Begin typing your search...

कौन हैं दहेज़ में 20 करोड़ मांगने वाले यूपी के SDM अनुपम मिश्रा? PCS अधिकारी पत्नी से मारपीट का आरोप

चंदौली में तैनात PCS दंपति के बीच विवाद अब पुलिस केस में बदल गया है, जिसमें SDM पति पर गंभीर आरोप लगे हैं. महिला थाना प्रतापगढ़ में दर्ज FIR के बाद मामला जांच के दायरे में है.

PCS officer dowry case
X
( Image Source:  X: @hindipatrakar )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 23 March 2026 10:52 AM IST

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां दो पीसीएस अधिकारी, यानी दो एसडीएम (उप जिलाधिकारी) पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद इतना बढ़ गया है कि अब पुलिस केस तक पहुंच गया है. दरअसल, चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में तैनात एसडीएम अनुपम मिश्रा के खिलाफ उनके ससुर ने बहुत गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है.

अनुपम मिश्रा की पत्नी दिव्या ओझा भी पीसीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में चंदौली जिले के सदर तहसील में ही एसडीएम के पद पर तैनात हैं. दोनों की शादी दिसंबर 2020 में हुई थी. दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा, जो प्रतापगढ़ जिले के शुकुलपुर दहिलामऊ के निवासी हैं, ने प्रतापगढ़ जिले के महिला थाने में तहरीर दी है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रयागराज निवासी अनुपम मिश्रा, उनके पिता प्रमोद मिश्रा, मां शशि मिश्रा, बहन पूजा पांडेय और प्रीति पांडेय के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

क्या-क्या है आरोप?

निशाकांत ओझा ने अपनी शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है, 'शादी से पहले अनुपम मिश्रा के परिवार ने दहेज के रूप में बहुत बड़ी रकम मांगी थी. पहले 20 करोड़ रुपये की मांग की गई, फिर बात 15 करोड़, फिर 5 करोड़ पर आई और आखिर में 1 करोड़ रुपये में शादी तय हुई. शादी के बाद से लगातार उनकी बेटी दिव्या को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा है. दिव्या के स्त्रीधन को हड़पने की कोशिश की गई. अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया गया है.

पत्नी पर जानलेवा हमला

सिर्फ इतना ही नहीं अनुपम मिश्रा पर कुछ तथ्यों को छिपाकर शादी करने का भी इल्जाम है. खास तौर पर कुछ तारीखों पर मारपीट और जानलेवा हमले का जिक्र किया गया है, जैसे 7 दिसंबर 2025 की रात करीब 2 बजे, 2 दिसंबर 2025 और 6 सितंबर 2025 को दिव्या पर हमला किया गया और उन्हें मारा-पीटा गया. जब दिव्या ने विरोध किया या कार्रवाई की कोशिश की, तो उसे करियर बर्बाद करने की धमकी दी गई. निशाकांत ओझा ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले पीडीडीयू नगर के स्थानीय अधिकारियों से इस बारे में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

जांच कर रही है पुलिस

बाद में उन्होंने प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की, जिसके बाद महिला थाने में यह मुकदमा दर्ज हुआ. यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दोनों ही पक्ष पीसीएस अधिकारी हैं और एक ही जिले में तैनात हैं. शादी के करीब साढ़े 5 साल बाद यह विवाद इतना गंभीर हो गया कि अब कोर्ट और पुलिस की जांच में है. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. यह घटना दहेज, घरेलू हिंसा और सरकारी अधिकारियों के निजी जीवन में आने वाली परेशानियों को लेकर एक बड़ा उदाहरण बन गई है.

कौन हैं अनुपम मिश्रा?

अनुपम मिश्रा UPPSC की PCS परीक्षा 2017 में रैंक 2 पर सेलेक्ट हुए थे. इससे पहले वे इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं. उन्होंने अमेरिका में करीब 30 लाख पैकेज छोड़कर सिविल सेवा की तैयारी की थी. वे 2019 बैच के PCS अधिकारी हैं. पहले सीतापुर जिले में डिप्टी कलेक्टर रहे. 2023 से चंदौली जिले में तैनात हैं. मार्च 2025 में उन्हें पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) तहसील का एसडीएम बनाया गया था, जहां वे अभी भी हैं.

अगला लेख