'एल्गोरिदम किंग' आर्यन केल्विन कौन हैं? धनबाद के लड़के ने इंस्टाग्राम पर मचा दिया तहलका- 15 मिलियन फॉलोअर्स
झारखंड के धनबाद से निकलकर सोशल मीडिया स्टार बनने तक का उनका सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. उनका असली नाम अमन पंडित है, लेकिन इंटरनेट पर दुनिया उन्हें आर्यन केल्विन के नाम से जानती है.
सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है- Aaryan Kelvin. इंस्टाग्राम खोलते ही उनकी रील्स, मीम्स और वीडियो हर जगह दिखाई दे रहे हैं. हालत यह है कि लोग मजाक में कहने लगे हैं कि अगर किसी वीडियो में आर्यन केल्विन का नाम या फोटो दिख जाए, तो वह वीडियो वायरल होना लगभग तय है. करोड़ों लाइक्स और अरबों की रीच के साथ आर्यन अब इंटरनेट की दुनिया में 'एल्गोरिदम किंग' के नाम से पहचाने जाने लगे हैं.
झारखंड के धनबाद से निकलकर सोशल मीडिया स्टार बनने तक का उनका सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. उनका असली नाम अमन पंडित है, लेकिन इंटरनेट पर दुनिया उन्हें आर्यन केल्विन के नाम से जानती है. बेहद साधारण परिवार से आने वाले इस लड़के ने आज अपनी मेहनत के दम पर करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बना ली है.
कौन हैं आर्यन केल्विन?
Aaryan Kelvin झारखंड के धनबाद जिले के भूली ए ब्लॉक इलाके के रहने वाले हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 1.5 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जाते हैं. उनके वीडियो खासकर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जबरदस्त वायरल होते हैं. उनकी पहचान सिर्फ कॉमेडी वीडियो तक सीमित नहीं है. आर्यन अपनी अनोखी एक्टिंग स्टाइल, रिलेटेबल कंटेंट और इमोशनल मोटिवेशनल स्टोरीज के लिए भी जाने जाते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी रीच करीब 2.2 बिलियन यानी लगभग 220 करोड़ बताई जा रही है, जिसने उन्हें इंटरनेट सेंसेशन बना दिया है.
कैसे शुरू हुआ डिजिटल सफर?
आर्यन केल्विन ने अपने डिजिटल करियर की शुरुआत छोटे-छोटे फनी वीडियो और शॉर्ट कंटेंट से की थी. शुरुआत में उनके वीडियो बहुत कम लोगों तक पहुंचते थे, लेकिन उन्होंने लगातार कंटेंट बनाना जारी रखा. जब इंस्टाग्राम रील्स का दौर तेजी से बढ़ा, तब उनकी वीडियो स्टाइल लोगों को अलग और मजेदार लगने लगी. उनकी कॉमिक टाइमिंग, एक्सप्रेशन और आम जिंदगी से जुड़ी स्क्रिप्ट्स ने युवाओं को तेजी से आकर्षित किया. धीरे-धीरे उनके वीडियो वायरल होने लगे और देखते ही देखते वह करोड़ों फॉलोअर्स वाले कंटेंट क्रिएटर बन गए.
आर्थिक तंगी में बीता बचपन
आज करोड़ों लाइक्स पाने वाले आर्यन का बचपन बेहद संघर्षों में बीता. मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे अमन पंडित ने बहुत कम उम्र में ही घर की जिम्मेदारियां उठानी शुरू कर दी थीं. करीब 18 साल की उम्र में उन्होंने एक छोटी दुकान में नौकरी की, जहां उन्हें महीने के सिर्फ 3 से 4 हजार रुपये मिलते थे. लंबी शिफ्ट में काम करने के बाद भी वह रात में वीडियो एडिटिंग और कंटेंट बनाने में लगे रहते थे. उनकी जिंदगी का एक दौर ऐसा भी था जब बारिश में काम पर जाने के लिए उनके पास रेनकोट खरीदने तक के पैसे नहीं थे. वह प्लास्टिक ओढ़कर काम पर जाते थे और ट्रेन में जमीन पर बैठकर सफर करते थे. लेकिन इन मुश्किलों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को कभी नहीं छोड़ा.
शुरुआत में लोगों ने उड़ाया मजाक
आज सोशल मीडिया पर जिनकी फैन फॉलोइंग करोड़ों में है, उन्हें शुरुआत में काफी ताने सुनने पड़े थे. जब उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया तो कई लोगों ने उनका मजाक उड़ाया. कुछ वीडियो में ताश के पत्तों का इस्तेमाल करने पर लोगों ने उन्हें 'जुआरी' तक कह दिया था. लेकिन आर्यन ने आलोचनाओं को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने लगातार अपनी वीडियो क्वालिटी, एडिटिंग और स्क्रिप्टिंग पर काम किया. धीरे-धीरे उनकी मेहनत रंग लाई और इंस्टाग्राम का एल्गोरिदम भी उनके कंटेंट को तेजी से लोगों तक पहुंचाने लगा. इसके बाद उनका नाम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा.
स्कॉर्पियो खरीदते समय भावुक हो गए आर्यन
हाल ही में आर्यन केल्विन ने अपनी मेहनत की कमाई से अपनी ड्रीम कार Mahindra Scorpio खरीदी. कार की डिलीवरी लेते समय उनकी मां के साथ भावुक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए. बताया जा रहा है कि सिर्फ उस वीडियो पर ही करोड़ों लाइक्स आए. यह पल आर्यन के लिए सिर्फ एक गाड़ी खरीदने का नहीं, बल्कि संघर्ष से सफलता तक पहुंचने का प्रतीक बन गया.
क्यों कहा जा रहा है ‘एल्गोरिदम किंग’?
सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि आर्यन केल्विन का नाम अब खुद एक ट्रेंड बन चुका है. उनके वीडियो अपलोड होते ही लाखों-करोड़ों व्यूज आ जाते हैं. कई लोग दावा करते हैं कि अगर किसी कंटेंट में आर्यन का नाम या फोटो जोड़ दिया जाए तो उसकी रीच तेजी से बढ़ जाती है. यही वजह है कि इंटरनेट मीडिया की दुनिया में अब उन्हें 'एल्गोरिदम किंग' कहा जा रहा है. धनबाद का यह लड़का आज उन युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा बन गया है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं. आर्यन केल्विन की कहानी यह साबित करती है कि अगर मेहनत लगातार जारी रहे तो छोटे शहरों से निकलकर भी डिजिटल दुनिया में बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है.




