असम की महिला वकील, दिल्ली में मारपीट, सोशल पर वीडियो वायरल... PM मोदी और CM रेखा गुप्ता से क्या लगाई गुहार?
दिल्ली में असम की एक महिला वकील के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. महिला वकील का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उसने कई आरोप लगाया.
Assam Woman Lawyer assault
दिल्ली के प्रसाद नगर इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला वकील के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला वकील असम की रहने वाली है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. जिसमें महिला वकील रोती हुई, परेशान नजर आ रही है.
घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, संपत्ति विवाद को लेकर महिला वकील कोर्ट में पैरवी कर रही थी. महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बाद भी उनके साथ मारपीट हुई और आरोपियों के खिलाफ तुरंत कोई कार्रवाई भी नहीं हुई.
क्यों शुरू हुआ विवाद?
पुलिस के अनुसार, महिला वकील एक व्यक्ति की पैरवी कर रही थीं, जिसे ‘डॉलर बाबा’ के नाम से जाना जाता है. यह मामला प्रसाद नगर क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर दो गुटों के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा है. महिला ने वीडियो में दावा किया कि उनके क्लाइंट का अगले दिन एक कार्यक्रम होना था और दूसरा पक्ष उसे रोकना चाहता था. महिला फोन पर बात करते हुए बोलती है कि "मेरे क्लाइंट का कल एक कार्यक्रम निर्धारित था. विरोधी समूह इसे बिगाड़ना चाहते थे और इसीलिए उन्होंने इतना हंगामा किया. उन्होंने मुझे इसलिए निशाना बनाया क्योंकि मैं दिल्ली में बाहरी हूं, जबकि वे स्थानीय गुंडे हैं."
महिला ने क्या-क्या लगाए आरोप?
महिला वकील ने झड़प के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों पर नस्लीय टिप्पणियां करने का आरोप भी लगाया. की रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने दावा किया कि उनसे और पूर्वोत्तर भारत के लोगों के दिल्ली आकर काम करने को लेकर आपत्तिजनक सवाल किए गए. घटना के बाद महिला ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी अपील की. महिला ने कहा "हमारी मुख्यमंत्री कहती हैं कि दिल्ली सबके लिए सुरक्षित है. क्या यही दिल्ली की सुरक्षा है, जहां कुछ लोग एक महिला वकील को निशाना बनाते हैं?"
उन्होंने आगे कहा "प्रधानमंत्री कहते हैं, 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अगर ऐसी घटना होती है तो बेटियां खुद को कैसे शिक्षित करेंगी?" पुलिस ने बताया कि महिला वकील ने अपनी शिकायत में घटना के दौरान छेड़छाड़ किए जाने का भी आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को सामने लाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है.
दूसरे पक्ष के क्या आरोप?
संपत्ति विवाद में शामिल दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दी गई है. इसमें मारपीट के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर भी कार्रवाई की गई है और दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस-एफआईआर दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.




