जैसलमेर के कुलधरा गांव की कहानी, मुखिया की लड़की के कारण 200 साल से वीरान है पूरा गांव- पढ़िए दिलचस्प कहानी
राजस्थान के जैसलमेर में स्थित कुलधरा गांव पिछले करीब 200 सालों से वीरान पड़ा है. लोककथाओं के मुताबिक, गांव के मुखिया की बेटी पर दीवान सालिम सिंह की बुरी नजर पड़ने के बाद पूरे पालीवाल ब्राह्मण समाज ने रातोंरात गांव छोड़ दिया था. जाते-जाते गांव को श्राप देने की कहानी आज भी लोगों को हैरान करती है.
राजस्थान जहां रेत सिर्फ हवाओं में नहीं उड़ती, बल्कि अपने अंदर सदियों पुराने राज भी छिपाकर रखती है. यहां हर किला कोई कहानी सुनाता है तो वहीं हर हवेली के पीछे कोई अधूरी दास्तान दबी है और इन्हीं कहानियों के बीच जैसलमेर के रेगिस्तान में एक ऐसा गांव मौजूद है, जो पिछले करीब 200 सालों से वीरान पड़ा है. उस गांव का नाम है- कुलधरा और इस गांव के किस्से सुनकर हर कोई हैरान हो जाता है कि क्या सच में ऐसा हुआ था एक लड़की का कारण पूरा गांव वीरान हो गया था और आज भी उस गांव में रात को कोई नहीं रुक सकता है ऐसी ही एक कहानी है राजस्थान के कुलधरा गांव की तो आइए एक नजर मारते हैं...
जैसलमेर के इस गांव में दिन में यहां बाहर से लोग घूमने आते हैं और खूब तस्वीरें खिंचवाते हैं, खंडहरों को देखकर इतिहास की बातें करते हैं… लेकिन जैसे ही सूरज ढलता है यहां की हवा का रुख बदल जाता है और हवा की आवाजों से एक डर पैदा होने लगता है, यहां के टूटे मकानों की खामोशी बेचैन करने लगती है और फिर शुरू हो जाती है उस गांव की कहानी जब रातों रात पूरा गांव ही गायब हो गया था.
जब कुलधरा गांव रेगिस्तान की शान था!
जब कुलधरा सिर्फ गांव नहीं, रेगिस्तान की शान हुआ करता था. आज जो कुलधरा खंडहरों में तब्दील नजर आता है, कभी वही जैसलमेर रियासत का सबसे समृद्ध गांव माना जाता था. इतिहासकार बताते हैं कि 13वीं शताब्दी के आसपास पालीवाल ब्राह्मणों ने इस गांव को बसाया था. ये लोग बेहद बुद्धिमान, मेहनती और व्यापार व खेती में माहिर थे. रेगिस्तान में जहां पानी की एक बूंद के लिए लोग तरसते थे, वहां पालीवालों ने ऐसी जल संरक्षण व्यवस्था बनाई कि बंजर जमीन भी लहलहाने लगी. उन्होंने 'खड़ीन तकनीक' विकसित की, जिससे बारिश का पानी जमा करके खेती की जाती थी. धीरे-धीरे कुलधरा इतना समृद्ध हो गया कि आसपास के 84 गांव इसी के प्रभाव में बस गए. यह गांव सिर्फ अमीर नहीं था… बल्कि बेहद व्यवस्थित भी था.
- पत्थरों से बने घर…
- हर घर के बीच आंगन…
- हवा के निकलने की खास जगह…
- पानी के लिए सीढ़ीदार कुएं…
सब कुछ ऐसा, जैसे किसी आधुनिक इंजीनियर ने डिजाइन किया हो. आज भी जब लोग कुलधरा के खंडहर देखते हैं, तो समझ जाते हैं कि यहां रहने वाले लोग अपने समय से बहुत आगे थे. लेकिन अक्सर इतिहास में सबसे बड़ी तबाही वहीं आती है…जहां सबसे ज्यादा खुशहाली होती है. जब जैसलमेर पर राज से ज्यादा डर का शासन था. 19वीं सदी की शुरुआत में जैसलमेर रियासत पर राजा का नहीं… बल्कि उसके दीवान सालिम सिंह का असली प्रभाव था. स्थानीय लोककथाओं में उसका नाम एक ऐसे शासक के तौर पर लिया जाता है, जो क्रूर, घमंडी और निर्दयी था. कहा जाता है कि उसने प्रजा पर भारी टैक्स लगाए हुए थे. लोग उसके नाम से कांपते थे. लेकिन कुलधरा की तबाही की असली वजह सिर्फ टैक्स नहीं थी…बल्कि एक लड़की थी और लड़की की उस गांव की मुखिया की खूबसूरत बेटी.
जब मुखिया की बेटी पर मोहित हुआ सलीम सिंह
जिसके बारे में कहां जाता है कि मुखिया की बेटी काफी सुंदर थी और उसकी खूबसूरती की चर्चा धीरे-धीरे जैसलमेर दरबार तक पहुंच गई. जब सालिम सिंह ने उसके बारे में सुना, तो वह उस लड़की को पाने की जिद पर अड़ गया. उसने गांव वालों के पास मैसेज भेजा. लड़की की शादी मुझसे करवा दो…वरना पूरा गांव बर्बाद हो जाएगा.' ये कोई रिश्ता नहीं था बल्कि ये सत्ता की ताकत की खुली धमकी थी और गांव वालों को सलीम सिंह ने तीन दिन का समय दिया था.
इसके बाद गांव वालों ने आंधी रात को पंचायत बुलाई और फिर इस पंचायत में एक ऐसा फैसला लिया गया जिसने पूरा इतिहास की बदल दिया. एक तरफ सालिम सिंह की ताकत…दूसरी तरफ गांव की इज्जत. पालीवाल ब्राह्मण जानते थे कि अगर विरोध किया गया तो कत्लेआम हो सकता है, लेकिन अपनी बेटी को जबरदस्ती सौंप देना भी उन्हें मंजूर नहीं था. इस पंचायत में 84 गांव के लोग भी पहुंचे . रेगिस्तान की रात… हजारों लोग… और हर चेहरे पर चिंता.
....और फिर पंचायत में एक फैसला लिया है जिसके बाद वहां का पूरा इतिहास ही बदल गया. पंचायत में कहा कि 'हम अपनी जमीन छोड़ देंगे…लेकिन अपनी बेटी और सम्मान नहीं. इसके बाद क्या जो जिस हालात में वहां आया हुआ उसी हालात में उस गांव को छोड़ दिया. किसी ने कुछ लेने के बारे में नहीं सोचा. यहां तक की कोई दोबारा घर के अंदर भी नहीं गया. सबकुछ त्याग कर वहां से निकल गया और जाते- जाते उस गांव को श्राप दिया कि यहां कोई गांव नहीं बसा पाएगा और फिर क्या आज भी वह गांव श्रापित है कहां जाता है रात को कोई वहां रुक नहीं सकता.
अगले दिन जब राजा के लोग जब सुबह गांव पहुंचे तो देखा तो पूरा गांव वीरान हो गया था किसी भनक तक नहीं लगी थी कि गांव के लोग अचानक कहां चले गए? ऐसा लगा कि मानों हवा का एक झोका आया और पूरे गांव को साथ ले गया.
- टूटे दरवाजे…
- खाली आंगन…
- बुझ चुके चूल्हे…
ऐसा लग रहा था जैसे पूरा गांव अचानक हवा में गायब हो गया हो.
क्या सच में कुलधरा को श्राप दिया गया था?
लोककथाओं के अनुसार, गांव छोड़ते समय पालीवाल ब्राह्मणों ने कुलधरा को श्राप दिया था. आज के बाद यहां कोई नहीं बस पाएगा. और यही वजह है कि दो सौ साल बाद भी कुलधरा वीरान पड़ा है. स्थानीय लोग बताते हैं कि कई लोगों ने यहां बसने की कोशिश की… लेकिन कोई टिक नहीं पाया. किसी को अजीब आवाजें सुनाई दीं… किसी ने परछाइयां देखने का दावा किया… तो कोई डरकर भाग गया.
धीरे-धीरे कुलधरा 'भूतिया गांव' कहलाने लगा. खंडहरों में आज भी जिंदा है एक सभ्यता. आज कुलधरा भारतीय पुरातत्व विभाग की निगरानी में है. यहां टूटे हुए पत्थर के मकान अब भी खड़े हैं. कई घरों में चूल्हे दिखाई देते हैं. कुछ जगहों पर घड़े रखने की जगह बनी हुई है. ऐसा लगता है जैसे यहां रहने वाले लोग अभी-अभी उठकर कहीं गए हों.. और कभी लौटकर ही नहीं आए. गांव के बीचोंबीच बना मंदिर आज भी समय का गवाह बनकर खड़ा है. रेगिस्तान की हवा जब इन खंडहरों से गुजरती है, तो पूरा माहौल रहस्यमयी हो जाता है.
क्या सच में इस गांव में आत्माएं हैं?
स्थानीय लोगों के बीच ये मान्यता बेहद मशहूर है कि कुलधरा आज भी श्रापित है. कई लोग दावा करते हैं कि रात में यहां कदमों की आवाजें सुनाई देती हैं. कुछ लोगों को ऐसा महसूस होता है जैसे कोई उनका पीछा कर रहा हो. 2013 में कुछ पैरानॉर्मल एक्सपर्ट्स ने यहां जांच भी की थी. हालांकि वैज्ञानिक रूप से किसी भूतिया गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई… लेकिन कुलधरा का डर आज भी लोगों के मन में जिंदा है. इसी वजह से लंबे समय तक यहां रात में रुकने की अनुमति नहीं थी. आज भी रेगिस्तान में खड़ा है एक अधूरा सवाल. कुलधरा सिर्फ एक गांव नहीं… बल्कि इतिहास का वो सवाल है, जिसका जवाब आज तक साफ नहीं मिल पाया.
क्या गांव वाले सच में श्राप देकर गए थे?
क्या वे सालिम सिंह के डर से भागे?
या फिर पानी की कमी और टैक्स ने उन्हें मजबूर कर दिया?
सच्चाई चाहे जो भी हो…
लेकिन एक बात आज भी साफ दिखाई देती है - कुलधरा के लोग अपना घर छोड़ सकते थे… लेकिन अपना सम्मान नहीं. और शायद यही वजह है कि राजस्थान के रेगिस्तान में आज भी टूटे हुए पत्थर जैसे फुसफुसाते हैं- 'हम उजड़ गए…मगर झुके नहीं…'




