मध्य प्रदेश के खंडवा में भंडाफोड़: मरे जानवरों की चर्बी से बन रहा था घी और आइसक्रीम; 79 टीन बरामद
खंडवा में प्रशासन ने छापा मारकर नकली घी और आइसक्रीम बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया, जिसमें मरे पशुओं की चर्बी का इस्तेमाल हो रहा था. कार्रवाई में भारी मात्रा में घी जब्त कर फैक्ट्री सील की गई, मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया गया.
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में जिला प्रशासन की टीम ने एक बहुत गंभीर और चौंकाने वाले अवैध कारखाने पर छापा मारा. इस कारखाने में लोग मृत पशुओं की चर्बी (फैट) से नकली घी और आइसक्रीम बनाने का काम कर रहे थे. यह पूरी तरह से अवैध और बेहद खतरनाक गोरखधंधा था, जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ कर रहा था.
क्या हुआ छापेमारी में?
शुक्रवार सुबह, मुखबिर की सूचना पर जिला प्रशासन, सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम, खाद्य विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने मोघट थाना क्षेत्र के इमलीपुरा वार्ड में स्थित बेगम पार्क के पास एक जगह पर दबिश दी. जैसे-जैसे टीम संकरी गलियों में बने छोटे-छोटे कमरों को खोलती गई, वैसे-वैसे वहां से हैरान कर देने वाले नजारे सामने आने लगे. पूरे ठिकाने पर पशुओं की चर्बी, हड्डियां, खाल और दूसरे अवशेष बिखरे पड़े थे। टीम ने वहां से कुल 79 टीन के कनस्तर और 9 बड़े नीले ड्रम भरे हुए नकली घी बरामद किए. इसके अलावा कई बोरे भरकर पशुओं के अवशेष भी मिले. इस अवैध कारखाने का मुख्य आरोपी अनवर कुरैशी को टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है.
विधायक का बयान
खंडवा की विधायक भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने इस घिनौने कारोबार की निंदा करते हुए कहा कि यह मानव स्वास्थ्य के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है. उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन की इस कार्रवाई की खूब तारीफ की. साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि आरोपियों पर रासुका जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए और पूरे जिले में ऐसे अवैध कारखानों की जांच कराई जाए.
स्वास्थ्य विभाग की चिंता
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि यह कारखाना लोगों की सेहत के साथ सीधा खतरा बन गया था. यहां से बरामद की जो समाग्री को जब्त कर लिया गया है और कारखाने को सील कर दिया गया है. पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने मौके से चर्बी और चमड़े के सैंपल लिए हैं, जिन्हें लैब में भेज दिया गया है. लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ पता चलेगा कि यह किस-किस पशु की चर्बी थी. सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने बताया कि आरोपी अनवर कुरैशी को पुलिस को सौंप दिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.




