पंजाब में नशा खत्म करने के दावे खोखले, 5 मिनट में हो रही होम डिलीवरी; चन्नी ने वीडियो जारी कर AAP को घेरा, क्या बोली सरकार?
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक वीडियो जारी कर AAP सरकार पर नशा रोकने में नाकामी का आरोप लगाया है. वीडियो में युवकों ने दावा किया कि राज्य में आज भी 5 मिनट में नशे की होम डिलीवरी हो रही है और शिकायतों के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है.
पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी
Charanjit Singh Channi targets Punjab government : पंजाब की राजनीति में नशे का मुद्दा एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में चन्नी ने पंजाब में नशे की खुलेआम सप्लाई और सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए हैं.
चरणजीत सिंह चन्नी की तरफ से शेयर किए गए इस वीडियो में उनके साथ दो युवक दिखाई देते हैं. बातचीत के दौरान ये युवक दावा करते हैं कि पंजाब के कई इलाकों में आज भी नशीले पदार्थों की होम डिलीवरी बेहद कम समय में हो रही है. वीडियो में एक युवक यह तक कहता है कि पहले जहां 10 मिनट में नशा पहुंचाया जाता था, अब वही सप्लाई 5 मिनट में कहीं भी दी जा रही है. यह दावा नशा तस्करों के नेटवर्क के अब भी पूरी तरह सक्रिय होने की ओर इशारा करता है.
पुलिस पर क्यों उठे सवाल?
वीडियो में युवकों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि नशे के कारोबार की शिकायतें करने के बावजूद कई मामलों में पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती. यहां तक कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के भी कुछ समय बाद बाहर आ जाने की बातें सामने आती हैं. एक युवक ने भावुक होते हुए बताया कि नशे की वजह से उसके एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी, लेकिन मामले में आरोपी को जल्द ही रिहा कर दिया गया.
चन्नी ने सरकार पर क्या आरोप लगाए?
इस पूरे वीडियो के जरिए चन्नी ने पंजाब सरकार के ‘नशे के खिलाफ अभियान’ को कटघरे में खड़ा किया है. उनका आरोप है कि सरकार के बड़े-बड़े दावों के उलट जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है. चन्नी का कहना है कि नशे पर लगाम लगाने के बजाय प्रदेश में इसकी समस्या और गंभीर होती जा रही है.
सरकार ने क्या कहा?
वीडियो सामने आने के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा है, जबकि आम आदमी पार्टी की ओर से अभी तक इस वीडियो और आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. अब सबकी नजर सरकार के जवाब और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.





