Begin typing your search...

140 यात्रियों अटकी सांसे, कैसे रनवे पर उतरते ही फिर हवा में उड़ा इंडिगो का विमान... जयपुर एयरपोर्ट पर कब-कब हुई ऐसी घटनाएं?

इंदौर से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट के साथ शुक्रवार को एक ऐसी घटना हुई, जिससे विमान में सवार 140 यात्रियों की चिंता बढ़ गई. जयपुर एयरपोर्ट पर पहली बार लैंडिंग करते समय विमान रनवे पर सुरक्षित नहीं उतर पाया.

140 यात्रियों अटकी सांसे, कैसे रनवे पर उतरते ही फिर हवा में उड़ा इंडिगो का विमान... जयपुर एयरपोर्ट पर कब-कब हुई ऐसी घटनाएं?
X

राजस्थान के जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो की एक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया. इंदौर से जयपुर आ रही फ्लाइट 6E-7136 पहली कोशिश में रनवे पर सुरक्षित नहीं उतर पाई. विमान जैसे ही रनवे के करीब पहुंचा, पायलट ने लैंडिंग रोकने का फैसला लिया और विमान को दोबारा हवा में ले गया. इस दौरान विमान में सवार 140 यात्रियों की सांसें अटक गईं.

हालांकि, पायलट की सूझबूझ से कुछ देर बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई. पहली कोशिश के दौरान विमान का अप्रोच सही नहीं था, इसलिए पायलट ने जोखिम लेने के बजाय गो-अराउंड का फैसला किया. करीब 17 मिनट बाद विमान ने दूसरी कोशिश में दोपहर 1:20 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई.

क्या होता है गो-अराउंड?

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-7136 ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:03 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहली बार लैंडिंग की कोशिश की थी. इस दौरान विमान का अप्रोच अस्थिर था. यानी विमान रनवे पर उतरने के लिए सही स्थिति में नहीं था. ऐसी स्थिति में पायलट ने लैंडिंग जारी रखने के बजाय विमान को दोबारा हवा में ले जाने का फैसला किया. विमान के लैंडिंग की कोशिश रोककर दोबारा उड़ान भरने की इस प्रक्रिया को विमानन की भाषा में 'गो-अराउंड' कहा जाता है. इसके बाद विमान ने दोबारा लैंडिंग की तैयारी की और करीब 17 मिनट बाद सुरक्षित उतर गया.

जयपुर एयरपोर्ट पर कब-कब हुई ऐसी घटनाएं?

1. 10 सितंबर को उदयपुर से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7516 भी पहली कोशिश में सुरक्षित लैंड नहीं कर पाई थी. विमान रनवे को छूने के बाद दोबारा उड़ान भर गया था. करीब 20 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने के बाद विमान ने दोपहर 1:02 बजे सुरक्षित लैंडिंग की थी. उस समय विमान में 39 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे.

2. 5 फरवरी को मुंबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2781 को भी लैंडिंग के दौरान गो-अराउंड करना पड़ा था. विमान का अप्रोच अस्थिर होने के कारण पायलट ने लैंडिंग रोक दी थी. इसके बाद विमान करीब 10 से 11 मिनट तक हवा में रहा और फिर सुरक्षित तरीके से जयपुर एयरपोर्ट पर उतर गया.

3. इससे पहले 28 जनवरी को दिल्ली से जयपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1719 के साथ भी ऐसी ही घटना हुई थी. विमान ने रनवे पर उतरने के बाद लैंडिंग रोक दी और दोबारा उड़ान भर ली. करीब 10 मिनट तक हवा में रहने के बाद विमान ने दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग की थी.

क्यों लिया जाता है गो-अराउंड का फैसला?

विमान की लैंडिंग के दौरान मौसम, हवा की दिशा, रनवे की स्थिति या विमान के सही एंगल पर नहीं होने जैसी वजहों से पायलट को परेशानी हो सकती है. ऐसी स्थिति में पायलट लैंडिंग जारी रखने के बजाय विमान को दोबारा हवा में ले जाता है. इसका मकसद किसी भी संभावित खतरे से बचना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है. जयपुर में इंडिगो की फ्लाइट के मामले में भी पायलट ने यही फैसला लिया, जिसके बाद विमान सुरक्षित उतर गया.

अगला लेख