Jharkhand Polls 2024: झारखंड NDA में हो गया सीटों का बंटवारा, आजसू को 10 तो चिराग की पार्टी को भी मिली एक सीट
Jharkhand Polls: झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सीटों के बंटवारे को लेकर मुहर लग गई है. हालांकि, चुनाव से पहले एनडीए को बड़ा झटका लगा है. आजसू पार्टी के केन्द्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री उमाकांत रजक ने आजसू पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. इसका कारण उन्होंने टिकट नहीं मिलना बताया है.

Jharkhand Polls: आने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सीटों के बंटवारे पर अंतिम मुहर लगा दी है. समझौते के मुताबिक, भाजपा 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन पार्टी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
एनडीए के सहयोगी जेडीयू दो और एलजेपी एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे. ये पहली बार है जब चिराग पासवान की पार्टी भी झारखंड में चुनाव लड़ेगी. असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनडीए राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार को हटाने की कोशिश कर रही है.
सुदेश महतो की ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिनमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, इचाघर, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर शामिल हैं. जबकि नीतीश कुमार की जनता दल-यूनाइटेड (JDU) दो सीटों - तमाड़ और जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव लड़ेगी, वहीं चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) चतरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगी.
झारखंड में भाजपा किन सीटों पर चुनाव लड़ रही है?
भाजपा 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिनमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोरैयाहाट, गोड्डा, महगामा, कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बरकागांव। हजारीबाग, सिमरिया, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जमशेदपुर पश्चिम, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, चक्रधरपुर , खरसावां, तोरपा, खूंटी, खिजरी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, मनिका, लातेहार, पांकी, डाल्टनगंज, बिश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर है.
झारखंड में नामांकन प्रक्रिया हुई शुरू
झारखंड में 43 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई. इन सीटों पर 13 नवंबर को पहले चरण में मतदान होना है. नामांकन प्रक्रिया 25 अक्टूबर तक चलेगी. नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे. 2014 के झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा और आजसू ने गठबंधन किया था और दोनों ने मिलकर 42 सीटें जीती थीं, भाजपा ने 37 और आजसू ने 5. सीटें जीती थीं.