36 हजार करोड़ की लागत, PM Modi ने किया उद्घाटन; हाथों से ही उखड़ गया गंगा एक्सप्रेसवे- Video Viral
उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक सड़क की सतह को हाथ से उखाड़ता नजर आ रहा है. वीडियो के बाद एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता को लेकर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है.
आजकल देखा जा रहा है कि देश में नई-नई सड़कें और एक्सप्रेसवे बन तो रहे हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद उनमें खराबी आने लगती है. जहां एक तरफ सरकारें हजारों करोड़ रुपये खर्च करके आधुनिक सड़कें बनाने का दावा करती हैं. वहीं आम लोग रोजमर्रा की जिंदगी में इन सड़कों की खराब गुणवत्ता से परेशान हो रहे हैं. गड्ढे, उखड़ता डामर और कमजोर निर्माण कार्य की शिकायतें अब आम बात हो गई हैं. ठीक इसी बीच उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर एक वायरल वीडियो ने बड़े विवाद को जन्म दे दिया है.
वीडियो में एक युवक सड़क के एक हिस्से को हाथ से आसानी से उखाड़ते हुए दिख रहा है. वह कह रहा है कि अगर डामर इतनी आसानी से निकल रहा है, तो पूरी सड़क की मजबूती पर सवाल उठना लाजमी है. इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैलते हुए लोगों के बीच गंगा एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता को लेकर गर्मागर्म बहस शुरू कर दी है. हालांकि, वीडियो में दिखाए गए दावों की अभी तक किसी स्वतंत्र जांच या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
क्या है गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी सड़क परियोजनाओं में से एक है. यह एक्सप्रेसवे राज्य के कई जिलों को आपस में जोड़ रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य यातायात को तेज करना, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करना है. इस प्रोजेक्ट पर हजारों करोड़ रुपये का खर्च किया जा रहा है. इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की मेजर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में गिना जाता है. जब पूरा देश बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर बढ़ रहा है, तब ऐसी बड़ी परियोजनाओं की सफलता बहुत जरूरी है. लेकिन अगर निर्माण की गुणवत्ता पर ही सवाल खड़े हो जाएं, तो यह चिंता का विषय बन जाता है.
वायरल वीडियो के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं
वीडियो में एक युवक एक्सप्रेसवे रोड की सतह पर की परतों को हाथ से उखाड़ता है. इस दौरान युवक दावा करता है कि हजारों करोड़ की लागत से तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट का हाल देखिए. जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंट गई. कुछ लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वे कह रहे हैं कि टैक्सपेयर्स का पैसा बर्बाद नहीं होना चाहिए और निर्माण एजेंसी को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए. दूसरी ओर कुछ लोग सतर्कता बरतने की बात कर रहे हैं. उनका कहना है कि किसी एक वीडियो के आधार पर पूरे प्रोजेक्ट को खराब बताना सही नहीं है. उन्हें लगता है कि आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार करना चाहिए. कई यूजर्स ने पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी कई नई सड़कों में कुछ महीनों के अंदर ही गड्ढे और दरारें दिखने लगी थी.
अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं
इस वायरल वीडियो को लेकर अब तक गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण एजेंसी या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द ही इस मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगे. जांच में अगर कोई कमी पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है.




