रिटायर्ड आर्मी कैप्टन की पत्नी की हत्या, CCTV में शव को छिपाते दिखे नौकरानी और उसका बेटा... कैसे पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला?
पंचकूला में एक रिटायर्ड आर्मी कैप्टन की पत्नी की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को नौकरानी और उसका बेटा छिपाते हुए दिखाई दिए, जो छत पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गए.
Retired Army Officer wife Murder
हरियाणा के पंचकूला से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है, जहां गहनों के कथित रूप से गायब होने को लेकर हुए विवाद के बाद 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर दिए जाने का आरोप उनकी नौकरानी और उसके परिवार पर लगा है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतका की पहचान 72 वर्षीय नीरा मेहता के रूप में हुई है, जो एक रिटायर्ड सेना अधिकारी की पत्नी थीं. पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला और उसका बेटा कथित तौर पर शव को घर से निकालकर पड़ोसी की छत पर छिपाते हुए दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की फोरेंसिक जांच में जुटी हुई है.
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, रिटायर्ड सेना कप्तान मनमोहन लाल मेहता ने सेक्टर-21 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी घर वापस नहीं लौटी हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि घर से कुछ गहने गायब थे और उनकी पत्नी इसी संबंध में पूछताछ करने के लिए नौकरानी के घर गई थीं. पंचकूला की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अदिति सिंह ने कहा "उन्होंने सूचना दी कि उनके घर में चोरी हुई है. उनकी पत्नी ने बताया कि उनके कुछ गहने गायब हैं. इस बारे में पूछताछ करने के लिए वे अपने घरेलू सहायक के घर जा रहे हैं."
कहां से मिला शव?
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम घरेलू सहायिका के घर पहुंची, लेकिन मकान बाहर से बंद मिला. इसके बाद पुलिस ने पड़ोसी के घर की छत के रास्ते आसपास तलाश की, जहां एक पेड़ के नीचे कपड़े से ढका हुआ नीरा मेहता का शव मिला. घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई. डीसीपी अदिति सिंह ने बताया "फिर बगल वाले घर की छत पर उन्होंने देखा कि एक पेड़ के नीचे उनकी पत्नी श्रीमती नीरा मेहता, जिनकी उम्र लगभग 72 वर्ष थी, मृत पाई गईं."
कैसे 24 घंटे के अंदर सुलझा मामला?
जांच के दौरान पुलिस ने नौकरानी सुनीता देवी, उसके पति शंकर और बेटे राजा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध सबूतों के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. सेक्टर-20 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या, चोरी, सबूत मिटाने और समान इरादे से अपराध करने के आरोप में मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में सुनीता देवी और उसका बेटा राजा कथित तौर पर बुजुर्ग महिला का शव घर से बाहर ले जाते और पड़ोसी की छत पर छिपाते हुए दिखाई दे रहे हैं. जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों ने वारदात के बाद सबूत मिटाने का प्रयास किया.
जांच में क्या सामने आया?
जांचकर्ताओं के मुताबिक, शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि गहनों की कथित चोरी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हाथापाई में बदल गया. इसी दौरान नीरा मेहता की मौत हो गई. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
आरोपियों ने क्या कहा?
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गहने चोरी करने के आरोप से इनकार किया है. घरेलू सहायिका सुनीता देवी का दावा है कि नीरा मेहता फिसलकर गिर गई थीं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच के आधार पर की जाएगी.




