Begin typing your search...

BJP ने UP में चौंकाया, राज्यसभा चुनाव में 8 नए चेहरों पर लगाया दांव; हरदीप पुरी-बीएल वर्मा का क्या होगा? मोदी कैबिनेट में फेरबदल तय

BJP ने उत्तर प्रदेश की 8 राज्यसभा सीटों के लिए नए उम्मीदवारों का ऐलान किया है. हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा समेत पुराने सांसदों को दोबारा टिकट नहीं मिला. पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में OBC, SC, सामान्य वर्ग और महिला प्रतिनिधित्व का संतुलन साधने की कोशिश की है.

hardeep singh puri bl verma
X

हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा

( Image Source:  ANI )

बीजेपी ने 5 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश से अपने 8 राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सबको चौंका दिया. पार्टी ने अपने सभी 8 सिटिंग सांसदों का टिकट काटकर नए उम्मीदवार उतारे हैं. इससे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का मोदी कैबिनेट से इस्तीफा तय है. दोनों का कार्यकाल अगले महीने 25 नवंबर को खत्म हो रहा है. इससे केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल होना तय है.

हरदीप सिंह पुरी इस समय पेट्रोलियम एवं गैस मंत्री हैं. वहीं, बीएल वर्मा उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में राज्य मंत्री, और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं.

बीजेपी ने किन 8 उम्मीदवारों को उतारा?

  1. धर्मपाल सिंह
  2. राधाकांत ओझा
  3. प्रकाश पाल
  4. विद्यासागर सोनकर
  5. गोपी कृष्ण पांडे
  6. प्रियंका सिंह रावत
  7. राम प्रताप सिंह चौहान
  8. श्रुति गंगवार

यूपी से किन 8 सांसदों को नहीं मिला टिकट?

  1. हरदीप सिंह पुरी
  2. बीएल वर्मा
  3. अरुण सिंह
  4. सीमा द्विवेदी
  5. नीरज शेखर
  6. बृज लाल
  7. गीता शाक्य
  8. दिनेश शर्मा ( 11 सितंबर को राज्यसभा से इस्तीफा, मौजूदा समय में अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उप-राज्यपाल)

बीजेपी ने साधा जाति समीकरण

बीजेपी ने जिन 8 उम्मीदवारों को टिकट दिया है, उनमें 3 ओबीसी, 2 SC और 3 सवर्ण उम्मीदवार शामिल हैं. वहीं, दो महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है. ओबीसी उम्मीदवारों में लोधी, पाल और कुर्मी, जबकि सवर्ण उम्मीदवारों में ठाकुर और ब्राह्मण शामिल हैं.

कैसे बीजेपी जीतेगी आठवीं सीट?

यूपी से राज्यसभा की 10 सीटों में से फिलहाल 8 पर भाजपा, जबकि एक-एक सीट पर सपा और बसपा का कब्जा है. इस समय यूपी विधानसभा में 396 विधायक हैं. पिछले 11 महीनों में 7 विधायकों का निधन हो गया. राज्यसभा का चुनाव जीतने के लिए हर उम्मीदवार को 37 प्रथम वरीयता वोट चाहिए. बीजेपी का 7 और सपा का 2 सीटें जीतना तय है. बीजेपी ने आठवां उम्मीदवार उतारकर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है.

भाजपा के पास 255 और उसके सहयोगियों के पास 33 विधायक हैं. इसमें अपना दल (एस) के 13, राष्ट्रीय लोक दल के 9 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 6 और निषाद पार्टी के 5 विधायक शामिल हैं. इससे बीजेपी के पास कुल 288 विधायकों का समर्थन हैं. पूजा पाल, मनोज पांडे, राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह के साथ राजा भैया की जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के 2 विधायकों का समर्थन मिलने से यह संख्या 296 आ जाती है.

इससे आठवीं सीट जीतने से बीजेपी 2 सीट पीछे रह जाती है. अगर 2 विधायकों का और समर्थन मिल जाता है तो बीजेपी आठवीं सीट जीत सकती है. राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग 16 अक्टूबर को होगा. नतीजे भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे.

Politics
अगला लेख