'ज़रा संभाल के' से 'मुग्गुरु मोनागल्लू' तक, क्यों Twisha Sharma ने छोड़ी थी एक्टिंग, क्या कहना है उनके को-एक्टर्स का
ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मामले में पति समर्थ सिंह और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोपों में FIR दर्ज की गई है. ट्विशा ने मॉडलिंग से करियर शुरू कर फिल्मों तक पहचान बनाई थी, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद हुई उनकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
12 मई को भोपाल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. पूर्व एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) को अपने घर में मृत अवस्था में पाया गया. उनकी मौत की खबर सुनकर फिल्म जगत के कई लोग स्तब्ध रह गए. ट्विशा अभी बहुत कम उम्र में ही थी और उन्होंने हाल ही में शादी की थी. कुछ दिनों बाद उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई. इस मामले की जांच अभी भी जारी है.
ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी. उन्होंने मिस पुणे का खिताब जीता था, जिसके बाद उन्होंने टीन ऐज में ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख दिया. उन्होंने डोव और लॉरियल जैसे बड़े ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग भी की. लेकिन उनकी असली पहचान एक्टिंग के फील्ड में बनी. उन्होंने एजुकेशन को भी बहुत महत्व दिया. उन्होंने सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से बीबीए की डिग्री हासिल की और बाद में एनएमआईएमएस से एमबीए पूरा किया. शादी से पहले वह रेस्तरां फील्ड में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर काम कर रही थी.
एक्टिंग करियर की शुरुआत और फिल्में
ट्विशा ने 2018 में हिंदी साइबर क्राइम थ्रिलर फिल्म 'ज़रा संभाल के' से एक्टिंग की शुरुआत की. यह फिल्म फिलहाल फेसबुक पर अवेलेबल है. फिल्म में साइबर धोखाधड़ी की पूरी दुनिया को बहुत अच्छे तरीके से दिखाया गया है. इसमें बताया गया है कि स्कैमर लोग कैसे भोले-भाले लोगों को फंसाते हैं. कहानी क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी से जुड़े एक गिरोह के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में सोशल मैसेज भी दिया गया है कि लोग साइबर क्राइम से कैसे बचें. इस फिल्म में ट्विशा ने नियारा नाम की किरदार निभाया था. नियारा गिरोह की सदस्य थी. वह शहर में नई लड़की होने का नाटक करती और अपना फोन खो जाने का बहाना बनाकर लोगों से फोन मांगती थी. फिल्म के अंत में उनका किरदार पुलिस के सामने सरेंडर करता दिखाया गया था. फिल्म में सचिन श्रीवास्तव, राघव कुमरा, मनोज त्रेहन, जतिन चंदोलिया और आश्ना मक्कर जैसे कलाकार भी थे.
'मुग्गुरु मोनागल्लू' आखिरी फिल्म
इसके बाद ट्विशा ने तेलुगु भाषा में कॉमेडी थ्रिलर फिल्म 'मुग्गुरु मोनागल्लू' में काम किया. यह फिल्म 2021 में रिलीज हुई थी और अभी प्राइम वीडियो पर अवेलेबल है. फिल्म में तीन दोस्तों की कहानी है- एक गूंगा, एक बहरा और एक अंधा. ये तीनों हत्याओं की एक लिस्ट के सुराग लेकर पुलिस के पास जाते हैं. ट्विशा ने इसमें अंजली डी का किरदार निभाया था, जो एक गूंगी लड़की थी और लीड एक्ट्रेस दीक्षित शेट्टी की गर्लफ्रेंड थी. फिल्म की यूनिक और कॉमिक के कारण लोगों को बहुत पसंद आई. यह फिल्म ट्विशा की आखिरी फिल्म साबित हुई. 'मुग्गुरु मोनागल्लू' के बाद उन्होंने और फिल्मों में काम करने के बजाय पढ़ाई और कॉर्पोरेट क्षेत्र पर ध्यान देने का फैसला लिया.
साथी कलाकारों की प्रतिक्रिया
ट्विशा की मौत की खबर सुनकर उनके को-एक्टर्स बहुत दुखी हुए. 'मुग्गुरु मोनागल्लू' फिल्म के हीरो दीक्षित शेट्टी ने कहा, 'यह खबर सुनकर बहुत सदमा लगा. ट्विशा बहुत हार्डवर्किंग, डेडिकेटेड और जीवन से भरपूर लड़की थी. वह अपने काम में जुनून रखती थी.' दीक्षित ने बताया कि फिल्म के बाद उनका कांटेक्ट कम हो गया था. ट्विशा ने उन्हें बताया था कि वह मास्टर डिग्री करना चाहती थी. एक्टिंग उनके सपनों के मुताबिक नहीं चला तो वह परिवार के पास वापस लौटना चाहती थी. उनके भाई आर्मी में थे, इसलिए परिवार के साथ रहना चाहती थी. फिल्म के निर्देशक अभिलाश रेड्डी ने भी ट्विशा को बहुत ईमानदार और प्रोफेशनल एक्ट्रेस बताया. उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग के दिन उनके माता-पिता से मुलाकात हुई थी. वे बहुत अच्छे और प्यारे लोग थे. एक्ट्रेस श्वेता वर्मा, जो उसी फिल्म में ट्विशा के साथ काम कर चुकी हैं, ने इंस्टाग्राम पर इमोशनल पोस्ट लिखा. उन्होंने कहा, 'अभी भी सदमे में हूं. शादी के सिर्फ छह महीने बाद यह खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. ट्विशा में बहुत पॉजिटिव एनर्जी थी. वह कभी ऐसा कदम नहीं उठा सकती लगती थी. उम्मीद है कि जांच सही तरीके से होगी और सच्चाई सामने आएगी.
शादी और पारिवारिक जीवन
ट्विशा की मुलाकात उनके पति समर्थ सिंह से 2024 में एक मैरिज वेबसाइट के जरिए हुई थी. दोनों ने 9 दिसंबर 2025 को दिल्ली में शादी कर ली. शादी को अभी सिर्फ कुछ महीने ही हुए थे कि यह दुखद घटना हो गई. परिवार के सदस्यों का कहना है कि शादी के बाद घर में कई समस्याएं शुरू हो गईं. एफआईआर में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. आरोप हैं कि वे ट्विशा से दहेज की मांग करते थे, बार-बार ताने मारते थे, उनके करैक्टर पर सवाल उठाते थे और प्रेगनेंसी के दौरान भी उन पर दबाव डालते थे. परिवार का आरोप है कि उन पर किसी दूसरे व्यक्ति के बच्चे का आरोप लगाया गया और बाद में जबरन एबॉर्शन कराने के लिए मजबूर किया गया. पुलिस ने व्हाट्सएप चैट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी जिक्र किया है, जिसमें मौत से पहले शरीर पर कई घाव बताए गए हैं. दूसरी ओर, सास गिरिबाला सिंह ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि ट्विशा मेन्टल हेल्थ की समस्या से जूझ रही थी और नशे की लत भी थी, जिसका असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ रहा था.




