रुपये का कर्ज है. आर्थिक तंगी के चलते उसने अपनी बेटियों के मोबाइल फोन तक बेच दिए थे, यहां तक कि बिजली का बिल चुकाने के लिए भी पैसे नहीं थे. कोविड-19 के बाद भी बच्चियों को स्कूल नहीं भेजा गया. पुलिस का कहना है कि इसका कारण भी भारी कर्ज बताया गया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि 'कुमार (लड़कियों के पिता) अपने बयान बदलते रहे हैं। उन्होंने शुरुआत में टीना से अपनी शादी को छिपाने की कोशिश की थी.'
तीन शादियां और एक कमरा- क्या था पारिवारिक सच?
जांच में सामने आया है कि चेतन कुमार की तीन पत्नियां- सुजाता, हीना और टीना और उनके पांच बच्चे एक ही कमरे में रहते थे, जबकि फ्लैट तीन बेडरूम का था. पुलिस के अनुसार, चेतन ने 2010 में सुजाता से, 2013 में उसकी बहन हीना से और 2023 में टीना से शादी की. टीना ने इस शादी से पहले धर्म परिवर्तन किया था.
एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 'उन्होंने कहा कि उन्होंने हीना से इसलिए शादी की क्योंकि सुजाता गर्भधारण नहीं कर पा रही थीं.' हालांकि, यह तर्क सवालों के घेरे में है क्योंकि सुजाता की बड़ी बेटी की उम्र 16 साल बताई जा रही है. जब एसीपी से पूछा गया कि बिना तलाक के तीन शादियां कैसे हुईं, तो उन्होंने कहा, "महिलाओं ने कथित तौर पर इन शादियों के लिए सहमति दी थी. किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई."
तीनों बहनों की मौत कैसे हुई?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों नाबालिगों की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई. शालीमार गार्डन के एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया, "लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न के कोई संकेत नहीं मिले।" पुलिस ने बच्चियों के मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं. इनमें से एक फोन घटना से 15 दिन पहले ही बेच दिया गया था. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिरी घंटों में क्या हुआ था.
2018 की रहस्यमयी मौत से क्या है कनेक्शन?
जांच में यह भी सामने आया है कि 2018 में सुजाता और हीना की बहन की बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी. उस समय इसे दुर्घटना माना गया और परिवार ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई. अब इस घटना को भी नए सिरे से देखा जा रहा है.
क्या यह आत्महत्या है या दबे हुए सच की कहानी?
तीन बहनों की एक साथ मौत, पिता के बदलते बयान, आर्थिक बर्बादी और पुराने रहस्य- इन सबने इस मामले को और गहरा बना दिया है. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गाजियाबाद की यह घटना सिर्फ एक पारिवारिक त्रासदी नहीं, बल्कि उन अनकहे दबावों और हालातों की कहानी भी हो सकती है, जो धीरे-धीरे एक घर को अंदर से तोड़ देते हैं.





