Begin typing your search...

20 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई कौन? सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद आत्महत्या करने की कोशिश- जानिए पूरा विवाद

राजस्थान के जोधपुर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई ने कथित तौर पर ट्रोलिंग से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की. करीब 20 लाख फॉलोअर्स वाली अनिता खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन से जुड़े वीडियो बनाकर लोकप्रिय हुई थीं. विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने महिलाओं के पहनावे पर एक वीडियो शेयर किया.

20 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई कौन? सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद आत्महत्या करने की कोशिश- जानिए पूरा विवाद
X
( Image Source:  @venom1s- X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी5 Mins Read

Updated on: 3 Jun 2026 11:29 PM IST

Who is Anita Bishnoi: राजस्थान के जोधपुर से आई एक खबर ने सोशल मीडिया यूजर्स को झकझोर दिया है. खेतों में ट्रैक्टर चलाने वाली और लाखों लोगों की पसंदीदा कंटेंट क्रिएटर अनीता बिश्नोई ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की है.

परिवार का आरोप है कि लगातार हो रही सोशल मीडिया ट्रोलिंग और आपत्तिजनक टिप्पणियों ने उन्हें इस कदम के लिए मजबूर कर दिया. लेकिन सवाल यह है कि आखिर अनीता बिश्नोई कौन हैं और ऐसा क्या हुआ कि सोशल मीडिया पर मशहूर यह महिला अचानक सुर्खियों में आ गई? आइए जानते हैं पूरा विवाह...

कौन हैं अनीता बिश्नोई?

अनीता बिश्नोई राजस्थान के लाठी गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में जोधपुर में रहती हैं. उनके पति दीनाराम बिश्नोई खेती-किसानी का काम करते हैं. अनीता ने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान किसी ग्लैमर या डांस वीडियो से नहीं, बल्कि खेतों में किए जाने वाले कामों से बनाई. ट्रैक्टर चलाने से लेकर जुताई, बुवाई, सिंचाई और फसल कटाई तक के वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किए. उनके देसी अंदाज और खेती से जुड़े कंटेंट को लोगों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते वह इंटरनेट सेंसेशन बन गईं.

एक वीडियो से कैसे शुरू हुआ विवाद?

पूरे विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले शेयर किए गए एक वीडियो से हुई. इस वीडियो में अनीता बिश्नोई ने महिलाओं के छोटे कपड़ों और आधुनिक पहनावे को लेकर अपनी राय रखी थी. वीडियो वायरल हुआ तो बड़ी संख्या में लोगों ने इसका समर्थन किया, लेकिन विरोध करने वालों की संख्या भी कम नहीं थी. सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कमेंट्स, पोस्ट और वीडियो की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने उनकी आलोचना शुरू कर दी और मामला धीरे-धीरे व्यक्तिगत हमलों तक पहुंच गया.

ट्रोलिंग ने बढ़ाई परेशानी

परिवार के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद अनीता लगातार सोशल मीडिया ट्रोलिंग का सामना कर रही थीं. उनके पति दीनाराम बिश्नोई का आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स और कथित इन्फ्लुएंसर्स उन्हें निशाना बनाकर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे. इतना ही नहीं, व्हाट्सएप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे. परिजनों का कहना है कि यह सब अनीता के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा था और वह कई दिनों से तनाव में थीं.

ट्रोलर्स को जवाब देने के लिए जारी किया वीडियो

जब विवाद लगातार बढ़ता गया तो अनीता ने करीब चार दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी किया. इस वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है और उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील भी की कि उनकी बात को सही संदर्भ में समझा जाए. हालांकि इस सफाई के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आया और ट्रोलिंग का सिलसिला जारी रहा.

फेसबुक पर लिखा- 'आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी'. घटना वाले दिन सुबह अनीता बिश्नोई ने फेसबुक पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा कि 'आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी.' इस पोस्ट ने उनके परिवार और फॉलोअर्स को चिंता में डाल दिया. कई लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ घंटों बाद ही उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया.

जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती

जहर खाने के बाद अनीता की तबीयत तेजी से बिगड़ गई. परिजन उन्हें तुरंत जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बताई गई. घटना के बाद उनके समर्थकों और फॉलोअर्स में चिंता का माहौल है और लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.

पुलिस जांच में क्या सामने आ रहा है?

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस सोशल मीडिया ट्रोलिंग, कथित धमकियों, व्हाट्सएप मैसेज और ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर रही है. वहीं परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही और क्या ट्रोलिंग वास्तव में इस घटना की मुख्य वजह बनी.

क्यों चर्चा में है अनीता बिश्नोई का मामला?

अनीता बिश्नोई का मामला सिर्फ एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की कहानी नहीं है, बल्कि यह ऑनलाइन ट्रोलिंग और डिजिटल उत्पीड़न के गंभीर प्रभावों को भी सामने लाता है. खेती-किसानी के वीडियो से पहचान बनाने वाली एक महिला कंटेंट क्रिएटर का अचानक इस तरह सुर्खियों में आना कई सवाल खड़े कर रहा है. क्या सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और ट्रोलिंग लोगों की मानसिक स्थिति को खतरनाक स्तर तक प्रभावित कर रही है? फिलहाल अनीता बिश्नोई अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं और पूरा मामला पुलिस जांच के दायरे में है.

यदि आप चिंता या भावनात्मक दबाव से गुजर रहे हैं, तो भारत सरकार की जीवन आस्था हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. सुसाइड सामाजिक समस्या है.

वायरल
अगला लेख