Begin typing your search...

ऑपरेशन 'काबरा कान' में लगे 100 वनकर्मी, 3 डॉक्टर और ड्रोन, फिर भी नहीं पकड़ा जा रहा 3000KG का हाथी, आखिर क्या आ रही चुनौतियां?

छत्तीसगढ़ के जंगलों में 16 लोगों की जान लेने का आरोपी 3,000 किलो वजनी 'काबरा कान' हाथी वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. हाथी चार जिलों के जंगलों में घूमते हुए लगातार अपनी जगह बदल रहा है और अब दूसरे हाथियों के झुंड में छिप गया है.

Kabra Kaan Elephant Rescue
X

Kabra Kaan Elephant Rescue

( Image Source:  ANI )

छत्तीसगढ़ के जंगलों में इन दिनों एक जंगली हाथी को पकड़ने के लिए बड़ा अभियान चलाया जा रहा है. करीब 3,000 किलो वजनी और 20 साल के इस हाथी को पकड़ना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. पिछले 6 से 7 महीनों में इस हाथी पर कम से कम 16 लोगों को कुचलकर मारने का आरोप है. इसे 'काबरा कान' नाम दिया गया है. हाथी की तलाश में 100 से ज्यादा वनकर्मी, तीन पशु चिकित्सक, दो हाथी पकड़ने वाले और ड्रोन की मदद ली जा रही है.

वन विभाग को पिछले सप्ताह इस हाथी को बेहोश करके पकड़ने की अनुमति मिली थी लेकिन अब सबसे बड़ी परेशानी यह है कि हाथी दूसरे जंगली हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है. ऐसे में उसकी पहचान करना और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ना मुश्किल हो रहा है. यह हाथी छत्तीसगढ़ के चार जिलों में करीब 75 किलोमीटर के दायरे में घूम रहा है.

किन जिलों में घूम रहा ये हाथी?

काबरा कान हाथी छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से के चार जिलों में घूम रहा है. इनमें कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर शामिल हैं. इन जिलों के घने जंगलों में हाथी की लगातार तलाश की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, यह हाथी एक रात में करीब 35 से 40 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकता है. उसकी इसी तेज रफ्तार के कारण वन विभाग की टीमों को लगातार अपनी रणनीति बदलनी पड़ रही है.

हाथी ने कब ली 2 महिलाओं की जान?

वन विभाग ने करीब एक महीने पहले हाथी को बेहोश करके पकड़ने की अनुमति के लिए अपने वरिष्ठ अधिकारियों को एक लेटर लिखा था. आखिरकार 12 नवंबर को राज्य और केंद्र सरकार से इसकी मंजूरी मिल गई. हालांकि, इस अनुमति से पहले ही हाथी दो और महिलाओं की जान ले चुका था. इनमें से एक महिला की मौत 11 नवंबर को सूरजपुर में हुई, जबकि दूसरी महिला को 12 नवंबर को सरगुजा जिले में हाथी ने कुचल दिया था.

रेस्क्यू ऑपरेशन में कौन-कौन तैनात?

काबरा कान को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है. इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा वनकर्मी लगाए गए हैं. इनमें प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) भी शामिल हैं. इसके अलावा तीन पशु चिकित्सकों को अलग-अलग टीमों में तैनात किया गया है. इनका काम हाथी की तलाश करने के साथ उसे सुरक्षित तरीके से बेहोश करने में मदद करना है.

इस मुश्किल अभियान में वन विभाग ने दो कुमकी हाथियों को भी शामिल किया है. ये ट्रेनिंग लिए हुए हाथी हैं, जिन्हें करीब 10 साल पहले कर्नाटक से छत्तीसगढ़ लाया गया था. इन्हें खास तौर पर ऐसे रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया है. इनकी मदद से काबरा कान को बेहोश करने के बाद सुरक्षित तरीके से काबू में लाने की योजना बनाई गई है.

क्या बोले वन अधिकारी?

एक वन अधिकारी ने कहा "झुंड काबरा कान का स्वागत नहीं कर रहा है लेकिन वह होशियार है और उनसे 10 से 20 मीटर पीछे चल रहा है. उसने उनसे लड़ाई भी की और हमें लगता है कि वह ज़्यादा समय तक झुंड का हिस्सा नहीं रहेगा। हम उसके झुंड से जाने का इंतज़ार कर रहे हैं."

बेहोश होने के बाद ट्रक में कैसे चढ़ाया जाएगा?

काबरा कान को पकड़ने की योजना में सबसे मुश्किल काम उसे बेहोश करने के बाद सुरक्षित जगह तक पहुंचाना है. करीब 3,000 किलो वजनी हाथी को उठाकर ट्रक में चढ़ाना आसान नहीं होगा. एक वन अधिकारी के मुताबिक, हाथी के जंगल से बाहर आने का इंतजार किया जा रहा है. इसके बाद उसे डार्ट के जरिए बेहोश किया जाएगा. योजना के तहत जमीन में एक बड़ा गड्ढा खोदा गया है और आठ टायर वाले ट्रक का पिछला हिस्सा उसमें नीचे किया गया है. हाथी के आधा बेहोश होने के बाद कुमकी हाथियों की मदद से उसे धीरे-धीरे गड्ढे की तरफ ले जाया जाएगा. वहां एक रैंप के जरिए उसे ट्रक पर चढ़ाने की योजना बनाई गई है.

अगला लेख