Begin typing your search...

ड्रग्स की लत-मूड स्विंग्स, सास रिटायर्ड जज, पति वकील, इतना पावरफुल है Twisha Sharma का ससुराल, आरोपों को कैसे किया खारिज

भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़ आया है. रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में दावा किया कि ट्विशा ड्रग्स की लत और मूड स्विंग्स से जूझ रही थीं. वहीं मायका पक्ष ने मानसिक उत्पीड़न, जबरन अबॉर्शन और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. SIT जांच जारी है.

ड्रग्स की लत-मूड स्विंग्स, सास रिटायर्ड जज, पति वकील, इतना पावरफुल है Twisha Sharma का ससुराल, आरोपों को कैसे किया खारिज
X
( Image Source:  @JaikyYadav16-X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी9 Mins Read

Updated on: 18 May 2026 4:50 PM IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश कटारा हिल्स इलाके में 12 मई की रात एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सिर्फ मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी. 31 वर्षीय मॉडल, इंफ्लुएंसर और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल ट्विशा शर्मा अपने ही ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिलीं. शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन जैसे-जैसे उनके आखिरी चैट्स, दोस्तों से हुई बातचीत और परिवार के आरोप सामने आए, यह मामला एक हाई-प्रोफाइल और 'क्राइम कुंडली'में बदलता चला गया.

नोएडा के संभ्रांत परिवार से ताल्लुक रखने वाली ट्विशा की जिंदगी बाहर से जितनी ग्लैमरस दिखती थी, अंदर से उतनी ही उलझी हुई बताई जा रही है. मॉडलिंग, फिल्मों, कॉर्पोरेट करियर और सोशल मीडिया की चमक के पीछे आखिर ऐसा क्या चल रहा था कि शादी के मात्र कुछ महीनों बाद उनकी जिंदगी मौत के फंदे तक पहुंच गई? अब इस केस में मानसिक प्रताड़ना, जबरन अबॉर्शन, ड्रग्स की लत, वैवाहिक तनाव और प्रभावशाली परिवार के दबाव जैसे कई एंगल जुड़ चुके हैं.

कौन थीं ट्विशा शर्मा?

ट्विशा शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली थीं. उनके पिता नवनिधि शर्मा कृषि उत्पाद के बड़े कारोबारी बताए जाते हैं, जबकि भाई हर्षित सेना में मेजर हैं. पढ़ाई-लिखाई में तेज ट्विशा ने पुणे के सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय से BBA किया और बाद में NMIMS से MBA की पढ़ाई पूरी की. लेकिन ट्विशा सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहीं. उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और साल 2012 में 'मिस पुणे' का खिताब भी अपने नाम किया. इसके बाद विज्ञापनों, फैशन शो और क्षेत्रीय फिल्मों में भी काम किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह तेलुगु फिल्म 'मुग्गुरु मोनगल्लू' में भी नजर आ चुकी थीं.

कॉर्पोरेट दुनिया में भी ट्विशा की पहचान थी. दिल्ली और मुंबई में कई बड़ी कंपनियों के साथ उन्होंने मार्केटिंग और कम्युनिकेशन एक्सपर्ट के तौर पर काम किया. सोशल मीडिया पर वह खुद को योग ट्रेनर और विपश्यना साधक भी बताती थीं.

डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी लव स्टोरी?

बताया जा रहा है कि साल 2024 में ट्विशा की मुलाकात भोपाल के रहने वाले वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. समर्थ सिंह पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं. दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और दिसंबर 2025 में दोनों ने शादी कर ली. शादी के बाद ट्विशा भोपाल शिफ्ट हो गईं. शुरुआत में सबकुछ सामान्य बताया गया, लेकिन कुछ ही महीनों में रिश्ते में तनाव की खबरें आने लगीं.

'मम्मी... मेरा जीवन नरक हो गया है'

ट्विशा की मौत के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनके आखिरी चैट्स की हो रही है. मां और दोस्तों को भेजे गए मैसेज अब इस केस का सबसे बड़ा हिस्सा बन चुके हैं. एक चैट में ट्विशा ने अपनी मां को लिखा- 'मम्मी, मेरा जीवन नरक हो गया है.' दूसरे मैसेज में उन्होंने सवाल किया कि 'मुझे भोपाल क्यों भेजा गया, जब मेरे पति मुझसे बात तक नहीं करते? एक और चैट में उन्होंने लिखा कि 'भोपाल बुलाकर फिर से वही सब नाटक...! इन संदेशों से साफ संकेत मिलते हैं कि ट्विशा अपनी शादीशुदा जिंदगी से बेहद परेशान थीं.

'मैं फंस गई हूं…'दोस्तों से क्या कह रही थीं ट्विशा?

7 मई को अपनी एक करीबी दोस्त से हुई WhatsApp चैट में ट्विशा ने अपनी मानसिक स्थिति का जिक्र किया था. उन्होंने लिखा कि 'मैं एंग्जायटी में हूं… घर में बैठकर घुटन महसूस होती है.' इसके बाद उन्होंने अपनी दोस्त को शादी को लेकर चेतावनी भी दी. शादी की खुजली में शादी मत करना… सोच-समझकर आगे बढ़ना.' एक दूसरी इंस्टाग्राम चैट में ट्विशा ने लिखा. 'मैं फंस गई हूं… तू बस मत फंसना.' इन चैट्स ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शादी के पांच महीने के भीतर ऐसा क्या हुआ कि ट्विशा खुद को 'फंसा हुआ' महसूस करने लगी थीं.

क्या ट्विशा प्रेग्नेंट थीं?

शुरुआत में खबरें आईं कि ट्विशा दो महीने की गर्भवती थीं. लेकिन बाद में सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया. रिपोर्ट के मुताबिक मौत से करीब एक सप्ताह पहले प्रेग्नेंसी खत्म कराई गई थी. अब ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनका जबरन अबॉर्शन कराया गया. परिवार का दावा है कि ट्विशा मां बनना चाहती थीं, लेकिन ससुराल पक्ष इस प्रेग्नेंसी से खुश नहीं था. यही वजह है कि अब जांच एजेंसियां मेडिकल रिकॉर्ड और अस्पताल से जुड़े दस्तावेज भी खंगाल रही हैं.

ड्रग्स की लत और मूड स्विंग्स?

इस केस में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की. याचिका में दावा किया गया कि ट्विशा 'नशीले पदार्थों की आदी' थीं और अक्सर मूड स्विंग्स का शिकार रहती थीं. उनके मुताबिक ट्विशा के हाथ कांपते थे, वह चिड़चिड़ी रहती थीं और 'withdrawal symptoms' दिखाती थीं.

गिरिबाला सिंह ने यह भी दावा किया कि प्रेग्नेंसी का पता चलने के बाद ट्विशा का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था और वह 'गृहस्थ जीवन' नहीं निभाना चाहती थीं. सास ने कोर्ट में यह सवाल भी उठाया कि दिल्ली पहुंचने के बाद ट्विशा सीधे घर क्यों नहीं गईं.

हत्या या आत्महत्या? परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ट्विशा के परिवार ने इस केस को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद ट्विशा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा और भाई आशिष शर्मा का कहना है कि जब उन्होंने शव देखा तो शरीर पर चोट के कई निशान थे. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने FIR दर्ज करने में देरी की और उन्हें कई जगहों के चक्कर लगाने पड़े. इसके बाद परिवार ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के घर के बाहर प्रदर्शन किया और AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई.

क्या रिटायर्ड जज होने का असर जांच पर पड़ रहा है?

ट्विशा के परिवार का सबसे बड़ा आरोप यही है कि समर्थ सिंह की मां गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज हैं और उनका प्रभाव जांच को प्रभावित कर सकता है. परिवार का दावा है कि आरोपियों को अग्रिम जमानत भी मिल चुकी है. इसी वजह से अब निष्पक्ष जांच और कोर्ट मॉनिटरिंग की मांग लगातार उठ रही है. मध्य प्रदेश पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए SIT गठित की है. जांच एजेंसियां अब कई पहलुओं पर काम कर रही हैं, जिनमें शामिल हैं-

मौत आत्महत्या थी या हत्या?

क्या ट्विशा को मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी?

क्या जबरन अबॉर्शन कराया गया?

शरीर पर चोटों के निशान कैसे आए?

क्या डिजिटल चैट्स किसी बड़े सच की तरफ इशारा कर रहे हैं?

क्या प्रभावशाली परिवार जांच को प्रभावित कर रहा है?

फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड, चैट्स, मेडिकल हिस्ट्री और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की गहन जांच में जुटी हुई है.

ग्लैमर, प्यार और मौत…

एक तरफ चमकती ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़ी लड़की… दूसरी तरफ रिटायर्ड जज का परिवार… बीच में डेटिंग ऐप से शुरू हुई प्रेम कहानी… फिर शादी… प्रेग्नेंसी… तनाव… चैट्स… और आखिर में मौत. ट्विशा शर्मा केस अब सिर्फ एक संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि रिश्तों, मानसिक दबाव, पारिवारिक संघर्ष और सिस्टम पर उठते सवालों की ऐसी “क्राइम कुंडली” बन चुका है, जिसकी हर परत नया रहस्य खोल रही है.

अगला लेख