AC की सफाई से शुरू हुआ बखेड़ा कैसे नस्ल तक पहुंचा? 'मोमो'-'चिंकी' विवाद में नेता के बेटे की एंट्री; Top Updates
दिल्ली के मालवीय नगर में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं ने पड़ोसी दंपति पर नस्लीय टिप्पणी और धमकी देने का आरोप लगाया है. वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Delhi Malviya Nagar Racial
दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और आपराधिक धमकी का मामला चर्चा में है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दंपति के खिलाफ केस दर्ज किया है.
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि एयर कंडीशनर (AC) लगाने के दौरान हुए विवाद के बाद पड़ोसी दंपति ने न सिर्फ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि पूर्वोत्तर के लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में लगी हुई है.
ये भी पढ़ें :AC की धूल से दिल्ली के मालवीय नगर में मच गया बवाल! पीड़िता ने सुनाई आपबीती- देखिए VIDEO
क्या आपने घर में मसाज पार्लर खोल रखा है? विवाद में नेता के बेटे की एंट्री!
समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में एक पीड़िता ने बताया कि 'मुख्य मुद्दे पर बात करने के बजाय उन्होंने पूर्वोत्तर को निशाना बनाना शुरू कर दिया. वे लगातार कहते रहे कि पूर्वोत्तर के लोग अशिक्षित होते हैं. हम 500 रुपये में ‘धंधेबाजी’ (सेक्स वर्क) करते हैं. उन्होंने मुझे मारने की धमकी भी दी.' महिला के मुताबिक, आरोपी ने यह भी कहा कि 'क्या तुम यहां धंधा करने के लिए बैठी हो? क्या तुमने घर में मसाज पार्लर खोल रखा है?' वीडियो में आरोपी महिला यह कहते हुए भी दिखाई देती है कि जिस व्यक्ति से वे बात कर रहे हैं, वह एक बड़ा पॉलिटिशियन का बेटा है.
विवाद कैसे शुरू हुआ?
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है. महिलाएं अपने चौथे माले के किराए के फ्लैट में एयर कंडीशनर लगवा रही थी. इंस्टॉलेशन के दौरान कुछ धूल नीचे की मंजिल पर रहने वाले दंपति के हिस्से में गिर गई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई. इसी दौरान दोनों पक्षों में बहस तेज हो गई और मामला बढ़ता चला गया.
पीड़ित महिलाओं ने क्या आरोप लगाए?
ANI में शेयर किए गए वीडियो के मुताबिक, वीडियो में एक महिला ने कहा कि 'जब मेरा एयर कंडीशनर लगाया जा रहा था, तब कुछ धूल पहली मंजिल पर गिर गई. उन्होंने (पहली मंजिल पर रहने वाले लोगों ने) हमारे इलेक्ट्रिशियन के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया. हमने उसका बचाव किया. इसके बाद उसने पूर्वोत्तर को लेकर अपमानजनक बातें कहना शुरू कर दिया. बाद में उसने पुलिस को बुलाया और हमारी बहस हुई. मैं चाहती हूं कि उसे सजा मिले.' महिलाओं का आरोप है कि दंपति ने पूर्वोत्तर के लोगों को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं और उन्हें धमकाया भी.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि मालवीय नगर थाने में दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
आरोपी पक्ष का क्या कहना है?
दंपति की ओर से पेश हुए अधिवक्ता गौरव ने कहा कि 'वे लंबे समय से साथ रह रहे हैं. घटना के बाद भी वे समझौते के लिए साथ बैठकर बात कर रहे थे. इस मामले को सोशल मीडिया पर अनावश्यक रूप से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है. वीडियो में दोनों पक्ष बोल रहे हैं. जो वीडियो प्रसारित किया जा रहा है, वह चयनित और भ्रामक है.' उन्होंने आगे कहा कि 'गुस्से में उन्होंने कुछ कह दिया था और मेरे मुवक्किल को अपने कहे शब्दों पर अफसोस है. पीसीआर कॉल भी मेरे मुवक्किल ने ही की थी और पुलिस मौके पर मौजूद थी.'
मामला जांच के दायरे में
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह मामला एक बार फिर महानगरों में रहने वाले पूर्वोत्तर के लोगों के साथ भेदभाव के आरोपों को लेकर बहस छेड़ रहा है.




