कौन हैं सुखपाल सिंह खैरा जिनका विवादों से रहा है पुराना नाता? अब महिलाओं पर टिप्पणी से मचाया सियासी तूफान, लिया गया सख्त एक्शन
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. महिलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद पंजाब विधानसभा ने उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया, वहीं महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है.
Sukhpal Singh Khaira Controversy: कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा की महिलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणी को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. पंजाब विधानसभा ने उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया है, वहीं पंजाब राज्य महिला आयोग ने भी इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है.
आयोग ने खास तौर पर दलित महिलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर गंभीर रुख अपनाते हुए पुलिस से रिपोर्ट मांगी है. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब विधानसभा में इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस और हंगामा देखने को मिला. सुखपाल सिंह खैरा का विवादों से काफी पुराना नाता रहा है.
क्या है पूरा विवाद?
सुखपाल सिंह खैरा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में एक यूट्यूबर कुछ महिलाओं की नैतिकता पर सवाल उठाता नजर आ रहा था. बताया गया कि वीडियो में दिख रही महिला कथित तौर पर आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता थी और 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा के बाद खुशी में डांस करती दिखाई दे रही थी. खैरा ने वीडियो शेयर करते हुए कहा था कि आर्थिक मदद की घोषणा के बाद महिलाएं खुशी मना रही थीं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि वे राज्य के किसानों और कर्मचारियों के साथ हो रही ज्यादतियों जैसे मुद्दों को नजरअंदाज कर रही हैं.
खैरा के खिलाफ क्या हुआ एक्शन?
सुखपाल सिंह खैरा की सोशल मीडिया पोस्ट पर गंभीर आपत्ति जताते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग ने कपूरथला पुलिस को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं. आयोग ने पंजाब पुलिस से कहा है कि इस मामले की जांच एसपी रैंक के अधिकारी से कराई जाए. इसके साथ ही आयोग ने कपूरथला के एसएसपी को निर्देश दिया है कि जांच की स्थिति रिपोर्ट जल्द से जल्द आयोग और अदालत को सौंपी जाए.
इससे पहले दिन में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में खैरा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश किया था. पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने अपनी टिप्पणी से दलित महिलाओं का जानबूझकर अपमान किया है.
कौन हैं सुखपाल सिंह खैरा?
सुखपाल सिंह खैरा का जन्म 13 जनवरी 1965 को हुआ था, वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता हैं और तीसरी बार पंजाब के भोलाथ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं. जुलाई 2017 से जुलाई 2018 तक वह पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे. जुलाई 2022 से वह अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं.
उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत यूथ कांग्रेस से की थी. वर्ष 1997 में वह पंजाब यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने. उन्हें राजनीति की विरासत अपने पिता सुखजिंदर सिंह खैरा से मिली, जो शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री रहे हैं। सुखपाल सिंह खैरा किसान और खेत मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं.
पहले किन विवादों में रहे हैं सुखपाल सिंह खैरा?
- सुखपाल सिंह खैरा पर पहले भी कई आरोप लग चुके हैं. उन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने सीमा पार से हेरोइन तस्करी करने वाले गुरदेव सिंह को बचाने की कोशिश की थी. हालांकि खैरा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था और जांच कराने की मांग की थी.
- अप्रैल 2018 में सरकार द्वारा गठित जस्टिस मेहताब सिंह गिल पैनल ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि खैरा के खिलाफ दर्ज 17 मामले झूठे थे और इसमें शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.
- नवंबर 2021 में प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में खैरा को गिरफ्तार किया था. यह मामला 2015 के एक बड़े ड्रग तस्करी केस से जुड़ा था, जिसमें हेरोइन, सोना, हथियार और फर्जी पासपोर्ट की तस्करी की जांच हो रही थी. ईडी ने आरोप लगाया था कि खैरा के इस मामले के आरोपियों से संबंध थे. बाद में मोहाली की एक अदालत ने उनके खिलाफ पीएमएलए के तहत आरोप तय किए.
- वर्ष 2018 में पार्टी के अंदर भी खैरा को आलोचना का सामना करना पड़ा था। उस समय पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच उनसे विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा देने की मांग की थी। आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया था कि खैरा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से नकद धन लिया था.




