Begin typing your search...

इंदौर में EV कार शॉर्ट सर्किट से लगी आग के फैलने का बड़ा कारण क्या? जिस हालत में मिला बड़ी बहू का शव, कांप गई रूह

इंदौर में एक घर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही मिनटों में एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया. इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग बाल-बाल बच निकले.

Indore EV car Fire
X

Indore EV car Fire

( Image Source:  X/ @rupeshmishramp )
विशाल पुंडीर
Edited By: विशाल पुंडीर4 Mins Read

Updated on: 19 March 2026 3:10 PM IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को शोक में डुबो दिया. तिलक नगर स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में एक घर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही मिनटों में एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया. इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग बाल-बाल बच निकले.

यह हादसा इतना भयावह था कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला. आग और धुएं ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यह त्रासदी एक दर्दनाक याद बनकर रह गई.

कैसे लगी थी आग?

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की। आग सबसे पहले पोर्च में लगी और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई. पोर्च में खड़ी अन्य गाड़ियां बुलेट बाइक, करीब 17 लाख रुपये की हायाबुसा और एक स्कूटर भी जलकर राख हो गए. मौके पर शॉर्ट सर्किट के संकेत मिले हैं.

क्या था आग फैलने का बड़ा कारण?

घर के अंदर प्लायवुड और लकड़ी से बना इंटीरियर आग फैलने का मुख्य कारण बना. खासतौर पर फर्स्ट फ्लोर पर ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया. घर में रखे कुछ केमिकल्स ने भी आग को और भड़काया, जिससे हालात बेहद खतरनाक हो गए.

हादसे के दौरान कई लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन दूसरी मंजिल की सीढ़ियों पर लगा चैनल गेट बंद था. इसी वजह से वे बाहर नहीं निकल सके. रेस्क्यू टीम को सीढ़ियों पर तीन शव मिले, जिससे अंदाजा लगाया गया कि ये लोग आखिरी समय तक बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दम घुटने से उनकी मौत हो गई.

हादसे में बचे सौमिल ने क्या बताया?

हादसे में बचकर निकले सौमिल ने बताया कि आग लगते ही पूरे घर में धुआं भर गया और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. उनके भाई सौरभ ने हिम्मत दिखाते हुए सभी को जगाया और बालकनी तक पहुंचाया. पड़ोसियों ने जालियां तोड़कर सीढ़ी लगाई, जिसके सहारे चार लोग बाहर निकल सके, लेकिन अंदर फंसे अन्य लोगों को बचाने की कोशिश नाकाम रही.

क्या था सबसे दर्दनाक दृश्य?

सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य परिवार की बड़ी बहू का था, जिनका शव बैठे हुए हालत में मिला. ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे वह आखिरी पल तक किसी के बचाने का इंतजार कर रही हों. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पूरे घर में फैले धुएं और आग के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा. जांच में सामने आया है कि घर पूरी तरह फर्निश्ड था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे आग तेजी से फैल गई.

MP news
अगला लेख