Delhi-NCR में बारिश को लेकर क्या है IMD का अलर्ट, जानें आज और अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
बुधवार सुबह दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों तक राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
उत्तर भारत में उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. मानसून अब तेजी से आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश पहुंच चुका है और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब तथा राजस्थान की दहलीज तक दस्तक दे चुका है. मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले ही कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है.
बुधवार सुबह दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों तक राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.
कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से 6 जुलाई तक दिल्ली और एनसीआर में बारिश का दौर बना रहेगा. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ कई जगहों पर बादलों की गरज और बिजली चमकने की संभावना है. पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूरे सप्ताह आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है.
किन राज्यों में भी बरसेंगे बादल?
मौसम विभाग ने बताया है कि 1 जुलाई को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई के बीच अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 से 3 जुलाई और फिर 3 से 5 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अनुमान है. इससे प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में भी आज बारिश होने की संभावना है. पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और मौसम के अचानक बदलने की आशंका जताई गई है.




