Begin typing your search...

गुरुग्राम के स्टेडियम में 4 दिन खड़ा रहा CM सैनी का हेलिकॉप्टर, खिलाड़ी नहीं कर पाए प्रैक्टिस, आखिर क्या थी वजह?

गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में CM नायब सिंह सैनी का हेलिकॉप्टर चार दिन तक खड़ा रहा. इस दौरान रनिंग ट्रैक बंद रहा और खिलाड़ियों की प्रैक्टिस प्रभावित हुई. जानें पूरी वजह.

गुरुग्राम के स्टेडियम में 4 दिन खड़ा रहा CM सैनी का हेलिकॉप्टर, खिलाड़ी नहीं कर पाए प्रैक्टिस, आखिर क्या थी वजह?
X

गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलिकॉप्टर अब हटा दिया गया है. खेल विभाग के मुताबिक, हेलिकॉप्टर को 6 अक्टूबर को ठीक करने के बाद स्टेडियम से उड़ा दिया गया. इसके बाद खिलाड़ियों के लिए रनिंग ट्रैक फिर से खोल दिया गया और सामान्य अभ्यास शुरू हो गया.

बताया गया कि मुख्यमंत्री के इस्तेमाल में आने वाला राज्य का यह हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी आने के बाद ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उतारा गया था. इसके बाद हेलिकॉप्टर कई दिनों तक स्टेडियम के सिंथेटिक रनिंग ट्रैक पर खड़ा रहा.

आखिर क्यों प्रैक्टिस नहीं कर पाए खिलाड़ी?

हेलिकॉप्टर के स्टेडियम में खड़े रहने के कारण सैकड़ों खिलाड़ियों को लगातार चार दिनों तक अपने मुख्य सिंथेटिक रनिंग ट्रैक पर अभ्यास करने का मौका नहीं मिला. इस दौरान स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर उतरने के बाद वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने एंट्री को बंद किया हुआ था. इससे स्टेट लेवल के रनर, स्प्रिंटर्स और दूसरे खिलाड़ियों को परेशानी हुई, जो रोजाना इसी सरकारी खेल परिसर में अभ्यास करते हैं और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर क्या मचा बवाल?

हेलिकॉप्टर के कारण ट्रैक बंद रहने की खबर सामने आने के बाद स्थानीय खेल प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई. लोगों ने सवाल उठाया कि खिलाड़ियों के लिए बनाए गए खेल परिसर के रनिंग ट्रैक का इस्तेमाल वीआईपी हेलिकॉप्टर खड़ा करने के लिए क्यों किया गया.

स्पोर्ट्सवियर स्टार्टअप OYR की सह-संस्थापक दिव्या सिंह ने भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया. उन्होंने एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर पिछले कुछ दिनों से ताऊ देवी लाल स्टेडियम में खड़ा है और इसके चलते ट्रैक बंद है.

दिव्या सिंह ने कहा कि यहां हर दिन सैकड़ों राज्य स्तर के खिलाड़ी अभ्यास करते हैं और कई खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग के लिए यही एकमात्र ट्रैक उपलब्ध है. उन्होंने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि खिलाड़ियों का भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना इंतजार कर सकता है, क्योंकि फिलहाल मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की पार्किंग ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है.

खेल विभाग ने क्या कहा?

खेल प्रशासन के अधिकारियों ने स्टेडियम में ट्रैक बंद रखने के पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया. अधिकारियों का कहना था कि हेलिकॉप्टर के वहां रहने के दौरान सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू थे और इसी वजह से खिलाड़ियों के लिए ट्रैक पर प्रवेश बंद रखा गया था.

हरियाणा के खेल विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राम मेहर सिंह ने कहा, “सुरक्षा कारणों से ट्रैक बंद था. मुख्यमंत्री सैनी के आज सुबह राज्य में पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर को हटा दिया गया है और ट्रैक फिर से खोल दिया गया है.”

हेलिकॉप्टर के हटाए जाने के बाद ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का रनिंग ट्रैक खिलाड़ियों के लिए दोबारा खोल दिया गया और उनकी सामान्य ट्रेनिंग और अभ्यास गतिविधियां फिर से शुरू हो गईं.

अगला लेख