Begin typing your search...

राजघराने से ताल्लुक, 33 साल पहले पहली बार बने विधायक अब फिर जीता दतिया, जानें कौन हैं कांग्रेस के कुंवर घनश्याम सिंह

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह की जीत हुई हैं. आइए जानते हैं तीन बार विधायक रहे इस वरिष्ठ नेता का राजनीतिक सफर, पारिवारिक विरासत और चुनावी रिकॉर्ड.

राजघराने से ताल्लुक, 33 साल पहले पहली बार बने विधायक अब फिर जीता दतिया, जानें कौन हैं कांग्रेस के कुंवर घनश्याम सिंह
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी8 Mins Read

Updated on: 3 Aug 2026 5:46 PM IST

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह जीत चुके हैं. इस जीत से कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है और पार्टी नेताओं की ओर से उन्हें बधाइयां भी मिलने लगी हैं. खुद घनश्याम सिंह ने काउंटिंग सेंटर के बाहर दावा करते हुए कहा कि 'मैं पहले ही कह चुका था कि 12 से 15 हजार वोटों से जीतूंगा और आज भी उसी बात पर कायम हूं.' हालांकि वो 6 हजार वोट से ही जीत पाए.

आखिर 73 वर्षीय कुंवर घनश्याम सिंह कौन हैं, जिन पर कांग्रेस ने इतना बड़ा दांव खेला? बुंदेला राजघराने से आने वाले घनश्याम सिंह सिर्फ अपनी शाही विरासत की वजह से नहीं, बल्कि करीब तीन दशक लंबे राजनीतिक अनुभव, तीन बार विधायक रहने और दतिया-सेवढ़ा क्षेत्र में मजबूत जनाधार के कारण मध्य प्रदेश की राजनीति का बड़ा नाम माने जाते हैं. आइए जानते हैं उनके राजनीतिक सफर, पारिवारिक विरासत, चुनावी रिकॉर्ड और उन वजहों के बारे में, जिनके चलते वह दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के सबसे मजबूत चेहरे बनकर उभरे.

कौन हैं कुंवर घनश्याम सिंह?

कुंवर घनश्याम सिंह मध्य प्रदेश के दतिया जिले के प्रसिद्ध बुंदेला राजघराने (किला स्टेट) से संबंध रखते हैं. राजघराने की पृष्ठभूमि होने के बावजूद उन्होंने अपनी पहचान सक्रिय राजनीति के जरिए बनाई. लंबे समय से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़े घनश्याम सिंह दतिया और सेवढ़ा क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखने वाले नेताओं में गिने जाते हैं. स्थानीय राजनीति में उनकी छवि ऐसे नेता की रही है जो लगातार जनता के बीच सक्रिय रहते हैं. कांग्रेस संगठन में भी उन्हें अनुभवी और प्रभावशाली नेता माना जाता है.

राजपरिवार से विरासत में मिली राजनीतिक पहचान

घनश्याम सिंह की राजनीतिक विरासत उनके परिवार से जुड़ी हुई है. उनके पिता महाराज कृष्ण सिंह जूदेव दतिया राजघराने के प्रमुख सदस्य थे और वर्ष 1984 में कांग्रेस के टिकट पर भिंड-दतिया लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे. राजपरिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा और जनता से जुड़ाव का लाभ घनश्याम सिंह को भी मिला. यही वजह है कि दतिया और आसपास के क्षेत्रों में आज भी उनका प्रभाव देखने को मिलता है.

कैसा रहा कुंवर घनश्याम सिंह का राजनीतिक सफर?

कुंवर घनश्याम सिंह का राजनीतिक सफर करीब तीन दशक से ज्यादा लंबा रहा है. इस दौरान उन्होंने जीत और हार दोनों का सामना किया, लेकिन कभी सक्रिय राजनीति से दूरी नहीं बनाई. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाने वाले घनश्याम सिंह ने दतिया और सेवढ़ा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क बनाए रखा, जिसकी वजह से उनकी पहचान एक जमीनी नेता के रूप में बनी रही.

  • 1993: पहली बार बने विधायक- घनश्याम सिंह ने वर्ष 1993 में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया. इसी जीत के साथ उन्होंने दतिया की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.
  • 1998: पहली चुनावी हार- 1998 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. हालांकि इस हार के बाद भी उन्होंने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बरकरार रखी और संगठन के साथ जुड़े रहे.
  • 2003: दमदार वापसी- लगातार जनसंपर्क और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का फायदा उन्हें 2003 के चुनाव में मिला. उन्होंने दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की.
  • 2008: नरोत्तम मिश्रा से हार- 2008 के विधानसभा चुनाव में उनका मुकाबला भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा से हुआ, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा. यह चुनाव दतिया की राजनीति के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल रहा.
  • 2013: सेवढ़ा से नहीं मिली सफलता- 2013 में उन्होंने सेवढ़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके. इसके बावजूद उन्होंने क्षेत्रीय राजनीति में अपनी सक्रियता जारी रखी.
  • 2018: तीसरी बार पहुंचे विधानसभा- 2018 के विधानसभा चुनाव में घनश्याम सिंह ने शानदार वापसी करते हुए सेवढ़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार राधेलाल बघेल को हराया और तीसरी बार विधायक चुने गए. इस जीत ने कांग्रेस में उनकी राजनीतिक साख को और मजबूत किया.
  • 2023: फिर मिली हार- 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदीप अग्रवाल ने उन्हें पराजित कर दिया. हालांकि हार के बाद भी उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय रहकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का काम जारी रखा.
  • 2026: दतिया उपचुनाव में फिर बने कांग्रेस का चेहरा- 2026 के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अनुभवी नेता घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया. उन्हें 66,757 वोट मिले और वो 6016 मतों स जीते. बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 60,741 वोट मिले.

क्यों माने जाते हैं कांग्रेस के मजबूत उम्मीदवार?

कांग्रेस का मानना है कि कुंवर घनश्याम सिंह की सबसे बड़ी ताकत उनका वर्षों पुराना जनसंपर्क और क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक आधार है. दतिया और सेवढ़ा दोनों इलाकों में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है. स्थानीय स्तर पर उनकी साफ-सुथरी छवि और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की वजह से कांग्रेस उन्हें अपना सबसे भरोसेमंद चेहरा मानती है.

संगठन और भाषण कला भी बनी ताकत

घनश्याम सिंह को कांग्रेस के प्रभावशाली वक्ताओं में गिना जाता है. चुनावी सभाओं में उनके भाषण और संगठन को साथ लेकर चलने की क्षमता उनकी खास पहचान है. पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है, जिसके चलते संगठनात्मक स्तर पर भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है.

राजघराने से मिला राजनीतिक संस्कार

कुंवर घनश्याम सिंह का संबंध दतिया के बुंदेला राजघराने से है. उनके पिता महाराज कृष्ण सिंह जूदेव वर्ष 1984 में कांग्रेस के टिकट पर भिंड-दतिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए थे. यही राजनीतिक विरासत आगे चलकर घनश्याम सिंह की पहचान का अहम आधार बनी.

परिवार में कौन-कौन हैं?

घनश्याम सिंह का परिवार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से जुड़ा रहा है. उनकी बेटी मांडवी सिंह (मांडवी कुमारी) भी राजनीति में सक्रिय हैं और चुनावों के दौरान अपने पिता के प्रचार अभियान की प्रमुख जिम्मेदारी संभालती रही हैं. इसके अलावा दतिया राजपरिवार की पुश्तैनी संपत्ति को लेकर समय-समय पर परिवार के अन्य सदस्यों के बीच विवाद भी चर्चा में रहे हैं.

मतगणना के दौरान क्या बोले घनश्याम सिंह?

दतिया काउंटिंग सेंटर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए घनश्याम सिंह ने अपनी जीत का भरोसा जताया. उन्होंने कहा, "मैं पहले ही कह चुका था कि 12 से 15 हजार वोटों से जीतूंगा. अभी कई राउंड की गिनती बाकी है और हमारी बढ़त और बढ़ेगी. केवल अंतिम राउंड में हमारी पार्टी थोड़ी कमजोर है." मतगणना के शुरुआती दौर में वह 10 हजार से अधिक मतों की बढ़त बनाए हुए थे, जो बाद में और बढ़ती गई.

दतिया उपचुनाव में क्यों अहम मानी जा रही है उनकी जीत?

दतिया विधानसभा सीट मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित राजनीतिक सीटों में गिनी जाती है. ऐसे में यदि कुंवर घनश्याम सिंह इस उपचुनाव में जीत दर्ज करते हैं, तो इसे सिर्फ एक सीट की जीत नहीं बल्कि कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जाएगा. वहीं, उनके लंबे राजनीतिक करियर में भी यह जीत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो सकती है.

अगला लेख