पावर नहीं है तो बैठक छोड़ कर चली जाएं! कैथल एसपी उपासना पर मीटिंग के दौरान क्यों भड़क गए मंत्री अनिल विज? VIDEO
कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान जमीन धोखाधड़ी मामले में पुलिस कर्मचारी के सस्पेंशन को लेकर मंत्री अनिल विज और एसपी उपासना के बीच तीखी बहस हुई.
मीटिंग के दौरान कैथल एसपी और मंत्री अनिल विज के बीच हुई तीखी बहस
Haryana Minister Anil Vij Clashes with Kaithal SP: हरियाणा के कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक उस समय गरमा गई, जब राज्य के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज और कैथल की एसपी उपासना के बीच तीखी बहस हो गई. मामला एक पुलिस कर्मचारी से जुड़े जमीन बिक्री धोखाधड़ी केस का था.
बैठक में शिकायत आई थी कि एक पुलिस कर्मचारी जमीन सौदे में धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है. इस पर मंत्री अनिल विज ने तुरंत उस कर्मचारी को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए, लेकिन एसपी उपासना ने साफ कहा कि वे ऐसा नहीं कर सकतीं, क्योंकि संबंधित पुलिसकर्मी कुरुक्षेत्र जिले के अधिकार क्षेत्र में आता है और उनके पास उसे निलंबित करने की शक्ति नहीं है.
एसपी का जवाब सुन नाराज हो गए मंत्री विज
एसपी का यह जवाब सुनकर मंत्री विज नाराज हो गए. उन्होंने कहा कि उनके आदेश का पालन होना चाहिए और अगर एसपी के पास अधिकार नहीं है तो वे उनके नाम से पत्र लिखकर डीजीपी को भेजें, ताकि कार्रवाई हो सके. जब एसपी ने इस पर भी आपत्ति जताई तो विज ने सख्त लहजे में कहा, “अगर आपके पास पावर नहीं है तो बैठक छोड़कर चली जाएं.”
स्थिति और तनावपूर्ण हो गई, लेकिन बाद में एसपी ने कहा कि वे मंत्री के निर्देश का हवाला देते हुए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखेंगी, ताकि संबंधित पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई हो सके.
50 हजार घूस मांगने वाले जेई के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश
बैठक में एक और मामला भी उठा, जिसमें बिजली निगम के एक जेई पर ट्रांसफॉर्मर लगाने के बदले 50 हजार रुपये मांगने का आरोप था. मंत्री विज ने इस पर भी सख्त रुख अपनाते हुए जेई के खिलाफ केस दर्ज करने और तुरंत ट्रांसफॉर्मर लगाने के आदेश दिए. इस पूरी घटना के बाद बैठक चर्चा का विषय बन गई और प्रशासनिक अधिकारों को लेकर सवाल भी उठने लगे.





