‘शरीर पर थे चोट के निशान’, नोएडा की ट्विशा शर्मा मौत केस में नया मोड़, परिवार ने भोपाल कोर्ट से की दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग
Twisha Sharma की संदिग्ध मौत के मामले में परिवार ने भोपाल कोर्ट में दूसरी पोस्टमॉर्टम जांच की मांग की है. परिवार का आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान थे और दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पुलिस ने दबाव में कार्रवाई की. मामले की जांच SIT कर रही है.
दहेज मौत या कुछ और? ट्विशा शर्मा केस में दूसरी पोस्टमॉर्टम की मांग से बढ़ा विवाद
Twisha Sharma Death Case Latest Updates: नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है. अब ट्विशा के परिवार ने भोपाल की अदालत में दूसरी पोस्टमॉर्टम जांच की मांग की है. परिवार का आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर चोट के कई निशान थे, जो मौत से पहले लगे हो सकते हैं.
परिवार के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल की संबंधित अदालत में सेकेंड पोस्टमॉर्टम के लिए आवेदन दायर किया गया है. उनका कहना है कि परिवार को पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर भरोसा नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है.
क्या है पूरा मामला?
- ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इसके बाद मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए.
- परिवार का दावा है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को परेशान किया जा रहा था. आरोप यह भी है कि उससे महंगी कार और बड़ी रकम की मांग की जा रही थी.
- मामले में पुलिस ने ट्विशा के पति Samarth Singh और सास Giribala Singh के खिलाफ दहेज मृत्यु और उत्पीड़न का केस दर्ज किया है.
- हालांकि ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि परिवार पर लगाए गए आरोप गलत हैं और पुलिस ने दबाव में जल्दबाजी में कार्रवाई की.
- गिरीबाला सिंह ने दावा किया कि ट्विशा का इलाज मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के लिए चल रहा था. उन्होंने यह भी कहा कि दहेज मांगने का आरोप तर्कहीन है, क्योंकि उनके परिवार ने खुद लड़की पक्ष को आर्थिक मदद दी थी.
पति फरार, SIT कर रही जांच
मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह अभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया है. वहीं गिरीबाला सिंह को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है. पूरे मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है, जो CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है.
परिवार का आरोप है कि मौत के बाद ट्विशा की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, ताकि केस कमजोर किया जा सके. दूसरी तरफ ससुराल पक्ष लगातार खुद को निर्दोष बता रहा है। ऐसे में अब सबकी नजर पोस्टमॉर्टम और SIT जांच की रिपोर्ट पर टिकी है.




