Begin typing your search...

भीषण गर्मी में कितना तप रहा राजस्थान, ये हैं 10 सबसे गर्म शहर, हिल स्टेशन माउंट आबू में अभी कैसा मौसम?

राजस्थान का हाल सबसे ज्यादा डराने वाला बन चुका है. यहां सूरज ऐसा कहर बरपा रहा है कि कई शहरों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है.

भीषण गर्मी में कितना तप रहा राजस्थान, ये हैं 10 सबसे गर्म शहर, हिल स्टेशन माउंट आबू में अभी कैसा मौसम?
X

मई की तपती दोपहर सड़कें सुनसान…हवा भी जैसे आग उगल रही हो. देश के कई राज्य इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में हैं, लेकिन राजस्थान का हाल सबसे ज्यादा डराने वाला बन चुका है. यहां सूरज ऐसा कहर बरपा रहा है कि कई शहरों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. दिन में बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं और लू के थपेड़े लोगों की हालत खराब कर रहे हैं.

दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर भारत तक लोग गर्मी से परेशान हैं, लेकिन राजस्थान में हालात और भी ज्यादा भयावह दिखाई दे रहे हैं. रेगिस्तान की तपिश अब शहरों को तंदूर बना चुकी है. खासकर बाड़मेर, जैसलमेर और फलौदी जैसे इलाके इस समय आग की भट्टी में बदल गए हैं. आइए जानते हैं राजस्थान के उन 10 शहरों के बारे में, जहां इस वक्त सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है और तापमान लोगों का जीना मुश्किल कर रहा है.

1. बाड़मेर- राजस्थान का सबसे तपता शहर

राजस्थान का बाड़मेर इस वक्त गर्मी का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है. यहां तापमान अक्सर 47 से 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है. दोपहर में सड़कें खाली दिखती हैं और गर्म हवाएं लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रही हैं.

2. श्रीगंगानगर-गर्मी में रिकॉर्ड तोड़ इलाका

श्रीगंगानगर को भारत के सबसे गर्म इलाकों में गिना जाता है. यहां पारा कई बार 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है. गर्म हवाओं के साथ तेज धूप लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन रही है.

3. चित्तौड़गढ़- पत्थरों का शहर भी तपने लगा

इतिहास और किलों के लिए मशहूर चित्तौड़गढ़ भी इस वक्त भीषण गर्मी की मार झेल रहा है. यहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है. दोपहर के समय हालात बेहद कठिन हो जाते हैं.

4. जैसलमेर-रेगिस्तान में आग जैसी गर्मी

थार मरुस्थल के बीच बसे जैसलमेर में सूरज का कहर साफ दिखाई देता है. दिनभर चलने वाली गर्म हवाएं और तेज धूप यहां का तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंचा रही हैं.

5. पिलानी-शिक्षा नगरी भी गर्मी से बेहाल

राजस्थान का पिलानी, जो शिक्षा संस्थानों के लिए मशहूर है, वहां भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.

6. फलौदी-रिकॉर्ड तोड़ गर्मी वाला शहर

फलौदी का नाम आते ही भीषण गर्मी याद आ जाती है. यह वही शहर है जहां देश के सबसे अधिक तापमान का रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है. इस बार भी यहां गर्मी अपने चरम पर है और पारा 47 डिग्री के करीब पहुंच रहा है.

7. बीकानेर-रेतीले तूफान और तपिश

बीकानेर में दिन की शुरुआत से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगती है. यहां तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और लू का असर लगातार बढ़ रहा है.

8. अलवर-NCR के पास लेकिन राहत नहीं

दिल्ली-NCR से सटे अलवर में भी गर्मी ने हाल बेहाल कर दिया है. यहां तापमान 45 डिग्री तक पहुंच रहा है और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं.

9. चूरू- एक्सट्रीम वेदर वाला जिला

चूरू हमेशा से अपने एक्सट्रीम मौसम के लिए जाना जाता है. सर्दियों में कड़ाके की ठंड और गर्मियों में आग उगलती गर्मी. इस वक्त यहां तापमान 47 डिग्री तक पहुंच चुका है.

10. कोटा-शुष्क मौसम ने बढ़ाई परेशानी

कोटा में मौसम बेहद शुष्क बना हुआ है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण यहां तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया जा रहा है.

हिल स्टेशन माउंट आबू का क्या हाल है?

जहां पूरा राजस्थान गर्मी से तप रहा है, वहीं राजस्थान का इकलौता हिल स्टेशन माउंट आबू लोगों को राहत दे रहा है. यहां का मौसम फिलहाल बेहद सुहावना बना हुआ है. दिन का तापमान लगभग 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, जबकि रात में पारा गिरकर 20 डिग्री के आसपास पहुंच जाता है. शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने लगती हैं और मौसम पूरी तरह बदल जाता है. यही वजह है कि भीषण गर्मी से परेशान लोग इन दिनों माउंट आबू का रुख कर रहे हैं. हरियाली, ठंडी हवा और शांत माहौल लोगों को राहत का एहसास करा रहा है.

अगला लेख